IF IPL 2020 Cancelled: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का 2020 सीजन पर गंभीर संकट मंडरा रहा है। कोरोनावायरस के प्रकोप के चलते आयोजक इसे देर से कराने को मजबूर हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने पहले इसे 29 मार्च से शुरू होने की घोषणा की थी, लेकिन महामारी के कारण, बोर्ड ने टूर्नामेंट को 15 अप्रैल तक के लिए टाल दिया है।
आईपीएल के इतिहास में ऐसा पहली बार है कि जब किसी बीमारी के कारण बीसीसीआई शेड्यूल बदलने को मजबूर हुआ। हालांकि, जैसे-जैसे स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है, बहुत से फैंस का मानना है कि इस साल प्रतियोगिता रद्द हो सकती है। यदि ऐसा हुआ तो टूर्नामेंट से जुड़े सभी लोगों को कंपनियों को बड़े पैमाने पर नुकसान होगा। बीसीसीआई को भी बहुत नुकसान उठाना पडे़गा। यही नहीं, खिलाड़ी अपनी सैलरी से हाथ धो बैठेंगे। आइए जानें कि यदि आईपीएल 2020 रद्द हो गया तो किस देश के खिलाड़ियों को कितना नुकसान होगा।
निस्संदेह, भारतीय क्रिकेटरों की इच्छा होगी कि कोरोनवायरस पर जल्द ही काबू पा लिया जाए, क्योंकि आईपीएल 2020 से भारतीय खिलाड़ी 358.15 करोड़ रुपये की राशि अर्जित करने वाले थे। पहले यह राशि 358.35 करोड़ रुपए थी, लेकिन प्रवीण तांबे के निलंबित होने के कारण उनके 20 लाख रुपए इसमें से कम हो गए। 17 करोड़ रुपए के कॉन्ट्रैक्ट के साथ विराट कोहली आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। रोहित शर्मा और महेंद्र सिंह धोनी को भी 15-15 करोड़ रुपए का नुकसान होगा। यह भी ध्यान देने योग्य है कि ऋषभ पंत, मनीष पांडे और केएल राहुल की सैलरी भी 10 करोड़ से ज्यादा है।
भारतीयों के अलावा जिस देश के क्रिकेटरों को आईपीएल 2020 के रद्द होने से सबसे ज्यादा नुकसान होगा, वह ऑस्ट्रेलिया है। आईपीएल 2020 के लिए हुई नीलामी में कोलकाता नाइटराइडर्स ने ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस को सबसे ज्यादा 15.50 करोड़ रुपये में खरीदा था। इसके अलावा स्टीव स्मिथ, डेविड वार्नर और ग्लेन मैक्सवेल का भी अपनी-अपनी फ्रैंचाइजी टीमों के साथ मोटा अनुबंध है। कुल मिलाकर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों को 86.75 करोड़ रुपए का नुकसान होगा।
नुकसान उठाने वालों में तीसरे नंबर पर वेस्टइंडीज के क्रिकेटर रहेंगे। क्रिस गेल, आंद्रे रसेल, सुनील नरेन ये सब वे बड़े नाम हैं, जिनकी सैलरी करोड़ों में है। नरेन को तो केकेआर ने 12.5 करोड़ रुपए में खरीदा है। इसके अलावा कीरोन पोलार्ड, डीजे ब्रावो और ओसाने थॉमस को भी तगड़ा नुकसान हो सकता है। कुल मिलाकर कैरेबियाई क्रिकेटरों को 56.95 करोड़ रुपए की चपत लग सकती है।
आईपीएल में इंग्लैंड के खिलाड़ी भी खूब कमाते हैं। आईपीएल 2020 रद्द होने से उन्हें 43.80 करोड़ रुपए का नुकसान होगा। इसमें बेन स्टोक्स को सबसे ज्यादा नुकसान होगा। उनका राजस्थान रॉयल्स के साथ 12.50 करोड़ रुपये का कॉन्ट्रैक्ट है। राजस्थान की टीम में टॉम कुरेन, जोस बटलर और जोफ्रा आर्चर भी हैं। केकेआर ने इंग्लैंड को वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले कप्तान इयोन मॉर्गन को 5.25 करोड़ में फिर से अपने साथ जोड़ा है।
दक्षिण अफ्रीका की बात करें तो यह आंकड़ा 34.60 करोड़ रुपए होगा। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स आईपीएल में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले दक्षिण अफ्रीकी हैं। उनका रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर के साथ 11 करोड़ रुपये का अनुबंध है। उनके हमवतन क्रिस मॉरिस भी इस साल 10 करोड़ रुपए में बिके हैं। फाफ डु प्लेसिस और इमरान ताहिर भी महेंद्र सिंह धोनी वाली चेन्नई सुपरकिंग्स का हिस्सा हैं।
अफगानिस्तान के क्रिकेटरों को भी 14 करोड़ रुपए का नुकसान होगा। अफगानिस्तान के खिलाड़ी आईपीएल से श्रीलंका के खिलाड़ियों की तुलना में 6-7 गुना ज्यादा पैसा कमाते हैं। अफगान स्पिन के जादूगर राशिद खान का सनराइजर्स हैदराबाद के साथ 9 करोड़ रुपये का अनुबंध है। आईपीएल 2020 का हिस्सा बनने वाले एक अन्य अफगान खिलाड़ी मुजीब उर रहमान है। कलाई के इस स्पिनर को प्रीति जिंटा की किंग्स इलेवन पंजाब ने 4 करोड़ रुपए में खरीदा है।
आईपीएल 2020 रद्द होने से न्यूजीलैंड के क्रिकेटरों को 9.8 करोड़ रुपए का नुकसान होगा। IPL 2018 में ऑरेंज कैप जीतने वाले केन विलियमसन का सनराइजर्स हैदराबाद के साथ 3 करोड़ रुपये का करार है। ट्रेंट बोल्ट हमवतन मिशेल मैकक्लेनाघन के साथ मुंबई इंडियंस में शामिल हुए हैं। लॉकी फर्ग्यूसन का कोलकाता नाइटराइडर्स के साथ 1.60 करोड़ रुपये का अनुबंध है। इस फेहरिस्त में मिशेल सैंटनर और जेम्स नीशम का नाम भी शामिल है।
श्रीलंकाई क्रिकेटर लसिथ मलिंगा को 2.20 करोड़ रुपए का नुकसान होगा। मुंबई इंडियंस ने उन्हें 2.20 करोड़ रुपए में अपने पास बरकरार रखा है। आईपीएल 2020 से जिस देश के क्रिकेटर को सबसे कम नुकसान होगा वह नेपाल है। नेपाल के संदीप लमिछने को दिल्ली कैपिटल्स ने 2 साल पहले 20 लाख रुपए में खरीदा था। तब से वह दिल्ली का हिस्सा हैं।