Asian Hockey 5 World Cup Qualifier, India vs Thailand: भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को ओमान के सालालाह में एशियाई हॉकी 5 विश्व कप क्वालिफायर में जीत की लय जारी रखते हुए तीसरे मुकाबले में थाइलैंड को 5-4 से पराजित किया। भारत के लिए कप्तान नवजौत कौर ने पहले मिनट में गोल किया। इसके अलावा मोनिका दिप्पी टोप्पो ने पहले और सातवें मिनट में, महिमा चौधरी ने 20वें मिनट में और अजमिना कुजुर ने 30वें मिनट में गोल दागे।
थाइलैंड की ओर से पीरेस्रम अनोंगनाट ने तीसरे मिनट में, औंजल नाथाकर्ण ने 10वें और 14वें मिनट में और सुवापट कोंथोंग ने 19वें मिनट में गोल किए। भारत ने शनिवार 26 अगस्त 2023 की रात टूर्नामेंट के दूसरे मैच में जापान पर 7-1 से बड़ी जीत हासिल की थी। भारतीय महिला हॉकी टीम ने शुक्रवार को अपने अभियान की शुरुआत मलेशिया को 7-2 से हराकर की थी।
रविवार को भारत ने शुरू से ही थाइलैंड की रक्षापंक्ति पर दबाव बना दिया। नवजोत ने पहले ही मिनट में मैदानी गोल के जरिए टीम को बढ़त दिलाई। भारत ने समय बर्बाद किए बिना इसी मिनट में मोनिका के मैदानी गोल से बढ़त दोगुनी की। दो मिनट बाद कप्तान अनोंगनाट की बदौलत थाइलैंड का पहला गोल हुआ, लेकिन मोनिका ने जल्द ही अपना दूसरा गोल कर भारत का स्कोर 3-1 कर दिया।
दूसरे हाफ में भारत ने आक्रामक शैली अपनाई
पहले हाफ में पांच मिनट बचे थे कि नाथाकर्ण ने गोल कर थाइलैंड की वापसी कराने की कोशिश की। पहले हाफ में एक मिनट का समय बचा था और नाथाकर्ण ने अपनी टीम को 3-3 से बराबरी पर ला दिया। दूसरे हाफ में भारत ने आक्रामक शैली और गेंद पर कब्जा बनाए रखा। भारतीय टीम ने थाइलैंड के सर्कल में सेंध लगाना जारी रखा, विशेषकर बाईं ओर से।
हालांकि, इसका फायदा नहीं मिला और चार मिनट बाद थाइलैंड ने कोंथोंग के गोल से बढ़त बना ली। जल्द ही भारत ने महिमा चौधरी के गोल से स्कोर बराबर किया। मैच खत्म होने में पांच मिनट बचे थे और मोनिका ने बाईं ओर से मौका बनाते हुए शॉट लगाया, लेकिन यह वाइड चला गया। एक मिनट बचा था और कुजुर ने भारत के लिए विजयी गोल दाग दिया।