इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024)में ऋषभ पंत की अगुआई वाली टीम दिल्ली कैपिटल्स (DC) की स्थिति कुछ खास नहीं है। दिल्ली की टीम अंक तालिका में 8वें नंबर पर है। उसे बड़ा झटका लगा है। उसे ऑलराउंडर मिचेल मार्श की सेवाएं आगे भी नहीं मिल पाएंगी। टी20 वर्ल्ड कप 2024 के मद्देनजर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA)चाहता है कि वह घर पर ही रहें और चोट से उबरने के लिए रिहैब पर ध्यान दें।
हैमस्ट्रिंग की चोट से पीड़ित होने से पहले मार्श ने कैपिटल्स के लिए सीजन के पहले चार मैच खेले। वह मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच के बाद 7 अप्रैल को ऑस्ट्रेलिया लौट आए। इसके बाद से उनके शेष सीजन में भागीदारी अनिश्चित थी। एक पखवाड़े बाद मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने सीजन के दूसरे लेग के लिए उनकी अनुपलब्धता की कमोबेश पुष्टि की। हालांकि, मार्श के विश्व कप के लिए फिट होने की उम्मीद है। वह ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी करते दिख सकते हैं।
मार्श को लेकर पोंटिंग क्या बोले
पोंटिंग ने मार्श को लेकर कहा, ” मुझे नहीं लगता कि वह वापस आएंगे। रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के लिए एक निश्चित कट-ऑफ पॉइंट होता है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया उनकी रिकवरी प्रक्रिया शुरू करने के लिए उन्हें घर पर रखना चाहता है। हमने जितनी जल्दी हो सके उन्हें वापस भेज दिया। वे पिछले कुछ सप्ताह से रिहैब का प्रबंधन कर रहे हैं। मैंने उनसे बात की और ऐसा लगता है कि इससे उबरने में जितना उन्होंने पहले सोचा था उससे थोड़ा अधिक समय लग गया। मुझे नहीं लगता कि टी20 विश्व कप कोई मुद्दा होगा।”
पूरे करियर चोट से परेशान रहे हैं मार्श
32 वर्षीय मार्श अपने करियर के दौरान चोट से खूब परेशान रहे हैं। 2022 की मेगा ऑक्शन में दिल्ली ने उन्हें 6.5 करोड़ रुपये में साइन किया था, लेकिन उन्होंने तीन सीजन में फ्रैंचाइजी के लिए कुल 21 मैच खेले हैं। ऑस्ट्रेलिया की एकमात्र पुरुष टी20 विश्व कप जीत के अभिन्न सदस्य मार्श ने दिल्ली फ्रेंचाइजी के लिए 20.95 के औसत और 135.80 के स्ट्राइक-रेट से केवल 440 रन बनाए हैं। इन तीन सालों में उन्होंने 17 विकेट भी लिए हैं।