इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 शुरू होने से पहले ही कई टीमों को झटके लगे हैं। सभी फ्रैंचाइजीस का कोई न कोई खिलाड़ी पूरे टूर्नामेंट या फिर कुछ मुकाबलों के लिए अनुपलब्ध हो गया है। चेन्नई सुपर किंग्स को जहां अपने पहले मैच में स्टार ऑलराउंडर मोईन अली की सेवाएं नहीं मिलेंगी। वहीं, 7.5 करोड़ रुपए में बिके मार्क वुड पूरे सीजन के लिए बाहर हो गए हैं। लखनऊ सुपरजायंट्स ने उनकी जगह ऑस्ट्रेलियाई के एंड्रयू टॉय को रिप्लेस किया है।
अब काव्या मारन के सह मालिकाना हक वाली सनराइजर्स हैदराबाद और ऋषभ पंत की अगुआई वाली दिल्ली कैपिटल्स को भी झटका लगा है। सनराइजर्स हैदराबाद आईपीएल 2022 में अपने अभियान की शुरुआत 29 मार्च को पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होने वाले मैच से करेगी।
ईएसपीएनक्रिकइंफो (Espncricinfo) की रिपोर्ट के मुताबिक, सनराइजर्स हैदराबाद को अपने पहले मुकाबले में मार्को यॉनसन और एडेन मार्कराम की सेवाएं नहीं मिलेंगी। सनराइजर्स हैदराबाद ने मार्को यॉनसन और एडेन मार्कराम को क्रमशः 4.20 करोड़ और 2.60 करोड़ रुपए में खरीदा था।
उधर, ऋषभ पंत को भी टूर्नामेंट के शुरुआत में डेविड वार्नर, एनरिक नॉर्टजे, लुंगी एनगिडी, मुस्तफिजुर रहमान और मिशेल मार्श की सेवाएं नहीं मिलेंगी। दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल 2022 में अपने अभियान की शुरुआत 27 मार्च को ब्रेबोर्न स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच से करेगी।
रिपोर्ट के मुताबिक, डेविड वार्नर और एनरिक नॉर्टजे दिल्ली कैपिटल्स के पहले दो मुकाबलों के लिए अनुपलब्ध हैं। लुंगी एनगिडी और मुस्तफिजुर रहमान 27 मार्च को होने वाले मैच में नहीं खेल पाएंगे। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स के शुरुआती 3 मैचों के लिए मिशेल मार्श भी अनुपलब्ध हो गए हैं।
दिल्ली कैपिटल्स ने एनरिक नॉर्टजे को आईपीएल 2022 मेगा ऑक्शन से पहले 6 करोड़ रुपए में रिटेन किया था। इसके अलावा उसने मेगा ऑक्शन में डेविड वार्नर को 6,25,00,000 रुपए, मिशेल मार्श को 6,50,00,000 रुपए, मुस्तफिजुर रहमान को 2,00,00,000 रुपए और लुंगी एनगिडी को 50,00,000 रुपए में खरीदा था।