Mahendra Singh Dhoni SuperMan Catch Watch Video: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के 11वें मैच में 40 साल के महेंद्र सिंह धोनी का सुपरमैन अवतार देखने को मिला। मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेले गए इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रविंद्र जडेजा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी पंजाब किंग्स को मैच की दूसरी गेंद पर ही पहला झटका लगा।
कप्तान मयंक अग्रवाल मुकेश चौधरी की गेंद पर रॉबिन उथ्पपा को कवर पॉइंट पर कैच थमा बैठे। उनकी जगह भानुका राजपक्षे आए। राजपक्षे ने दूसरे ओवर में क्रिस जॉर्डन की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया। हालांकि, हां-नां, हां-नां के चक्कर में वह दूसरी गेंद पर रन आउट हो गए। उन्हें महेंद्र सिंह धोनी ने रन आउट किया।
भानुका गेंद को जॉर्डन के बाईं ओर खेलकर रन लेने के लिए दौड़े। इस बीच, जॉर्डन ने गेंद फील्ड कर स्ट्राइक एंड पर थ्रो कर दिया। भानुका स्ट्राइक एंड की ओर पलटे। गेंद भी विकेट पर नहीं लगी, लेकिन धोनी आगे की तरफ भागते हुए आ रहे थे। उन्होंने गेंद को पकड़ा और डाइव लगाते हुए गेंद को विकेट पर मार दिया। धोनी का भानुका को रनआउट करने का वीडियो आप नीचे दिए गए ट्विटर लिंक पर क्लिक करके देख सकते हैं।
इससे पहले महेंद्र सिंह धोनी ने ब्रेबोर्न स्टेडियम के मैदान पर उतरते ही एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह 350 टी20 मैच खेलने वाले दूसरे भारतीय बने। सबसे ज्यादा टी20 मैच खेलने के मामले में उनसे आगे सिर्फ रोहित शर्मा हैं। रोहित शर्मा ने अब तक 372 टी20 मैच खेले हैं।
महेंद्र सिंह धोनी धोनी के इन 350 टी20 मुकाबलों में 98 अंतरराष्ट्रीय मैच भी शामिल हैं। धोनी का आईपीएल में यह 223वां मैच है। इसके अलावा वह चैंपियंस लीग और झारखंड की ओर से भी टी20 मैच में हिस्सा ले चुके हैं। धोनी ने अपनी अगुआई में चेन्नई सुपर किंग्स को 4 बार आईपीएल चैंपियन बनाया। हालांकि, आईपीएल 2022 से ठीक पहले उन्होंने टीम की कमान संभालने की जिम्मेदारी रविंद्र जडेजा को सौंपी।