इंडियन प्रीमियर लीग 2022 (IPL 2022) में ऋषभ पंत की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने मुंबई इंडियंस (MI) को हराकर शानदार आगाज किया। पर अब टीम की परेशानी बढ़ गई है। तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्ट्जे के बाद एक और विदेशी खिलाड़ी चोटिल हो गया है। ऑलराउंडर मिशेल मार्श चोटिल हो गए हैं और वह आईपीएल से बाहर हो सकते हैं।
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम पाकिस्तान दौरे पर है और लिमिटेड ओवर सीरीज से पहले मार्श ट्रेनिंग सेशन के दौरान चोटिल हो गए। कंगारू कप्तान आरोन फिंच ने कहा कि है कि वह सीरीज से बाहर हो सकते हैं। ऐसे में दिल्ली की परेशानी बढ़ गई है। टीम के पास अब केवल सात विदेशी खिलाड़ी ही बचे हैं।
दिल्ली कैपिटल्स को अपने ऑक्शन स्ट्रेटजी पर विचार करना होगा- आकाश चोपड़ा- मिशेल मार्श की चोट पर पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने कहा, ” पहले एनरिक नॉर्ट्जे और मिशेल मार्श। चोटिल खिलाड़ियों की सूची बड़ी होती जा रही है। केवल सात विदेशी खिलाड़ी ही बचे हैं। दिल्ली कैपिटल्स को अपने ऑक्शन स्ट्रेटजी पर विचार करना होगा। जी कल उन्हें जीत मिली, लेकिन टूर्नामेंट काफी लंबा है।”
चोट से परेशान मार्श- मिशेल मार्श पहली बार चोटिल नहीं हुए हैं। पूरे करियर में वह चोट से परेशान रहे हैं। साल 2020 में वह सनराइजर्स हैदराबाद की टीम में थे और चोटिल होकर बाहर हो गए थे। अब उन्होंने दिल्ली की परेशानी बढ़ा दी है। अगर वह टूर्नामेंट से बाहर हो जाते हैं, तो दिल्ली पर काफी असर पड़ेगा। टीम मुंबई के खिलाफ केवल दो विदेशी खिलाड़ियों को मैदान पर उतार सकी थी। मार्श, डेविड वार्नर के साथ 6 अप्रैल के बाद टीम से जुड़ने वाले थे।
एनरिक नॉर्ट्जे की फिटनेस चिंता का विषय- तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी और मुस्ताफिजुर रहमान हाल ही में दक्षिण अफ्रीका-बांग्लादेश वनडे सीरीज का हिस्सा थे और क्वारंटाइन में होने के कारण वे पहला मैच नहीं खेल पाए। उम्मीद है कि दोनों 2 अप्रैल को अगले मैच में उपलब्ध होंगे। कैपिटल्स के लिए सबसे बड़ी चिंता एनरिक नॉर्ट्जे की फिटनेस है। वह आईपीएल शुरू होने से पहले टीम से जुड़ गए हैं। फिलहाल वह रिहैब से गुजर रहे हैं और अभी कुछ और मैच में वे बाहर रह सकते हैं।