आईपीएल के अगले सीजन के लिए 19 दिसंबर को मिनी ऑक्शन का आयोजन दुबई में होगा। बीसीसीआई ने इसका पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। कुल 333 खिलाड़ी नीलामी के पटल पर होंगे। बोर्ड ने सभी खिलाड़ियों की सूची भी जारी कर दी है। इन 333 खिलाड़ियों में ऑस्ट्रेलिया के वो प्लेयर भी शामिल हैं जो पिछले सीजन में इस लीग से हट गए थे। पैट कमिंस और मिचेल स्टार्क का नाम इस सूची में शामिल है।
इन ऑस्ट्रेलियाई प्लेयर्स का बेस प्राइज 2 करोड़ रुपए
पैट कमिंस और स्टार्क के अलावा ट्रेविस हेड, स्टीव स्मिथ, जोश इंगलिस और जोश हेजलवुड के नाम भी ऑक्शन वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल है। इन सभी प्लेयर्स का बेस प्राइज 2 करोड़ रुपए है। बता दें कि स्टीव स्मिथ को छोड़कर ऑस्ट्रेलिया के ये सभी प्लेयर्स वर्ल्ड कप 2023 में बेहतरीन फॉर्म में नजर आए थे। इन खिलाड़ियों ने ऑस्ट्रेलिया को वर्ल्ड चैंपियन बनाने में अहम योगदान दिया था।
रचिन का बेस प्राइज 50 लाख रुपए
वहीं वर्ल्ड कप 2023 में अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित करने वाले न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज रचिन रविंद्र भी नीलामी में होंगे। उनका बेस प्राइज 50 लाख रुपए हैं। रचिन रविंद्र ने करियर के पहले ही विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने टूर्नामेंट की 10 पारियों में 64.22 की औसत से 578 रन बनाए थे। रचिन ने वर्ल्ड कप में 3 शतक और 2 फिफ्टी लगाई थी।
23 खिलाड़ियों का बेस प्राइज है 2 करोड़
बता दें कि 19 दिसंबर को जिन 333 खिलाड़ियों की बोली लगेगी उनमें कुल 23 खिलाड़ी ऐसे होंगे जिनका बेस प्राइज 2 करोड़ रुपए होगा। इसमें भारत के शार्दुल ठाकुर भी शामिल हैं। इसके अलावा ऑक्शन सूची में 13 खिलाड़ी ऐसे हैं जिनका बेस प्राइज 1.5 करोड़ रुपये है। 333 खिलाड़ियों में से 214 भारतीय और 119 विदेशी खिलाड़ी हैं। कुल कैप्ड खिलाड़ी 116 हैं। अनकैप्ड खिलाड़ी 215 हैं।
ऑक्शन में 2 करोड़ के बेस प्राइज वाले खिलाड़ी
हैरी ब्रूक, ट्रेविस हेड, राइली रूसो, स्टीव स्मिथ, गेराल्ड कोएत्जी, पैट कमिंस, हर्षल पटेल, शार्दुल ठाकुर, क्रिस वोक्स, जोश इंगलिस, लॉकी फार्ग्युसन, जोश हेजलवुड, रासी वैन डेर दुसेन, जेम्स विंस, आदिल रशीद, मुजीब उर रहमान, उमेश यादव, मिचेल स्टार्क, मुस्तफिजुर रहीम, डेविड विली, बेन डकेट, सीन एबट, जेमी ओवरटन।