मेरठ ने भारतीय क्रिकेट को प्रवीण कुमार और भुवनेश्वर कुमार जैसे क्रिकेटर दिए हैं। यहां एक और यवा क्रिकेटर उभर रहा है। नाम है समीर रिजवी। 20 साल के इस क्रिकेटर ने मंगलवार (26 मार्च)को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL)में पहली बार बल्लेबाजी की। पहली ही गेंद पर उन्होंने दिखा दिया कि उन्हें ऑक्शन में 8.40 करोड़ रुपये क्यों मिले थे।
IPL 2024 CSK vs GT Live Score: Watch Here
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ समीर रिजवी 19वें ओवर में बल्लेबाजी करने आए। उन्होंने पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिए। गेंदबाज भी कोई और नहीं राशिद खान थे। रिजवी ने इसी ओवर में एक और छक्का जड़ा। वह 6 गेंद पर 14 रन बनाकर आउट हुए। मोहित शर्मा ने उन्हें आउट किया। शिवम दुबे जब आउट हुए तो हर कोई सोच रहा था कि महेंद्र सिंह धोनी या रविंद्र जडेजा बल्लेबाजी के लिए आएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। समीर रिजवी क्रीज पर आए और उन्होंने इस फैसले को सही साबित किया।
समीर डोमेस्टिक क्रिकेट में भी बड़े-बड़े शॉट्स लगाने के लिए मशहूर
समीर डोमेस्टिक क्रिकेट में भी बड़े-बड़े शॉट्स लगाने के लिए मशहूर हैं। सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में वह 139.89 की स्ट्राइक रेट से 18 छक्कों के साथ शीर्ष 10 छक्के लगाने वालों में से एक थे। 20 वर्षीय खिलाड़ी ने हर 11 गेंदों पर एक छक्का लगाया। यूपी टी20 लीग में उन्होंने 122 का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर और साथ ही 47 गेंदों पर सबसे तेज शतक जड़ा। कम से कम 100 रन बनाने वाले बल्लेबाजों में उनका टूर्नामेंट में सबसे अच्छा स्ट्राइक रेट 188.80 था। वह सबसे ज्यादा छक्का लगाने वाले टॉप-6 बल्लेबाजों में शामिल थे।
चेन्नई के अलावा गुजरात और दिल्ली ने दिखाई दिलचस्पी
समीर ने यूपी टी20 लीग में 455 रन बनाए और 35 छक्के लगाए। मेंस अंडर-23 स्टेट ए ट्रॉफी में उन्होंने 454 रन बनाए और 37 छक्के लगाए, जो टूर्नामेंट में सबसे अधिक है और अपनी टीम को खिताब दिलाया। इस प्रदर्शन के बदौलत दिसंबर 2023 में ऑक्शन के दौरान 20 लाख का बेस प्राइस होने के बाद 8.40 करोड़ में बिके। वह इस सीजन के सबसे महंगे अनकैप्ड प्लेयर थे। चेन्नई के अलावा गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें खरीदने में दिलचस्पी दिखाई थी।