इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 के क्वालिफायर-1 में मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स की भिड़ंत है। दोनों खेमे एक दूसरे को मात देने की जुगत निकालने में जुटे हैं। हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स के सबसे वरिष्ठ खिलाड़ी शिखर धवन बिल्कुल रिलैक्स हैं, क्योंकि उन्हें मुंबई इंडियंस का प्लान (रणनीति) पहले से ही पता है। उनका कहना है कि वह बिल्कुल भी चिंता नहीं कर रहे हैं, क्योंकि वह इस अहम मैच के लिए खुद को तरो-ताजा रखना चाहते हैं। हालांकि, वह मुंबई इंडियंस के खिलाड़ियों के वीडियो जरूर एक बार देखेंगे।
दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल के 13 साल के इतिहास में पहली बार टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाने से 2 कदम दूर है। इस टीम में एक ऐसा भी खिलाड़ी है, जिसे मालूम है कि आईपीएल ट्रॉफी कैसे जीती जाती है। जी हां, वह खिलाड़ी है शिखर धवन। धवन मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा रहते हुए आईपीएल चैंपियन बन चुके हैं। वह अपने करियर में पहली बार किसी टीम के सबसे वरिष्ठ खिलाड़ी हैं। वह भी जानते हैं कि टीम को उनकी कितनी जरूरत है। वह आईपीएल में लगातार 2 शतक लगाने वाले पहले और इकलौते बल्लेबाज हैं। टीम मैनेजमेंट भी मुंबई के खिलाफ उनसे वैसे ही प्रदर्शन की उम्मीद कर रहा है।
धवन के मुताबिक मुंबई इंडियंस के शानदार गेंदबाजी आक्रमण को लेकर वह बिल्कुल भी चिंतित नहीं हैं। जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट, जेम्स पैटिनसन के खिलाफ कौन सी रणनीति अपनाएंगे के सवाल पर धवन ने कहा, मैंने उन्हें बहुत ज्यादा बार खेलते हुए देखा है और उनके खिलाफ काफी खेला भी हूं। इसलिए मुझे कोई विशेष मेहनत करने की जरूरत नहीं है।
इस टूर्नामेंट में शिखर धवन के ओपनिंग पार्टनर पृथ्वी शॉ लय में नहीं दिखे हैं। पृथ्वी के बारे में धवन ने कहा, पृथ्वी की बल्ले से गेंद को मारने की टाइमिंग बहुत बढ़िया है। मेरी सलाह है कि वह खुद को शांत और पॉजिटिव रखे। यह पहली बार नहीं है कि वह बुरे दौर से गुजर रहा है। उसे कड़ी मेहनत और कठिन प्रयास करने की कोशिश से नहीं भागना चाहिए। हालांकि, पृथ्वी शॉ की अस्थिर फॉर्म धवन पर भारी पड़ सकती है। उसकी राहत के लिए अजिंक्य रहाणे हैं। धवन ने कहा, अजिंक्य बहुत स्थिरता लाता है। उसके क्रीज पर रहते हुए मैं अधिक स्वतंत्रता से खेल सकता हूं।


