हार्दिक पंड्या के मुंबई इंडियंस (MI)में वापस लौटने के बाद इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) से पहले शुभमन गिल को गुजरात टाइटंस (GT)ने कप्तान बनाया। एक और नाम रेस में था या कहें कि चर्चा में था। वह कोई और नहीं न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन हैं। पिछले साल ही वह टीम के साथ जुड़े थे। पहले ही मैच में चोटिल हो गए थे और पूरे सीजन में नहीं खेल पाए थे। अब आकाश चोपड़ा ने बताया है कि क्यों केन विलियमसन को कप्तान नहीं बनाया गया।

आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर शुभमन गिल के गुजरात टाइटंस के कप्तान बनने पर कहा, ” गुजरात टाइटंस के नए कप्तान शुभमन गिल हैं। 23 साल की उम्र में उनके साथ बहुत सी चीजें घटीं हैं, जो आकर्षक और शानदार हैं। हार्दिक के जाते ही यह लगभग तय हो गया था कि शुभमन कप्तान बनेंगे।”

केन बहुत अच्छे इंसान हैं

आकाश चोपड़ा ने केन विलियमसन के कप्तान न बनने पर कहा, ” इस बात पर विचार चल रहा था कि क्या केन विलियमसन को कप्तान बनाया जाना चाहिए। आपके पास हैदराबाद का उदाहरण पहले से ही है। केन बहुत अच्छे इंसान हैं। अगर वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं तो वह खुद को ही ड्रॉप कर लेते हैं।”

शुभमन गिल बेहतर विकल्प

आकाश चोपड़ा ने कहा, “केन को कप्तान इसलिए नहीं बनाया गया क्योंकि 4 विदेशी खिलाड़ियों में से वह एक कप्तान बनेंगे। आप राशिद खान को रखते ही रखते हो। नूर अहमद को भी आपको खिलाना है। डेविड मिलर को खिलाना जरूरी मानते हो। फिर शुभमन गिल बेहतर विकल्प हैं। मुझे लगता है कि आप भारतीय को कप्तान बनाएं।”