अब जबकि इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) का 14वां सीजन यानी आईपीएल (IPL) 2021 शुरू होने में अब कुछ ही दिन हैं, दिग्गज बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे को उसके रंग में रंगते देखा गया। दिल्ली कैपिटल्स ने इसका वीडियो भी शेयर किया है। ऐसा लग रहा है कि दिल्ली कैपिटल्स ने यह वीडियो रहाणे की नजरों से बचाकर रिकॉर्ड किया है। यह वीडियो थोड़ी ही देर में वायरल हो गया।

इस वीडियो को रहाणे और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ के बीच चुनौती के रूप में देखा जा रहा है। रहाणे आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं। दिल्ली कैपिटल्स का पहला मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 10 अप्रैल को चेन्नई सुपरकिंग्स से होना है। स्टीव स्मिथ भी इस सीजन उनकी टीम के साथ ही हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने इंस्टाग्राम पर जो वीडियो शेयर किया है, उसमें रहाणे नेट प्रैक्टिस के दौरान स्टीव स्मिथ की तरह शैडो बैटिंग का अभ्यास करते दिख रहे हैं।

स्टीव स्मिथ शैडो बैटिंग के लिए विख्यात हैं। भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरा के दौरान भी उनको मैच के दौरान पिच पर शैडो बैटिंग करते देखा गया था। तब उन पर जानबूझकर ऋषभ पंत का गार्ड मिटाने का आरोप भी लगा था। हालांकि, स्टीव स्मिथ के दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़ने पर रहाणे भी ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज की तरह प्रैक्टिस करने लगे हैं।

वीडियो के कैप्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने लिखा, ‘स्टीव स्मिथ को शैडो बैटिंग विभाग में कड़ी प्रतिस्पर्धा मिली है।’ दिल्ली कैपिटल्स के इस वीडियो पर अब तक 1.25 लाख से ज्यादा व्यूज और करीब 200 कमेंट आ चुके हैं। इनमें एक कमेंट स्टीव स्मिथ का भी है। स्मिथ ने लिखा, ‘विश्वास नहीं हो रहा कि इस विभाग में कोई मुझे इतनी तगड़ी चुनौती दे सकता है।’ इसके बाद उन्होंने खुशी के आंसू वाली इमोजी भी पोस्ट की है और अपने कमेंट को दिल्ली कैपिटल्स को भी टैग किया है।

अजिंक्य रहाणे के लिए दुखद खबर, नहीं रहीं दादी

इस बीच, अजिंक्य रहाणे के लिए एक दुख भरी खबर आई। उनकी दादी जेलबाई का निधन हो गया है। अजिंक्य के पिता मधुकर रहाणे ने इसकी जानकारी दी है। रहाणे अपनी दादी के बहुत करीब थे। वह अक्सर सोशल मीडिया पर दादी के साथ वाली तस्वीरें साझा करते रहते थे। उन्होंने कुछ दिनों पहले ही दादी से मिलने की इच्छा जाहिर की थी। कुछ दिनों पहले एक इंटरव्यू में रहाणे ने कहा था कि वह अपनी दादी से मिलना चाहते हैं। उन्होंने कहा था, जब कोरोना के हालत में सुधार होगा तब मैं दादी को देखने जाऊंगा। मेरी दादी संगमनेर में हैं। मैं उन्हें देखना चाहता हूं।