इंग्लैंड ने रविवार 7 सितंबर 2025 की रात दक्षिण अफ्रीका को 342 रनों से हराकर एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे बड़े अंतर से जीत दर्ज की। भारत ने 2023 में श्रीलंका के खिलाफ 317 रनों के अंतर से जीत का पिछला रिकॉर्ड बनाया था। दर्जनों टीमें अधिकतम विकेट (10) से जीत चुकी हैं, लेकिन रनों के लिहाज से यह सबसे ज्यादा अंतर वाली जीत है।

इंग्लैंड की टीम पहली बार 300 या उससे ज्यादा रन के अंतर से कोई वनडे जीती है। इससे पहले इंग्लैंड की रनों के लिहाज से सबसे बड़ी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 19 जून 2018 को आई थी। तब उसने कंगारुओं को 242 रन के अंतर से हराया था।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इंग्लैंड की इस जीत में प्लेयर ऑफ द मैच जोफ्रा आर्चर और आदिल रशीद की अहम भूमिका रही। जोफ्रा आर्चर ने 9 ओवर में सिर्फ 18 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि आदिल रशीद ने 3.5 ओवर में 13 रन देकर 3 विकेट चटकाए। ब्रायडन कार्स ने 6 ओवर में 33 रन देकर 2 विकेट लिए। कप्तान टेम्बा बावुमा क्षेत्ररक्षण के दौरान चोटिल हो गए और बल्लेबाजी नहीं कर पाए।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे में इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर ने 18 रन देकर 4 विकेट चटकाए। (सोर्स- X/@englandcricket)

इंग्लैंड बनाम साउथ अफ्रीका एकदिवसीय शृंखला का यह तीसरा और आखिरी मैच था। शुरुआती दोनों मैच जीतकर साउथ अफ्रीका सीरीज पहले ही अपने नाम कर चुका था। जोफ्रा आर्चर और आदिल रशीद की मदद से इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका को सीरीज में क्लीन स्वीप करने से रोक दिया।

England vs South Africa ODI 2025, ODI biggest win, win by 342 runs, England record win
दक्षिण अफ्रीका की इंग्लैंड पर 2-1 से श्रृंखला जीत के साथ एक रोमांचक एकदिवसीय शृंखला समाप्त हुई। (सोर्स- X/@ProteasMenCSA)

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए, इंग्लैंड ने साउथेम्प्टन के रोज बाउल स्टेडियम में जो रूट (100) और 21 वर्षीय जैकब बेथेल (110) के शतकों की मदद से 50 ओवरों में 5 विकेट पर 414 रन का स्कोर बनाया। जोस बटलर ने 32 गेंदों में नाबाद 62 रनों की पारी खेली। सलामी बल्लेबाज जेमी स्मिथ ने भी 48 गेंदों में 62 रनों की पारी खेली।

विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका 20.5 ओवर में सिर्फ 72 रन पर ढेर हो गई। यह स्कोर और भी कम हो सकता था, क्योंकि एक समय उसका स्कोर 9.5 ओवर में 6 विकेट पर सिर्फ 24 रन था। जोफ्रा आर्चर ने अपने पहले पांच ओवर में केवल पांच रन देकर चार विकेट लिए। उन्होंने 9 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 3 ओवर मेडन रहे। ब्रायडन कार्स का भी एक ओवर मेडन रहा।

दक्षिण अफ्रीका की ओर से ट्रिस्टन स्टब्स (10 रन), कॉर्बिन बॉश (20 रन) और केशव महाराज (17 रन) ही दहाई का आंकड़ा पार कर पाए। एडेन मार्कराम और वियान मुल्डर खाता भी नहीं खोल पाए। रेयान रिकेल्टन एक और मैथ्यू ब्रीट्जके सिर्फ चार रन बनाकर पवेलियन लौटे।

इंग्लैंड बनाम साउथ अफ्रीका तीसरे एकदिवसीय मैच में यह रिकॉर्ड भी बने

  • 20.5 ओवर दक्षिण अफ्रीका का वनडे में आउट होने के बाद दूसरा सबसे कम ओवर है। यह 2022 में ओल्ड ट्रैफर्ड में हुए मैच से एक गेंद बेहतर है।
  • इंग्लैंड की पिछली सबसे बड़ी वनडे जीत 2018 में ट्रेंट ब्रिज में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 242 रनों से हुई थी।
  • दक्षिण अफ्रीका की पिछली सबसे बड़ी वनडे हार पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैके में (276 रनों से) हुई थी।

वनडे में सबसे बड़ी जीत का अंतर

  • 342 रन: इंग्लैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका, साउथेम्प्टन, 2025
  • 317 रन: भारत बनाम श्रीलंका, तिरुअनंतपुरम, 2023
  • 309 रन: ऑस्ट्रेलिया बनाम नीदरलैंड्स, दिल्ली, 2023
  • 304 रन: जिम्बाब्वे बनाम अमेरिका, हरारे, 2023
  • 302 रन: भारत बनाम श्रीलंका, मुंबई, विश्व कप 2023

वनडे में छठी बार 100 रन के भीतर ढेर हुई दक्षिण अफ्रीकी टीम

  • 69 रन: बनाम ऑस्ट्रेलिया, सिडनी, 1993
  • 72 रन: बनाम इंग्लैंड, साउथेम्प्टन, 2025
  • 83 रन: बनाम इंग्लैंड, ट्रेंट ब्रिज, 2008
  • 83 रन: बनाम इंग्लैंड, ओल्ड ट्रैफर्ड, 2022
  • 83 रन: बनाम भारत, कोलकाता, 2023
  • 99 रन: बनाम भारत, दिल्ली, 2022