PBKS vs RR IPL 2021: इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) 2021 के 32वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को 2 रन से हरा दिया। पंजाब किंग्स को आखिरी ओवर में जीत के लिए 4 रन बनाने थे, लेकिन वह एक रन ही बना पाई और दो विकेट भी गंवा दिए। राजस्थान रॉयल्स की ओर से आखिरी ओवर कार्तिक त्यागी ने फेंका।

21 सितंबर को दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पंजाब किंग्स के कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 185 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की टीम 20 ओवर में 4 विकेट पर 183 रन ही बना पाई।

कार्तिक त्यागी मैच के हीरो रहे। आखिरी ओवर में पंजाब किंग्स को जब 4 रन चाहिए थे, तब उसकी जीत तय लग रही थी। हालांकि, कार्तिक त्यागी ने लगातार जड़ में गेंदबाजी करते हुए सिर्फ एक रन दिया और दो सफलताए अर्जित कीं। पंजाब की टीम में निराशा और राजस्थान का खेमा खुश, इसीलिए कहते हैं कि क्रिकेट में कुछ भी हो सकता है।

इस जीत से राजस्थान रॉयल्स ने पॉइंट्स टेबल में भी बढ़त हासिल की। अब वह 8 मैच में 8 अंकों के साथ पांचवें नंबर पर पहुंच गई है। यदि वह बेहतर अंतर से जीत हासिल करती तो शायद टॉप-4 में भी पहुंच सकती थी।

इससे पहले राजस्थान की ओर से यशस्वी जायसवाल ने 6 चौके और 2 छक्के की मदद से 36 गेंद में 49 रन बनाए। महिपाल लोमरोर ने भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। उन्होंने 4 छक्के और 2 चौके की मदद से 17 गेंद में 43 रन ठोके। इविन लुईस 7 चौके और एक छक्के की मदद से 21 गेंद में 36 रन बनाकर आउट हुए।

पंजाब किंग्स की ओर से अर्शदीप सिंह ने 32 रन देकर 5 विकेट झटके। मोहम्मद शमी भी 3 विकेट लेने में सफल रहे। उन्होंने 4 ओवर में 21 रन दिए। इशान पोरेल और हरप्रीत बरार भी एक-एक विकेट लेने में सफल रहे। राजस्थान रॉयल्स ने अपने आखिरी 6 विकेट महज 22 गेंद में खो दिए और उसके बल्लेबाज सिर्फ 19 रन ही बना पाए।

अर्शदीप सिंह के संघर्ष की कहानी; IPL के लिए कबाड़ी की दुकान से टायर लेकर की थी प्रैक्टिस, अब हैं किंग्स इलेवन पंजाब के ‘संकटमोचक’

IPL: प्रीति जिंटा के गेंदबाज ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी, शमी ने भी पंजाब किंग्स के लिए जड़ा ‘पचासा’

IPL 2021 PBKS vs RR Live Streaming: पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मैच की लाइव स्ट्रीमिंग ऐसे देखें

Match Ended

Indian Premier League, 2021

Punjab Kings 
183/4 (20.0)

vs

Rajasthan Royals  
185 (20.0)

Match Ended ( Day – Match 32 )
Rajasthan Royals beat Punjab Kings by 2 runs

Live Updates
23:57 (IST) 21 Sep 2021
यह हार पचा पाना मुश्किल

मैच गंवाने के बाद केएल राहुल ने कहा, यह हार पचा पाना मुश्किल, हमें यह देखने की जरूरत है कि हम दबाव को बेहतर तरीके से कैसे संभाल सकते हैं। यह खेल में अपना सर्वश्रेष्ठ देने के बाद हुआ है। इसे निगलना मुश्किल है कि आपने अपनी पिछली गलतियों से नहीं सीखा है। हमने पहले छह ओवरों में अच्छी लेंथ पर गेंदबाजी की। दुर्भाग्य से हम बाद में मौकों का फायदा नहीं उठा पाए। हालां​कि, अच्छा हुआ कि हमने बल्ले से वापसी करने की कोशिश की।

23:07 (IST) 21 Sep 2021
लियमा लिविंगस्टोन ने लपका मयंक अग्रवाल का कैच

राहुल तेवतिया ने राजस्थान रॉयल्स को दूसरी सफलता दिलाई। उन्होंने 13वें ओवर की आखिरी गेंद पर मयंक अग्रवाल को लियाम लिविंगस्टोन के हाथों कैच कराया। मयंक 7 चौके और 2 छक्के की मदद से 42 गेंद में 67 रन बनाकर आउट हुए। बेहतरीन पारी खेल रहे मयंक ने बड़ा प्रहार करने का फैसला किया, ऑफ स्टंप की गेंद को एक्स्ट्रा कवर पर छह रनों के लिए भेजना चाहते थे, लेंथ गेंद के नीचे नहीं आ पाए, शॉट खेलते समय बल्ले हाथ में मुड़ गया और गेंद स्वीपर कवर के निकट खड़े लियम के पास गई। उन्होंने आगे आकर एक आसान कैच पूरा किया, पंजाब का दूसरा सेट बल्लेबाज पवेलियन लौटा।

22:57 (IST) 21 Sep 2021
पंजाब किंग्स को लगा पहला झटका

यशस्वी जायसवाल की तरह केएल राहुल भी अपने अर्धशतक से चूक गए। केएल राहुल 12वें ओवर की पांचवीं गेंद पर कार्तिक त्यागी के हाथों लपके गए। चेतन साकरिया की यह तेज गति की लेंथ गेंद थी। राहुल ने ऑफ स्टंप से बाहर आकर अपना बल्ला चलाया। हालांकि, गेंद तेजी से शॉर्ट थर्ड मैन पर खड़े कार्तिक त्यागी के पास चली गई। पहले मौके पर गेंद हाथ से छटक गए थी, दूसरे मौके पर उसे लपका और पंजाब को दिया पहला झटका।

22:13 (IST) 21 Sep 2021
केएल राहुल ने बनाया रिकॉर्ड

पंजाब किंग्स के कप्तान केएल राहुल ने चेतन साकरिया की गेंद पर छक्का लगाकर आईपीएल में अपने 3000 रन पूरे किए। उन्होंने 89 मैच की 80वीं पारी में यह उपलब्धि अपने नाम की। राहुल आईपीएल में सबसे कम पारियों में 3000 रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। इस उपलब्धि तक सबसे जल्दी पहुंचने का रिकॉर्ड उनकी ही टीम के क्रिस गेल के नाम है। क्रिस गेल ने 3000 आईपीएल रन बनाने में 75 पारियां खेली थीं। राहुल ने हालांकि, डेविड वार्नर और सुरेश रैना को पीछे छोड़ा। वार्नर ने 94वीं और रैना ने 103वीं पारी में अपने 3000 आईपीएल रन पूरे किए थे।

21:48 (IST) 21 Sep 2021
पंजाब किंग्स का खुला खाता

पंजाब किंग्स की ओर से केएल राहुल और मयंक अग्रवाल ने पारी की शुरुआत की। राजस्थान रॉयल्स के लिए मुस्तफिजुर रहमान पहला ओवर लेकर आए। राहुल ने उनकी दूसरी गेंद पर एक रन लेकर अपना और टीम का खाता खोला।

21:12 (IST) 21 Sep 2021
बढ़िया पारी का हुआ अंत

महिपाल लोमरोर 17 गेंद में 43 रन ठोक पवेलियन लौटे। उन्हें अर्शदीप ने अपना शिकार बनाया। अर्शदीप का मैच में यह तीसरा विकेट है। महिपाल लोमरोर अर्शदीप की तेज गति की गेंद को सीमा रेखा के बाहर सैर करवाना चाहते थे। लोमरोर गति से बीट हुए और बल्ले और गेंद का सही संपर्क हुआ नहीं। ऑफ और मिडिल स्टंप की फुल गेंद को दे मारा लांग ऑन पर खड़े एडेन मार्कराम के पास। एक बढ़िया पारी का हुआ अंत, पंजाब वापसी की राह पर।

20:59 (IST) 21 Sep 2021
रोके नहीं रुक रहे महिपाल लोमरोर

महिपाल लोमरोर तो रुकने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। लेंथ चाहे आगे हो या पीछे। ऑफ स्टंप के बाहर से कट लगाया और डीप प्वाइंट की दिशा में चौका पाया। पंजाब किंग्स लियाम लिविंगस्टन की तैयारी करके आए थे और लोमरोर आउट ऑफ सिलैबस आ गए।

20:53 (IST) 21 Sep 2021
हरप्रीत बरार ने झटका यशस्वी जायसवाल का विकेट

हरप्रीत बरार ने 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर यशस्वी जायसवाल का विकेट झटक लिया। यशस्वी 2 रन से अपने अर्धशतक से चूक गए। उनकी जगह रियान पराग क्रीज पर आए। हरप्रीत ने धीमी गेंद फेंकी। यशस्वी ऑफ स्टंप से उसे लेग साइड पर फ्लिक करना चाहते थे, एक रन के लिए, बाहरी किनारा लेकर गेंद हवा में उठी, मिडऑफ के पास जा रही थी, एक्स्ट्रा कवर से अपनी बायीं ओर डाइव लगाकर मयंक ने लपका शानदार कैच, राजस्थान को दिया एक और झटका।

20:48 (IST) 21 Sep 2021
फैबियन एलन ने लपका शानदार कैच

अर्शदीप सिंह ने 12वें ओवर की पांचवीं गेंद पर एक और सफलता हासिल की। उन्होंने लियाम लिविंगस्टोन को पवेलियन भेजा। उनकी यह गेंद धीमी लेंथ बॉल थी। लिविंगस्टोन ने मिडिल स्टंप से लपेटा, छक्का लगाना चाहते थे, बल्ले और गेंद का बढ़िया संपर्क भी हुआ, गेंद बाउंड्री पार जा भी रही थी लेकिन फैबियन एलन ने डीप मिडविकेट पर अपने दाईं और डाइव लगाकर गेंद को लपक लिया और राजस्थान को बड़ा झटका दिया। थर्ड अंपायर ने कैच की जांच की और पाया कि यह क्लीन कैच था।

20:30 (IST) 21 Sep 2021
यशस्वी ने खराब गेंद को दिखाई सही राह

यशस्वी जायसवाल ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने 9वें ओवर की तीसरी गेंद पर शानदार छक्का लगाया। आदिल राशिद की इस गेंद पर उन्होंने डीप मिडविकेट के ऊपर से छक्‍का मारा। आदिल राशिद की यह बहुत ही खराब गेंद थी। शॉर्ट लेंथ ऑफ स्‍टंप के बाहर थी। यशस्वी पीछे गए और उठाकर बेहतरीन शॉट लगाया।

20:26 (IST) 21 Sep 2021
ऐसे आउट हुए संजू सैमसन

आठवें ओवर की पहली गेंद पर संजू सैमसन आउट हो गए। वह 4 रन ही बना पाए। इशान पोरेल ने उन्हें पवेलियन भेजा। पोरेल ने अपने दूसरे स्‍पेल की पहली ही गेंद पर उनका विकेट लिया। उनकी यह गेंद ऑफ स्‍टंप के बाहर गुड लेंथ थी। संजू ने अपर कट करने की कोशिश, लेकिन गेंद बल्‍ले का बाहरी किनारा लेती हुई केएल राहुल के दाईं ओर पहुंची। राहुल ने एक हाथ से यह बेहतरीन कैच लेकर सैमसन को पवेलियन भेज दिया।

20:06 (IST) 21 Sep 2021
पंजाब किंग्स को पहली सफलता मिली

छठे ओवर की तीसरी गेंद पर पंजाब किंग्स को पहली सफलता मिली। इविन लुईस बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में कैच आउट हुए। अर्शदीप ने एक बार दोबारा जलाया पंजाब किंग्‍स का दीप। चौथे स्‍टंप पर फुल लेंथ, कवर पर मारने का प्रयास, गेंद बल्‍ले पर अच्‍छे से आई नहीं और कवर पर एक्‍स्‍ट्रा कवर पर खड़े मयंक अग्रवाल के हाथों में पहुंची। लुईस 36 रन बनाकर आउट हुए।

19:36 (IST) 21 Sep 2021
यशस्वी ने की ताबड़तोड़ शुरुआत

राजस्थान की ओर से यशस्वी जायसवाल और इविन लुईस ने पारी की शुरुआत की। पंजाब किंग्स के लिए मोहम्मद शमी पहला ओवर लेकर आए। लुईस ने पहली ही गेंद पर एक रन लेकर अपना और टीम का खाता खोला। यशस्वी जायसवाल ने आखिरी की 2 गेंद पर 2 चौके जड़कर अपने इरादे साफ कर दिए।

19:12 (IST) 21 Sep 2021
ये है राजस्थान रॉयल्स की प्लेइंग इलेवन

राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, इविन लुईस, संजू सैमसन (कप्तान/विकेटकीपर), लियाम लिविंगस्टोन, महिपाल लोमरोर, रियान पराग, राहुल तेवतिया, क्रिस मॉरिस, मुस्तफिजुर रहमान, चेतन साकरिया, कार्तिक त्यागी।

19:11 (IST) 21 Sep 2021
ये है पंजाब किंग्स की प्लेइंग इलेवन

पंजाब किंग्स: केएल राहुल (कप्तान/विकेटकीपर), मयंक अग्रवाल, एडेन मार्कराम, निकोलस पूरन, दीपक हुड्डा, फैबियन एलन, इशान पोरेल, आदिल राशिद, हरप्रीत बरार, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह।