देवेंद्र पांडे। भारत के दो पूर्व क्रिकेटर सौरभ तिवारी और शाहबाज नदीम को झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) का सचिव और संयुक्त सचिव चुना गया है। दोनों खिलाड़ी विराट कोहली के टीम साथी थे। सौरभ तिवारी ने कोहली के साथ इंडिया अंडर 19 टीम का प्रतिनिधित्व किया था। पावर हिटिंग के कारण उन्हें अगला महेंद्र सिंह धोनी बताया जाता था।
सौरभ ने धोनी की कप्तानी में तीन वनडे मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व भी किया। नदीम ने 2019 और 2021 में दो टेस्ट मैच खेले। उन्होंने कुलदीप यादव के चोटिल होने के बाद रांची में विराट कोहली की कप्तानी में अचानक टेस्ट डेब्यू किया था। सौरभ और नदीम 2024 में रिटायर हुए।
नदीम ने क्या बताया
नदीम ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया, ” यहां एक ग्रुप था जिसने मुझसे और सौरभ से संपर्क किया और हमें चुनाव लड़ने के लिए कहा। वे चाहते थे कि हम झारखंड क्रिकेट का मार्गदर्शन करें। शुरू में मैं दुविधा में था, लेकिन विचार करने के बाद हमने चुनाव लड़ने का फैसला किया। इस राज्य ने हमें क्रिकेटर बनाया और हम पिछले 25 सालों से यहां खेल रहे हैं। अब इसने हमें क्रिकेट प्रशासक बनने का मौका दिया है। हमें लगता है कि हम योगदान दे सकते हैं।”
क्रिकेट का डेवलपमेंट महत्वपूर्ण
बाएं हाथ के पूर्व स्पिनर नदीम ने कहा कि हाल तक सक्रिय क्रिकेटर होने के कारण उनका खेल से नाता नहीं टूटा है। नदीम ने कहा, “क्रिकेट का डेवलपमेंट महत्वपूर्ण है। हमारे पास अच्छी प्रतिभा है और वे अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। हम अपनी योजनाओं को लागू करने की कोशिश करेंगे।”
शाहबाज नदीम के नाम 542 प्रथम श्रेणी विकेट
धोनी की तरह आक्रामक बल्लेबाज सौरभ तिवारी ने मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स ऑफ बैंगलोर के लिए खेला। हालांकि, ज्यादा मौके न मिलने से उनका अंतरराष्ट्रीय करियर आगे नहीं बढ़ पाया। नदीम के नाम 542 प्रथम श्रेणी विकेट हैं। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद, दिल्ली डेयरडेविल्स और लखनऊ सुपरजायंट्स के लिए खेला है।