आईपीएल 2023 में बैक-टू-बैक दो बड़े खिलाड़ियों के बाहर होने के बाद आखिर कोलकाता नाइट राइडर्स ने इंग्लैंड के धाकड़ बल्लेबाज जेसन रॉय को अपनी टीम में शामिल कर लिया है। केकेआर ने जेसन रॉय को 2.8 करोड़ रुपए में खरीदा है। उनका बेस प्राइज 1.5 करोड़ रुपए था। दाएं हाथ का यह बल्लेबाज जल्द ही केकेआर कैंप से जुड़ जाएगा।

बता दें कि जेसन रॉय दिसंबर 2022 में हुई मिनी ऑक्शन में अनसोल्ड रहे थे। किसी भी फ्रेंचाइजी ने उनपर भरोसा नहीं जताया था। इससे पहले 2022 सीजन के लिए हुई नीलामी में गुजरात टाइटंस ने उन्हें 2 करोड़ रुपए में खरीदा था, लेकिन बायो-बबल की वजह से उन्होंने खेलने से मना कर दिया था। अब पूरे 2 साल के बाद जेसन रॉय आईपीएल में खेलते दिखेंगे।

जेसन रॉय 2017 में पहली बार आईपीएल में शामिल हुए थे। उन्हें गुजरात लॉयंस ने अपनी टीम में शामिल किया था। 2017 के सीजन में जेसन रॉय ने सिर्फ 3 मैच खेले थे, जिसमें उन्होंने 59 रन बनाए थे। इसके बाद 2018 का सीजन जेसन रॉय ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेला था।

आईपीएल 2021 का सीजन जेसन रॉय ने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेला था। जेसन रॉय ने आईपीएल के कुल 13 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 29.90 की औसत से 329 रन बनाए हैं। आईपीएल में जेसन रॉय के नाम 2 हाफ सेंचुरी भी दर्ज हैं और 91 उनका सर्वोच्च स्कोर है।

जेसन रॉय को कोलकाता नाइट राइडर्स में श्रेयस अय्यर और शाकिब अल हसन के बाहर होने के बाद शामिल किया गया है। इंग्लैंड का यह खिलाड़ी बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी भी करना जानता है। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में जेसन रॉय के नाम 14 विकेट भी दर्ज हैं।

इंग्लैंड के लिए 64 टी20 में बनाए हैं 1522 रन

बुधवार को केकेआर की ओर से जारी बयान में कहा गया है, ‘कोलकाता नाइट राइडर्स ने टाटा आईपीएल 2023 के लिए इंग्लैंड के जेसन रॉय से 2.8 करोड़ रुपए में करार किया है जिनका ‘बेस प्राइस’ 1.5 करोड़ रुपए है।’ जेसन रॉय आईपीएल में अंतिम बार 2021 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेले थे। जेसन रॉय ने 2021 में 5 मैच खेले थे, जिसमें उन्होंने एक अर्धशतक सहित 150 रन बनाए थे। इंग्लैंड के लिए यह 32 साल का खिलाड़ी 64 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 1,522 रन बना चुका है। इसमें 8 अर्धशतक शामिल हैं।