इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के 55वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 91 रन के बड़े अंतर से हराया। इस जीत के बाद उसका नेट रनरेट +0.028 हो गया। साथ ही उसके प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाएं भी बनी रहीं। आईपीएल 2022 की अंक तालिका में लखनऊ सुपर जायंट्स, गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स क्रमशः पहले, दूसरे और तीसरे नंबर पर हैं। उनके क्रमशः 16, 16 और 14 अंक हैं। इन तीनों का नेट रनरेट पॉजिटिव (+0.703, +0.120, +0.326) में है।

इसके अलावा पांचवें नंबर पर मौजूद दिल्ली कैपिटल्स (+0.150) और चेन्नई सुपर किंग्स (+0.028) का नेट रनरेट ही + में है। ऐसे में चेन्नई यदि अपने तीनों मुकाबले जीतती और दूसरी टीमें खराब प्रदर्शन करती हैं तो उसके प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना बन सकती है। हालांकि, तब इसे चमत्कार ही कहा जाएगा। आइए जानते हैं कि प्लेऑफ में कौन-कौन सी टीमें पहुंच सकती हैं।

आईपीएल 2022 के लीग चरण में खेलने के लिए 15 मैच बाकी हैं। मुंबई इंडियंस के 4 और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के 2 मैच बाकी हैं। अन्य सभी टीमों को अभी 3-3 मैच खेलने हैं। मुंबई इंडियंस निश्चित रूप से प्लेऑफ की दौड़ से बाहर है। चेन्नई सुपर किंग्स ने रविवार यानी 8 मई को दिल्ली कैपिटल्स को हराया। अब यदि वह अपने तीनों शेष मैच जीतता है तो उसके पास अब भी संयुक्त चौथे या संयुक्त तीसरे स्थान पर रहने का मौका है।

हालांकि, उसके तीसरे स्थान पर रहने की संभावना एक फीसदी से भी कम है। वहीं, रविवार को हुए मुकाबलों के नतीजे सामने आने के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की शीर्ष चार में जगह बनाने की संभावना थोड़ी कम हो गई, लेकिन चेन्नई से ज्यादा है।

पंजाब किंग्स के पास संयुक्त रूप से चौथे, तीसरे या दूसरे स्थान पर पहुंचने का अभी काफी मौका है, लेकिन उसका आईपीएल 2022 की अंक तालिका के शीर्ष पर पहुंचना मुश्किल है। रविवार की हार के बाद सनराइजर्स हैदराबाद के शीर्ष-4 में पहुंचने की संभावना कम हो गई है।

चेन्नई सुपर किंग्स से हारने दिल्ली कैपिटल्स के बाद उसकी भी प्लेऑफ में संभावना कम हो गई है। रविवार के नतीजों ने राजस्थान रॉयल्स के शीर्ष-4 में बने रहने की संभावनाओं में और सुधार किया है। वहीं, गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स भी यदि अपने सभी मैच हार जाते हैं तब भी दोनों का शीर्ष-4 में रहना तय है।

संक्षेप में, कहें तो लखनऊ सुपर जायंट्स, गुजरात टाइटंस, राजस्थान रॉयल्स के अलावा रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, पंजाब किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद प्लेऑफ में जगह बना सकते हैं। आईपीएल 2022 की पूरी अंक तालिका देखने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं।