गुजरात टाइटंस के खिलाफ आईपीएल 2024 के 45वें मुकाबले में आरसीबी के बल्लेबाज विल जैक्स ने गजब की पारी खेली। जैक्स ने इस मैच में अपनी पारी के दौरान 10 छक्के और 5 चौके लगाते हुए सिर्फ 41 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया और नाबाद 100 रन की पारी खेलकर आरसीबी को 9 विकेट से जीत दिला दी। इस लीग में जैक्स का ये पहला शतक था और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। इस मैच में जैक्स का साथ विराट कोहली ने भी भरपूर तरीके से निभाया और नाबाद 70 रन की पारी खेली।
जैक्स ने तोड़ा गेल का 11 साल पुराना रिकॉर्ड
इस मैच में विल जैक्स ने अपना शतक तो 41 गेंदों पर पूरा किया, लेकिन उन्होंने अपना अर्धशतक 31 गेंदों पर पूरा किया था। यानी 31 गेंदों पर 50 रन बनाने के बाद उन्होंने अपने अगले 50 रन सिर्फ 10 गेंदों पर ही पूरे किए। जैक्स को 50 से 100 रन तक पहुंचने में सिर्फ 10 गेंदें लगी और अब वो आईपीएल में 50 के बाद सबसे कम गेंद खेलकर 100 रन तक पहुंचने के मामले में क्रिस गेल के आगे निकल गए। इससे पहले साल 2013 में क्रिस गेल ने 50 से 100 रन तक पहुंचने के लिए 13 गेंदों का सामना किया था, लेकिन अब जैक्स ने उन्हें पीछे छोड़ दिया।
आईपीएल में 50 से 100 रन तक पहुंचने के लिए सबसे कम गेंद खेलने वाले बल्लेबाज
10 गेंदें – विल जैक्स बनाम जीटी (2024)
13 गेंदें – क्रिस गेल बनाम पीडब्लूआई (2013)
क्रिस गेल का 6 साल पुराना रिकॉर्ड भी टूटा
विल जैक्स अब राशिद खान के एक ओवर में आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए। इससे पहले ये रिकॉर्ड भी क्रिेस गेल के नाम पर दर्ज था। गेल ने साल 2018 में राशिद के एक ओवर में 5 गेंदों पर 26 रन बनाए थे, लेकिन जैक्स ने इस मैच में राशिद की 5 गेंदों पर 4 छक्के और एक चौके की मदद से 28 रन बनाए और गेल का 6 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।
आईपीएल में राशिद खान के खिलाफ एक ओवर में सबसे ज्यादा रन
28 रन (5 गेंद) – विल जैक्स (2024)
26(5) – क्रिस गेल (2018)
20(5) – मनन वोहरा (2017)