महेंद्र सिंह धोनी की चेन्नई सुपरकिंग्स ने शुक्रवार यानी 16 अप्रैल की रात इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 में अपनी पहली जीत दर्ज की। उसने पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हराया। उसने यह मैच महज 15.4 ओवर में यानी 26 गेंदें शेष रहते जीत लिया। इससे उसका नेट रनरेट काफी बेहतर हो गया और वह अंक तालिका में दूसरे नंबर पर पहुंच गई।

पंजाब किंग्स के खिलाफ एमएस धोनी को बल्‍लेबाजी का मौका नहीं मिला। इसके बावजूद इस मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स और उन्होंने रिकॉर्ड बनाए। चेन्नई सुपरकिंग्स ने पंजाब किंग्स की पारी के 20 ओवर 90 मिनट से पहले यानी 88 मिनट में ही खत्म कर दिए। इसके साथ ही चेन्नई सुपरकिंग्स आईपीएल 2021 में 90 मिनट के भीतर 20 ओवर पूरे करने वाली पहली टीम बन गई। वहीं, महेंद्र सिंह धोनी पहले कप्तान बन गए, जिनकी अगुआई में आईपीएल 2021 में उनकी टीम ने 90 मिनट के भीतर 20 ओवर पूरे किए हैं।

धोनी के लिए 90 मिनट से पहले 20 ओवर पूरे कराना इसलिए भी एक उपलब्धि है, क्योंकि अपने पहले मैच (दिल्ली कैपिटल्स) चेन्नई सुपरकिंग्स ने 20 ओवर पूरे करने में काफी समय लिया था। इस कारण धोनी पर 12 लाख रुपए का जुर्माना भी लगा था। तब आईपीएल की ओर से जारी बयान में कहा गया था, ‘चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पर जुर्माना लगाया गया है, क्योंकि उनकी टीम ने 10 अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आईपीएल 2021 मुकाबले में धीमी ओवर गति से गेंदबाजी की थी। आईपीएल आचार संहिता के तहत न्यूनतम ओवर गति अपराध से संबंधित यह टीम का सीजन का पहला अपराध है, इसलिए धोनी पर 12 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया है।’

एमएस धोनी अगर ऐसी गलती दोहराते तो उन पर प्रतिबंध लगने का खतरा हो सकता था। आईपीएल की आचार संहिता के मुताबिक, पहली बार नियम का उल्‍लंघन करने पर 12 लाख रुपए का जुर्माना है। ऐसी ही गलती अगले दो मैचों में फिर होती है, तब कप्‍तान को कड़ी सजा का सामना करना पड़ सकता है। इसमें प्रतिबंध भी शामिल है।

बीसीसीआई ने नियम बनाया है कि अब हर टीम को 90 मिनट में अपने 20 ओवर पूरे करने होंगे। इससे पहले यह नियम था कि 20वां ओवर 90 मिनट में शुरू किया जाए, लेकिन अब हर हाल में डेढ़ घंटे के भीतर 20 ओवर खत्म करने होंगे। 90 मिनट में टीमों को मिलने वाले 2.5-2.5 मिनट के स्ट्रैटजिक टाइम आउट भी शामिल होंगे। इसका मतलब है कि दोनों टीमों को 85 मिनट में ही 20 ओवर पूरे करने होंगे। इस हिसाब से एक घंटे में हर टीम को 14.11 ओवर फेंकने होंगे।