आईपीएल 2022 (IPL 2022) की नीलामी के दिन जैसे-जैसे पास आ रहे हैं नई-नई अटकलें प्रतिदिन लगने लगी हैं। इसी बीच सबसे ज्यादा चर्चा है तीन टीमों की कप्तानी को लेकर। श्रेयस अय्यर, क्विंटन डीकॉक और स्टीव स्मिथ समेत कई खिलाड़ियों के नाम को लेकर चर्चा होने लगी हैं। आपको बता दें कि एशेज में भी स्मिथ को उपकप्तान बनाया गया था। पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में उन्होंने एक मैच में कप्तानी भी की थी।
एशेज के बाद स्टीव स्मिथ आईपीएल 2022 में एक बार फिर से कप्तानी करते नजर आ सकते हैं। इससे पहले उन्हें राजस्थान रॉयल्स और राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स की कप्तानी करते देखा जा चुका है। आईपीएल 2014, 15, 19 और 20 में उन्होंने राजस्थान की कप्तानी की थी। 13वें सीजन में खराब परफॉर्मेंस के बाद उनसे कप्तानी तो छिनी साथ ही फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिटेन भी नहीं किया। इसके बाद वह दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़ गए थे।
आपको बता दें कि आईपीएल 2022 में 10 टीमें हिस्सा लेंगी। नई फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जाइंट्स व अहमदाबाद समेत 7 टीमों के कप्तान तय हैं। वहीं तीन फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB), पंजाब किंग्स (PBKS) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को अपने कप्तानों की तलाश है। जिसके लिए कई खिलाड़ियों के नाम भी सामने आ रहे हैं।
ऐसा इसलिए क्योंकि आरसीबी के कप्तान विराट कोहली ने कप्तानी से इस्तीफा दिया था। वहीं केकेआर ने इयोन मॉर्गन को और पंजाब किंग्स ने केएल राहुल को रिटेन नहीं किया था। राहुल अब नई फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जाइंट्स के कप्तान बन गए हैं। वहीं अहमदाबाद ने हार्दिक पंड्या को अपना कप्तान बनाया है।
अब बात करें आरसीबी, केकेआर और पंजाब किंग्स की तो कई खिलाड़ियों के नाम पर अटकलें लगाई जा रही हैं। युवा चेहरों में श्रेयस अय्यर सबसे चर्चित नाम हैं जिन्हें कप्तानी का दावेदार माना जा रहा है। इसके अलावा पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने आरसीबी की कप्तानी के लिए विदेशी कप्तान के तौर पर क्विंटन डीकॉक का नाम सुझाया था।
अगर इस सूची में एक नाम और जोड़ें तो वह है स्टीव स्मिथ का। स्मिथ काफी अनुभवी बल्लेबाज और कप्तान हैं। उनकी कप्तानी में 2017 सत्र में राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स की टीम फाइनल में पहुंची थी। हालांकि मुंबई इंडियंस ने खिताबी मुकाबले में उन्हें मात दी थी। साथ ही स्मिथ इससे पहले एशेज 2021-22 में भी ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए एक मैच में कप्तानी कर चुके हैं।
अब ये देखने वाली बात होगी कि 12 और 13 फरवरी को आईपीएल फ्रेंचाइजी किस पर दांव लगाती हैं। उसके बाद बची हुई तीनों टीमें किसे अपना कप्तान बनाती हैं इस पर भी सभी की नजरें होंगी।