इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें सीजन में ताबड़तोड़ छक्कों की जमकर बरसात हो रही है। किंग्स-11 पंजाब के क्रिस गेल से के नाम टूर्नामेंट में इस बार सर्वाधिक छक्के हैं। तीन मैचों में उन्होंने कुल 21 छक्के मारे थे। लेकिन आईपीएल के इतिहास में सबसे लंबे छक्के मारने के मामले में एक खिलाड़ी गेल से भी आगे है। यह कारनामा चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाड़ी ने साल 2012 में कर के दिखाया था। एल्बी मॉर्कल ने डेक्कन चार्जर्स (डीसी) के खिलाफ एक मुकाबले में 125 मीटर लंबा छक्का जड़ा था। मॉर्कल मूल रूप से दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी हैं और तब वह सीएसके का हिस्सा थे।
ये हुआ था मैदान में: मॉर्कल स्ट्राइक पर थे, जबकि गेंदबाजी प्रज्ञान ओझा कर रहे थे। मिड विकेट की ओर गेंद आते ही मॉर्कल ने उसे शानदार तरीके से खेला और सीधे स्टेडियम के पार कर दिया था। छक्का इतना लंबा होने के कारण गेंद भी खो गई थी, जिसके बाद अंपायर को नई गेंद मंगानी पड़ी थी। मॉर्कल बाद में दिल्ली डेयरडेविल्स टीम में चले गए थे।
ये भी हैं महारथी: आईपीएल इतिहास में सबसे लंबे छक्के मारने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे नंबर पर प्रवीण कुमार का नाम है। किंग्स-11 पंजाब के इस खिलाड़ी ने 124 मीटर लंबा छक्का मारा था, जबकि तीसरे स्थान पर 122 मीटर लंबे छक्के के साथ पंजाब टीम के पूर्व कप्तान एडम गिलक्रिस्ट का नाम इस लिस्ट में है।
कहां चली गई डेक्कन चार्जर्स: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अक्टूबर 2012 में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रैंचाइजी हैदराबाद डेक्कन चार्जर्स (डीसी) का करार समाप्त कर दिया था। बीसीसीआई ने ऐसा इसलिए किया क्योंकि, डीसी टीम बुरी तरह से कर्ज में डूबी हुई थी। बाद में इस टीम को लेकर नीलामी हुई थी।
गिलक्रिस्ट ने बनाया था ‘किंग’: सन टीवी नेटवर्क ने नीलामी के दौरान इस फ्रैंचाइजी को खरीदा था, जिसके बाद यह सनराइजर्स हैदराबाद बन गई थी। 2009 में डेक्कन चार्जर्स ने एडम गिलक्रिस्ट की कप्तानी में टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया था, जबकि पहले सीजन (2008) में डीसी 10 टीमों में सबसे आखिरी पायदान पर थी।