RCB vs KKR Eliminator, IPL 2021: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 के एलिमिनेटर में कोलकाता नाइटराइडर्स ने रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर को 4 विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही उसने क्वालिफायर 2 में प्रवेश किया।

शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर (आरसीबी) के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीता और बल्लेबाजी का फैसला किया। रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 138 रन बनाए। केकेआर ने 19.4 ओवर में 6 विकेट पर 139 रन बना मैच अपने नाम कर लिया।

इस हार के साथ ही विराट कोहली का बतौर कप्तान आईपीएल ट्रॉफी जीतने का सपना अधूरा रह गया। विराट कोहली ने आईपीएल का यूएई चरण शुरू होने से पहले ही ऐलान किया था कि इस सीजन के बाद वह आरसीबी की कप्तानी नहीं करेंगे।

अब 13 अक्टूबर को शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में उसकी और दिल्ली कैपिटल्स की भिड़ंत होगी। क्वालिफायर 2 जीतने वाली टीम 15 अक्टूबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ फाइनल में भिड़ेगी।

केकेआर की इस जीत में उसके ऑलराउंडर सुनील नरेन ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पहले गेंदबाजी करते हुए 21 रन देकर 4 विकेट झटके। फिर बल्लेबाजी करते हुए 3 छक्के की मदद से 15 गेंद में 26 रन ठोक डाले। वह जब क्रीज पर आए थे, तब केकेआर को 11 ओवर में 3 विकेट 79 रन था।

तब केकेआर को जीत के लिए 9 ओवर में 60 रन बनाने थे। मैच फंसता हुआ दिख रहा था, लेकिन नरेन ने 12वें में डेनियल क्रिश्चियन की तीसरी, चौथी और पांचवीं गेंद पर छक्के जड़ केकेआर को ड्राइविंग सीट पर ला दिया।

आईपीएल के प्लेऑफ इतिहास में पहली बार आरसीबी और केकेआर आमने-सामने थीं। दोनों ही टीमों ने इस मैच के लिए अपनी-अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया था।

इससे पहले एक समय आरसीबी का स्कोर 9.3 ओवर में एक विकेट पर 69 रन था। इसके बाद केकेआर के सुनील नरेन ने आरसीबी के मध्यक्रम का चरमरा दिया। इस कारण आरसीबी आखिरी 10.3 ओवर में 69 रन ही बना पाई और 6 विकेट भी गंवाए।

IPL 2021 Eliminator, RCB vs KKR: ऐसे देखें केकेआर और आरसीबी मैच की लाइव स्ट्रीमिंग

सुनील नरेन 4 ओवर में 21 रन देकर 4 विकेट लिए। आरसीबी की ओर से सबसे ज्यादा 39 रन विराट कोहली ने बनाए। उनके अलावा देवदत्त पडिक्कल ने 21, ग्लेन मैक्सवेल ने 15, एबी डिविलियर्स ने 11, शाहबाज अहमद ने 13 रन बनाए।

KKR vs RCB Playing 11 IPL 2021 Eliminator: ये है केकेआर और आरसीबी की प्लेइंग 11

Match Ended

Indian Premier League, 2021

Royal Challengers Bangalore 
138/7 (20.0)

vs

Kolkata Knight Riders  
139/6 (19.4)

Match Ended ( Day – Eliminator )
Kolkata Knight Riders beat Royal Challengers Bangalore by 4 wickets

Live Updates
22:59 (IST) 11 Oct 2021
सिराज ने 18वें ओवर में झटके 2 विकेट

मोहम्मद सिराज ने 18वें ओवर की दूसरी गेंद पर सुनील नरेन को बोल्ड कर दिया। नरेन 15 गेंद में 26 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 3 छक्के लगाए। सिराज ने इसी ओवर की चौथी गेंद पर कार्तिक को भी पवेलियन भेज दिया। कार्तिक 12 गेंद में 10 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कार्तिक की जगह शाकिब अल हसन क्रीज पर आए हैं। 18 ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 6 विकेट पर 127 रन है। उसे 12 गेंद में 12 रन बनाने हैं।

22:38 (IST) 11 Oct 2021
चहल ने आरसीबी की कराई वापसी

युजवेंद्र चहल ने आरसीबी को फिर मुकाबले में ला दिया। उन्होंने 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर नितीश राणा को लॉन्ग ऑन पर एबी डिविलियर्स के हाथों कैच कराया। राणा चहल की गुगली को छक्के के लिए लॉन्ग ऑन पर भेजना चाहते थे। उन्होंने लेग स्टंप से स्लॉग किया। गेंद बल्ले का ऊपरी भाग लेकर ऊपर गई, लेकिन ज्यादा दूर नहीं जा पाई और डिविलियर्स ने आसान कैच लपक लिया। राणा की जगह दिनेश कार्तिक क्रीज पर आए।

22:21 (IST) 11 Oct 2021
आईपीएल 2021 में हर्षल के हुए 32 विकेट

हर्षल पटेल ने 11वें ओवर की आखिरी गेंद पर वेंकटेश को अय्यर को विकेट के पीछे श्रीकर भरत के हाथों कैच कराया। वेंकटेश का विकेट लेने के साथ ही हर्षल पटेल ने आईपीएल इतिहास में किसी एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट (32) लेकर ड्वेन ब्रॉवो के रिकॉर्ड की बराबरी की। वेंकटेश की सुनील नरेन बल्लेबाजी के लिए आए हैं।

22:10 (IST) 11 Oct 2021
चहल ने आरसीबी को दिलाई दूसरी सफलता

युजवेंद्र चहल ने 7वें ओवर की आखिरी गेंद पर राहुल त्रिपाठी को एलबीडब्ल्यू किया। चहल की यह लेंथ गेंद थी। राहुल के पैड पर लगी, उसके बाद बैट पर। पगबाधा की अपील हुई। अंपायर ने मना किया तो कोहली ने रिव्यू लिया। रिप्ले में भी यही दिखा और राहुल त्रिपाठी को पवेलियन लौटना पड़ा। राहुल त्रिपाठी 6 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह बाएं हाथ के बल्लेबाज नितीश राणा क्रीज पर आए।

21:58 (IST) 11 Oct 2021
4 चौके जड़ शुभमन लौटे पवेलियन

हर्षल पटेल ने रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने छठे ओवर की दूसरी गेंद पर शुभमन गिल को पवेलियन भेजा। हर्षल की यह स्टंप की लाइन में लेंथ गेंद धी। शुभमन मिडविकेट के ऊपर से लेग साइड में हटकर खेलना चाहते थे। गेंद हवा में टंगी और मिडऑन पर एबी डिविलियर्स ने आसान कैच लपक लिया। शुभमन ने 18 गेंद में 4 चौके की मदद से 29 रन बनाकर आउट हुए। शुभमन की जगह राहुल त्रिपाठी क्रीज पर आए हैं।

21:05 (IST) 11 Oct 2021
मावी ने पकड़ा शानदार कैच

लॉकी फर्ग्युसन ने 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर शाहबाज अहमद को वाइड लॉन्ग ऑन पर शिवम मावी के हाथों कैच कराया। यॉर्कर की कोशिश में फुल टॉस दे बैठे लॉकी। शाहबाज ने मिडिल स्टंप से हवाई फ्लिक किया, टाइम नहीं कर पाए, डीप मिडविकेट से भागते हुए मावी ने कैच लपका। शाहबाज 14 गेंद में 13 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह हर्षल पटेल क्रीज पर आए।

20:59 (IST) 11 Oct 2021
सुनील नरेन ने आरसीबी के मध्यक्रम को बिखेर दिया

सुनील नरेन ने 17वें ओवर की चौथी गेंद पर केकेआर को पांचवीं सफलता दिलाई। यह उनका चौथा विकेट है। नरेन की यह मिडिल स्टंप पर फ्लाइटेड गेंद थी। मैक्सवेल ने स्लॉग स्वीप किया। गेंद बाहरी किनारे पर लगकर ऊपर टंग गई। शॉर्ट थर्ड मैन पर लॉकी फर्ग्युसन ने कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की। ग्लेन मैक्सवेल 18 गेंद में 15 रन बनाकर आउट हुए। मैक्सवेल की जगह डेनियल क्रिश्चियन क्रीज पर आए।

20:56 (IST) 11 Oct 2021
सुनील नरेन की शानदार गेंदबाजी जारी

सुनील नरेन की शानदार गेंदबाजी जारी है। उन्होंने 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर अपना तीसरा विकेट लिया। उन्होंने एबी डिविलियर्स को 11 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड किया। नरेन की यह मिडिल स्टंप से लेंथ गेंद थी। डिविलियर्स उसे ऑन साइड में खेलना चाहते थे। गेंद पड़कर अंदर आई, पैड पर लगी और स्टंप्स से जा टकराई। आरसीबी को लगा बहुत बड़ा झटका। डिविलियर्स की जगह शाहबाज अहमद क्रीज पर आए हैं।

20:36 (IST) 11 Oct 2021
सुनील नरेन ने झटका दूसरा विकेट

आरसीबी ने 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर तीसरा विकेट गंवाया। सुनील नरेन ने विराट कोहली को 39 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड किया। कोहली ने 33 गेंद की अपनी पारी में 5 चौके लगाए। उनकी जगह दाएं हाथ के बल्लेबाज एबी डिविलयर्स क्रीज पर आए हैं। नरेन की यह गेंद मिडिल स्टंप पर थोड़ा आगे थी। कोहली उसे स्लॉग स्वीप करना चाहते थे। उन्होंने पैर आगे भी निकाला, लेकिन गेंद अंदर आई, बल्ले को छोड़ती हुई लेग स्टंप पर चली गई।

20:23 (IST) 11 Oct 2021
9 रन ही बना पाए श्रीकर भरत

श्रीकर भरत एलिमिनेटर मुकाबले में कोई कमाल नहीं कर पाए। वह 10वें ओवर की चौथी गेंद पर 9 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौटे। सुनील नरेन की यह कैरम गेंद थी।

श्रीकर भरत ने हवाई शॉट लगाया, लेकिन ताकत नहीं दे पाए और लॉन्ग ऑफ पर वेंकटेश ने कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की। भरत की जगह ग्लेन मैक्सवेल क्रीज पर आए।

20:01 (IST) 11 Oct 2021
लॉकी फर्ग्युसन ने केकेआर को दिलाई पहली सफलता

लॉकी फर्ग्युसन केकेआर के लिए छठा ओवर लेकर आए। उन्होंने पहली गेंद में ही देवदत्त पडिक्कल को पवेलियन भेजा। पडिक्कल 18 गेंद में 21 रन बनाकर आउट हुए। आरसीबी ने इससे पहले 5 ओवर में 49 रन बनाए थे। फर्ग्युसन राउंद द विकेट आए और ऑफ स्टंप से बाहर फुल लेंथ की गेंद की। पडिक्कल ने खड़े-खड़े बिना गेंद तक आए दूर से ही ड्राइव लगाने की कोशिश की। गेंद ने बल्ले का अंदरुनी किनारा छुआ और विकेट पर जा लगी। पडिक्कल की जगह केएस भरत क्रीज पर आए।

19:41 (IST) 11 Oct 2021
कोहली ने साफ कर दिए अपने इरादे

रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर की ओर से देवदत्त पडिक्कल और विराट कोहली ने पारी की शुरुआत की। कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए शाकिब अल हसन पहला ओवर लेकर आए। पडिक्कल ने पहली ही गेंद पर एक रन लेकर अपना और टीम का खाता खोला। विराट कोहली ने ओवर की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर अपने इरादे साफ कर दिए।

19:17 (IST) 11 Oct 2021
ये है रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर की प्लेइंग इलेवन

रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर: विराट कोहली (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, श्रीकर भारत (विकेटकीपर), ग्लेन मैक्सवेल, एबी डिविलियर्स, डेनियल क्रिश्चियन, शाहबाज अहमद, जॉर्ज गार्टन, हर्षल पटेल, मोहम्मद सिराज, युजवेंद्र चहल।

19:16 (IST) 11 Oct 2021
ये है कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग इलेवन

कोलकाता नाइट राइडर्स: शुभमन गिल, वेंकटेश अय्यर, नितीश राणा, राहुल त्रिपाठी, इयोन मॉर्गन (कप्तान), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), शाकिब अल हसन, सुनील नरेन, लॉकी फर्ग्युसन, शिवम मावी, वरुण चक्रवर्ती।