इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीम को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 5 रन से हरा दिया। 172 का टारगेट चेज करते हुए सनराइजर्स की टीम काफी मजबूत स्थिति में थी। 15 ओवर के बाद उसका स्कोर 5 विकेट पर 134 रन था। कप्तान एडेन मार्करम 35 गेंद पर 38 और अब्दुल समद 3 गेंद पर 5 रन बनाकर खेल रहे थे। टीम को 30 गेंद पर 38 रन चाहिए थे। इसके बाद भी उसे हार का सामना करना पड़ा। कोलकाता की जीत के नायक मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती रहे। उन्होंने आखिरी ओवर समेत 5 में से 3 ओवर किए।
वरुण चक्रवर्ती ने आखिरी ओवर में 9 रन डिफेंड किए
वरुण चक्रवर्ती ने आखिरी ओवर में 9 रन डिफेंड किए और इस ओवर को लेकर उन्होंने कहा कि उनकी हार्ट बीट 200 थी। सनराइजर्स के जबड़े से जीत छीनते हुए वरुण ने 30 में से 18 गेंद किए। इनमें से 8 पर कोई रन नहीं बना। उन्होंने 8 रन दिए और अब्दुल समद का विकेट भी लिया। आखिरी ओवर में हैदराबाद को 9 रन चाहिए थे और क्रीज पर अब्दुल समद 16 गेंद पर 20 रन और भुवनेश्वर कुमार 3 गेंद पर 5 रन थे।
भुवी नहीं लगा पाए आखिरी गेंद पर सिक्स
वरुण ने ओवर की तीसरी गेंद पर समद को पवेलियन भेजा। उन्होंने 18 गेंद पर 21 रन बनाए। इसके बाद मयंक मार्कंडे क्रीज पर आए। आखिरी गेंद पर 6 रन चाहिए थे। भुवी ने बल्ला चलाया, लेकिन उसका कोई फायदा नहीं हुआ। ओवर में 3 रन बने और एक विकेट गिरा। वरुण चक्रवर्ती ने 4 ओवर में 20 रन देकर 1 विकेट लिया। कोलकाता के स्पिनर्स के खिलाफ हेनरिक क्लासेन को छोड़कर सनराइजर्स के बल्लेबाजों ने काफी लचर प्रदर्शन किया। क्लासेन ने 14 गेंद पर 102.86 के स्ट्राइक रेट से 14 गेंद पर 27 रन बनाए। वहीं अन्य बल्लेबाजों ने 40 गेंद पर 34 रन बनाए। स्ट्राइक रेट 85 का रहा।
वरुण चक्रवर्ती ने आखिरी ओवर को लेकर क्या कहा?
वरुण चक्रवर्ती शानदार गेंदबाजी के कारण प्लेयर ऑफ द मैच रहे। उन्होंने कहा, ” आखिरी ओवर में मेरी हार्ट बीट 200 थी, लेकिन मैं चाहता था कि वे (सनराइजर्स के बल्लेबाज) मैदान के लंबे हिस्से की ओर शॉट लगाएं। गेंद काफी स्लिप कर रही थी और मेरा सबसे अच्छा दांव लॉन्ग साइड था और यही मेरी एकमात्र उम्मीद थी। मेरे पहले ओवर में 12 रन गए, मार्कराम ने मुझे 2 चौके जड़े और खेल इसी तरह चलता रहा। पिछले साल मैं 85 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर रहा था, मैं कई चीजों को आजमा रहा था और मुझे एहसास हुआ कि मुझे अपने रेवोल्यूशन पर काम करने की जरूरत है और मैंने इस पर काम किया।”