इंडियन प्रीमियर लीग 2022 (IPL 2022) अब समाप्ती की ओर बढ़ रहा है। प्लेऑफ के मुकाबले मंगलवार से खेले जाएंगे। कुछ अनकैप्ड खिलाड़ियों ने लीग में शानदार प्रदर्शन किया, तो कुछ अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन खराब रहा। शानदार प्रदर्शन करने वाले अनकैप्ड खिलाड़ियों में उमरान मलिक के अलावा तिलक वर्मा, अर्शदीप सिंह, अभिषेक शर्मा, राहुल त्रिपाठी और मोहसिन खान शामिल थे। हालांकि, कुछ अनकैप्ड खिलाड़ी ऐसे भी हैं, जो बेंच पर ही बैठे रह गए और उन्हें अपना कौशल दिखाने का मौका नहीं मिला। आइए नजर डालते हैं ऐसे ही 3 अनकैप्ड खिलाड़ियों पर, जिन्हें आईपीएल 2022 के लीग चरण में मौका मिलना चाहिए था।
राजवर्धन हैंगरगेकर- अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य राजवर्धन हैंगरगेकर को चेन्नई सुपरकिंग्स ने खरीदा था। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन को देखते हुए ऐसा लगा था कि उन्हें लीग के शुरुआती स्टेज में ही खेलने का मौका मिलेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। चेन्नई के आखिरी मैच में टॉस के दौरान टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने उन्हें खिलाने का कारण बताया था।
धोनी ने कहा था, ” वह ऐसे व्यक्ति हैं, जो गुड लेंथ से गेंदबाजी करता है और अच्छी गति से गेंदबाजी करते हैं, उन्हें थोड़ी उछाल मिलती है, लेकिन उन्हें अन्य क्षेत्रों में भी सुधार करने के लिए समय देना जरूरी है। आप खिलाड़ियों को ग्रूम करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें इसके लिए पर्याप्त अवसर भी देना चाहते हैं। उन्हें लेकर हम वास्तव में उत्साहित हैं। वह मजबूत हैं, लेकिन कुछ ऐसे क्षेत्र हैं जिनमें हम उन्हें सुधारना चाहते हैं।”
यश ढुल- यश ढुल की कप्तानी में अंडर-19 वर्ल्ड कप टीम विजेता बनी थी। रणजी ट्राफी में भी उनका प्रदर्शन शानदार था। दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने उन्हें खरीदा था, लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला। पृथ्वी शॉ की तबियत खराब होने के बाद टीम ओपनर के लिए जूझी। केएस भरत, सरफराज खान और मनदीप सिंह को मौका मिला। ढुल अपनी बारी का इंतजार करते रह गए। यश ने रणजी ट्रॉफी के केवल 3 मैचों में 2 शतक और एक दोहरा शतक लगाया।
अर्जुन तेंदुलकर- अर्जुन तेंदुलकर पहली बार 2021 में मुंबई इंडियंस में शामिल हुए थे और फ्रेंचाइजी ने उन्हें 30 लाख रुपये में फिर से साइन किया था। टीम का उन्हें फिर से साइन करने के बाद ऐसा लग रहा था कि वह आईपीएल में पदार्पण के लिए तैयार हैं। मुंबई ने इस सीजन में कई अनकैप्ड खिलाड़ियों डेब्यू करने का मौका दिया। पांच बार के आईपीएल चैंपियंस ने उन्हें मौका नहीं दिया। उन्हें दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आखिरी मैच में भी प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया।