इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) में अबतक किसी खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा प्रभावित किया है तो वह लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के तेज गेंदबाज मयंक यादव हैं। 21 साल के तेज गेंदबाज मयंक ने अपनी रफ्तार को कोहराम मचाकर रख दिया है। वह 150 किलोमीटर प्रतिघंटे से ज्यादा की रफ्तार से गेंद करते हैं। लगातार इस गति से गेंद डालने की क्षमता रखते हैं। हालांकि, गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ रविवार (7 अप्रैल) को खेले गए मैच में वह सिर्फ 1 ओवर ही कर पाए। इस ओवर के बाद उन्हें मैदान छोड़कर बाहर जाना पड़ा। इसकी वजह चिंता बढ़ाने वाली रही है।

गुजरात के खिलाफ मैच में केएल राहुल ने मयंक को चौथा ओवर दिया। मयंक के इस ओवर में 13 रन बने। साई सुदर्शन ने उन्हें 2 चौके जड़े। शुभमन गिल ने उन्हें 1 चौका जड़ा। मयंक ने इस ओलर में एक भी गेंद 141 से ज्यादा की रफ्तार से नहीं की। इस ओवर के बाद मयंक फिजियो के साथ मैदान से बाहर चले गए। मयंक को साइड स्ट्रेन स्ट्रेन होने की बात सामने आई।

मयंक यादव की फिटनेस चिंता का कारण

दिल्ली के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले मयंक यादव की फिटनेस चिंता का कारण रही है। वह पिछले साल चोटिल होने की वजह से आईपीएल में नहीं खेल पाए थे। इसके बाद वह चोटिल होने के कारण रणजी ट्रॉफी भी नहीं खेल पाए। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भी उनका चयन चोट के कारण होते-होते रह गया था। आईपीएल 2024 में पंजाब किंग्स (PBKS) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के उनकी गेंदबाजी देखकर यह बात होने लगी थी कि वह टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में चुना जाना चाहिए।

फिर साइड स्ट्रेन से परेशान मंयक

इस बीच मयंक यादव का चोटिल हो गए। उनकी चोट कितनी गंभीर इसे लेकर फिलहाल कोई अपडेट नहीं है। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भी वह साइड स्ट्रेन की वजह से नहीं चुने गए थे। मयंक ने पंजाब के खिलाफ मैच के बाद कहा भी था कि उन्हें फिटनेस सुधारने पर ध्यान देना है। उन्होंने कहा था, ” दो साल में मुझे तीन बड़ी चोटें लगीं। मैं चोट के कारण पिछले साल आईपीएल नहीं खेल पाया था और इस साल रणजी ट्रॉफी भी नहीं खेल सका। मुझे उस पर काम करने की जरूरत है।”