इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) के 15वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स ने बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को अदब से हराया। बेंगलुरु को 28 रन से हार मिली। 182 रन के टारगेट के जवाब में बेंगलुरु की टीम 19.4 ओवर में 158 रन पर ऑल आउट हो गई। आईपीएल 2024 में पहली बार कोई टीम ऑल आउट हुई। बेंगलुरु ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बेंगलुरु की टीम 4 में 3 मैच गंवाकर अंक तालिका में नंबर 9 पर है। मुंबई इंडियंस 3 में से 3 मैच गंवाकर आखिरी पायदान पर है। लखनऊ 3 में से 2 मैच जीतकर चौथे नंबर पर है।

लखनऊ ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 181 रन बनाए। क्विंटन डिकॉक ने 56 गेंद पर 81 रन की पारी खेली। निकोलस पूरन 21 गेंद पर 5 छक्के और 1 चौके की मदद से 40 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके अलावा मार्कस स्टोइनिस ने 24 और केएल राहुल ने 20 रन बनाए। आरसीबी के लिए ग्लेन मैक्सवेल सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 23 रन देकर 2 विकेट लिए। रीस टॉपले, यश दयाल और मोहम्मद सिराज को 1-1 विकेट मिला। बेंगलुरु के लिए महिपाल लोमरोर ने सबसे ज्यादा 13 गेंद पर 33 रन बनाए। इसके अलावा रजत पाटीदार ने 29 और विराट कोहली ने 22 रन किए। लखनऊ के लिए मयंक यादव ने 3 और नवीन उल हक ने 2 विकेट लिए। मार्कस स्टोइनिस और मनिमारन सिद्धार्थ ने 1-1 विकेट लिए।

महिपाल लोमरोर को नहीं मिला साथ

महिपाल लोमरोर ने 13 गेंद पर 33 रन ठोके। उन्होंने 3 चौके और 3 छक्के लगाए, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों से साथ नहीं मिला। दिनेश कार्तिक 4 रन बनाकर आउट हुए। वह मैच फिनिश करने में विफल रहे। उन्हें नवीन उल हक ने पवेलियन भेजा। मयंक डागर रन आउट हुए। मोहम्मद सिराज 12 रन बनाकर आखिरी विकेट के तौर पर आउट हुए। उन्होंने रवि बिश्नोई को 2 छक्के ठोके।

आरसीबी ने 100 रन के अंदर गंवाए 5 विकेट

मयंक यादव ने इसके बाद कैमरन ग्रीन को पवेलियन भेजा। उन्होंने 9 रन बनाए। इसके बाद अनुज रावत के साथ मिलकर रजत पाटीदार ने आरबीसी के स्कोर को आगे बढ़ाया। आरसीबी को 5वां झटका 13वें ओवर में लगा। अनुज रावत को मार्क्स स्टोइनिस ने पवेलियन भेजा। उन्होंने 21 गेंद पर 11 रन बनाए। 13 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर 94 रन पर 5 विकेट था। जीत के लिए 42 गेंद पर 88 रन चाहिए थे। इम्पैक्ट प्लेयर महिपाल लोमरोर बगैर खाता खोले और रजत पाटीदार 26 रन बनाकर क्रीज पर थे।

पावरप्ले में आरसीबी बैकफुट पर

182 रन का टारगेट चेज करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पावरप्ले में 3 बड़े विकेट गंवा दिए। मनिमारन सिद्धार्थ ने विराट कोहली को पवेलियन भेजा। उन्होंने 16 गेंद पर 22 रन बनाए। वह 5वें ओवर में आउट हुए। इसके बाद छठे ओवर में फाफ डुप्लेसिस और ग्लेन मैक्सवेल आउट हुए। डुप्लेसिस 13 गेंद पर 19 रन बनाकर रन आउट हुए। वहीं मैक्सवेल को मयंक यादव ने अपनी रफ्तार से छकाया। वह खाता भी नहीं खोल पाए। यह गेंद 151 किलोमीटर प्रतिघंटे की थी। आरसीबी ने 6 ओवर में 3 विकेट पर 48 रन बनाए। रजत पाटीदार 6 और कैमरन ग्रीन 1 रन बनाकर क्रीज पर थे।

बेंगलुरु के गेंदबाजों ने आखिरी के ओवर्स में वापसी की

बेंगलुरु के गेंदबाजों ने आखिरी के ओवर्स में वापसी की। निकोलस पूरन की 21 गेंद पर 40 रन की पारी के बाद भी आखिरी 5 ओवर में लखनऊ की टीम 7 विकेट होने पर भी 50 रन ही बना पाई। 33 रन तो आखिरी 2 ओवर में बने। डिकॉक के होने पर लग रहा था कि लखनऊ की टीम 200 के स्कोर को पार कर जाएगी पर ऐसा नहीं हुआ। रीस टॉपले ने 17 वें ओवर मे डिकॉक को आउट किया। सिर्फ 2 रन दिए। 18वें ओवर में यश दयाल ने सिर्फ 5 रन दिए। उन्होंने आयुष बडोनी को आउट किया। इसके बाद पूरन ने टॉपले के ओवर में 3 छक्के जड़े। 19वें ओवर में 20 रन बने। सिराज ने आखिरी ओवर में 13 रन दिए।

मैक्सवेल ने फिर अर्धशतकीय साझेदारी तोड़ी

ग्लेन मैक्सवेल ने फिर अर्धशतकीय साझेदारी तोड़ी। उन्होंने मार्क्स स्टोइनिस को पवेलियन भेजा। उन्होंने 15 गेंद पर 24 रन बनाए। क्विंटन डिकॉक ने तूफानी बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने 36 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने स्टोइनिस के साथ 30 गेंद 56 रन की साझेदारी की। 15 ओवर के बाद लखनऊ ने 3 विकेट पर 131 रन बना लिए। क्विंटन डिकॉक 48 गेंद पर 6 चौके और 5 छक्के की मदद से 71 रन बनाकर क्रीज पर। निकोलस पूरन 1 रन बनाकर क्रीज पर।

देवदत्त पडिक्कल आउट

राहुल के आउट होने के बाद भी क्विंटन डिकॉक ने तूफानी बल्लेबाजी जारी रखी। हालांकि; देवदत्त पडिक्कल संघर्ष करते दिखे। देवदत्त पडिक्कल को मोहम्मद सिराज ने शॉर्ट बॉल पर आउट किया। उन्होंने 11 गेंद पर 6 रन बनाए। मार्क्स स्टोइनिस नए बल्लेबाज के तौर पर क्रीज पर आए। लखनऊ का स्कोर 10 ओवर में 2 विकेट पर 84 रन बना लिए। क्विंटन डिकॉक 31 गेंद पर 4 चौके और 3 छक्के की मदद से 46 और मार्क्स स्टोइनिस 3 गेंद पर 2 रन बनाकर क्रीज पर थे।

मैक्सवेल ने तोड़ी राहुल-डिकॉक की साझेदारी

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए मोहम्मद सिराज ने गेंदबाजी की शुरुआत नहीं की। उन्होंने तीसरे ओवर में गेंदबाजी की। क्विंटन डिकॉक और केएल राहुल ने लखनऊ को तूफानी शुरुआत दिलाई। डिकॉक ने टॉपले के पहले ओवर में 3 चौके की मदद से 12 रन बनाए। इसके बाद यश दयाल के ओवर में 7 रन बने। सिराज को डिकॉक ने 2 छक्के ठोके। 3 ओवर में 32 रन बनने के बाद ग्लेन मैक्सवेल गेंदबाजी के लिए आए। उन्होंने पावरप्ले के आखिरी ओवर में राहुल को आउट किया। इसके साथ ही 53 रन की साझेदारी टूटी। राहुल 14 गेंद पर 2 छक्के की मदद से 20 रन बनाकर आउट हुए। क्विटन डिकॉक 19 गेंद पर 32 और देवदत्त पडिक्कल 3 गेंद पर 1 रन बनाकर क्रीज पर थे। पावरप्ले में लखनऊ ने शानदार बल्लेबाजी की। 1 विकेट खोकर 54 रन ठोक दिए।

दोनों टीमों में 1-1 बदलाव

आरसीबी ने इस मैच के लिए प्लेइंग 11 में एक बदलाव किया। रीस टॉपले को अल्जारी जोसेफ की जगह मौका दिया। लखनऊ के कप्तान केएल राहुल की प्लेइंग 11 में वापसी हुई। यानी वह बतौर इम्पैक्ट प्लेयर नहीं खेलेंगे। हालांकि, वह विकेटकीपिंग करेंगे या नहीं यह देखने वाली बात होगी। मोहसिन खान की जगह यश ठाकुर की वापसी हुई।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की प्लेइंग 11: विराट कोहली, फाफ डुप्लेसिस (कप्तान), कैमरन ग्रीन, ग्लेन मैक्सवेल, रजत पाटीदार, दिनेश कार्तिक, अनुज रावत (विकेटकीपर), मयंक डागर, रीस टॉपले, मोहम्मद सिराज, यश दयाल।

लखनऊ सुपर जायंट्स की प्लेइंग 11: क्विंटन डिकॉक, केएल राहुल (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, मार्कस स्टोइनिस, निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, क्रुणाल पंड्या, रवि बिश्नोई, यश ठाकुर, नवीन उल हक, मयंक यादव।

लखनऊ सुपर जाइंट्स के इम्पैक्ट प्लेयर ऑप्शन : मणिमारन सिद्धार्थ, शमर जोसेफ, दीपक हुडा, अमित मिश्रा, कृष्णप्पा गौतम।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के इम्पैक्ट प्लेयर ऑप्शन: सुयश प्रभुदेसाई, महिपाल लोमरोर, कर्ण शर्मा, विजयकुमार विशक, स्वप्निल सिंह।