पंजाब किंग्स के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल एक बार फिर से आईपीएल में विस्फोटक बल्लेबाजी करने के लिए तैयार हैं। 41 साल के गेल तीन बार एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं। इसके अलावा एक ओवर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड उनके नाम ही है। गेल टूर्नामेंट में ओवरऑल सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले क्रिकेटर हैं। उनके नाम हाइएस्ट स्कोर भी दर्ज है। सबसे ज्यादा शतकों के मामले में विराट कोहली से आगे हैं।

गेल तीन बार सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। उन्होंने 2011 में 44, 2012 में 59 और 2013 में 51 छक्के मारे थे। उनके बाद इस मामले में दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल हैं। मैक्सवेल ने 2014 में 36 और 2017 में 26 छक्के उड़ाए थे। गेल ने 8 मई 2011 को चौथे आईपीएल में कोच्चि टस्कर्स केरला (KTK) के खिलाफ आरसीबी की ओर से खेलते हुए तूफानी पारी खेली थी। केटीके ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 125 रन बनाए। गेल मैच को खत्म करने की जल्दबाजी में थे। उन्होंने पारी के तीसरे ओवर में प्रशांत परमेश्वरन को धो दिया।

गेल ने ओवर की पहली गेंद पर लंबा छक्का लगाया। इससे परमेश्वरन दबाव में आ गए। गेल ने अगली गेंद पर भी छक्का मार दिया। परमेश्वरन का पैर क्रीज से बाहर था और वह नो-बॉल हो गया। इसके बाद ओवर की दूसरी और तीसरी गेंद पर लगातार दो चौके, चौथी और पांचवीं गेंद पर लगातार दो छक्के लगे। आखिरी गेंद पर ‘यूनिवर्स बॉस’ ने चौका जड़ा दिया। परमेश्वरन ने 37 रन दिए। यह आईपीएल का सबसे महंगा ओवर बन गया। आरसीबी ने मैच को 13.1 ओवर में ही हासिल कर लिया। गेल 44 रन बनाकर ही आउट हो गए थे।

वेस्टइंडीज का यह विस्फोटक ओपनर तीन बार 30 या उससे ज्यादा रन वाले ओवर का हिस्सा बना है। गेल ने परमेश्वरन को 37 रन मारने के अलावा 2010 में किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के रवि बोपारा को 33 रन ठोके थे। उस ओवर में मनोज तिवारी ने पहली और आखिरी गेंद पर एक-एक रन लिया था। गेल ने चार छक्के और एक चौका लगाया था। दो रन वाइड से मिले थे। एक सिंगल गेल ने लिया था। गेल ने 2012 में पुणे वॉरियर्स इंडिया के गेंदबाज राहुल शर्मा के ओवर में 31 रन ठोके थे। राहुल की पहली गेंद पर सौरभ तिवारी ने सिंगल लिया था। इसके बाद गेल ने लगातार 5 छक्के जड़ दिए थे।