आईपीएल शुरू होने का टाइम करीब आने के साथ ही इसका रंग भी फैंस पर चढ़ने लगा है। आईपीएल 2019 का पहला मैच 23 फरवरी को चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच बंगलुरू में खेला जाना है। महेंद्र सिंह धोनी जहां चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी करेंगे वहीं आरसीबी की कमान विराट कोहली के हाथ में है। इस सीजन के शुरुआती मैच से पहले का ओपनर वीडियो जारी किया गया है। वीडियो में पीले और नीले रंग की ड्रेस पहले फैंस धोनी…धोनी और कोहली… कोहली चिल्ला रहे हैं। वीडियो में बच्चे से लेकर बुजुर्ग, युवा से लेकर अधेड़ सभी धोनी और कोहली ने नाम को चीयर कर रहे हैं। इसमें फैंस की दोनों खिलाड़ियों के प्रति प्यार को दीवानगी की हद तक दिखाया गया है।
एक मिनट के इस वीडियो में टीम के ड्रेस बनाने से लेकर रोजमर्रा के काम के दौरान फैंस अपने दोनों पसंदीदा खिलाड़ियों के नाम की ही माला जप रहे हैं। दोनों खिलाड़ी छत से खड़े होकर लोगों के इस उत्साह का आनंद ले रहे हैं। फैंस के इस शोर के बीच दोनों खिलाड़ी ऊपर खड़े होकर एक साथ चाय पी रहे हैं। चाय पीते हुए कोहली धोनी से कहते हैं… तो क्या लग रहा है। जवाब में धोनी कहते हैं… धोनी कोहली तो सिर्फ नाम है… इस पर कोहली कहते हैं, चलो फिर गेम दिखाते हैं। इसके बाद धोनी मैच की तारीख 23 मार्च बताते हुए कहते हैं… लेट मत हो जाना…।

जवाब में कोहली कहते हैं बिल्कुल। इस वीडियो को आईपीएल के आधिकारिक ट्वीटर हैंडल से ट्वीट किया गया है। वीडियो के साथ लिखा गया है, हम दिगग्ज खिलाड़ियों के बीच इस मुकाबले का इंतजार नहीं कर सकते हैं। इस वीडियो को शुक्रवार सुबह नौ बजे तक ही 78 हजार से अधिक बार देखा जा चुका था। आठ टीमों के बीच खेले जा रहे आईपीएल में फाइनल समेत 62 मैच खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का फाइनल 12 मई को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।