भारतीय बल्लेबाज तिलक वर्मा के लिए 13 नवंबर 2024 की तारीख उनके करियर में हमेशा के लिए यादगार हो गई। साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में तिलक वर्मा ने अपने करियर का पहला शतक लगाया। उनके बल्ले से यह शतक तब निकला जब टीम को इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी।
मुश्किल समय में पारी को संभाला
तिलक वर्मा जब बल्लेबाजी करने आए तब टीम की स्थिति अच्छी नहीं थी। संजू सैमसन बिना खाता खोले आउट हो गए थे। भारत का भी खाता नहीं खुला था। ऐसे में तिलक वर्मा ने अभिषेक शर्मा के साथ शानदार साझेदारी की। अभिषेक के साथ तिलक ने 107 रनों की साझेदारी की। इसके बाद भी वह आखिर तक क्रीज पर जमे रहे जबकि दूसरे छोर से उन्हें साथ नहीं मिला। तिलक ने अपनी पारी में 56 गेंदे खेली और 107 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 8 चौके और सात छक्के लगाए। उन्होंने 191.07 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की।
भारत के दूसरे सबसे युवा शतकवीर
तिलक वर्मा भारत की ओर से टी20 अंतरराष्ट्रीय में शतक लगाने वाले दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी हैं। उन्होंने 22 साल पांच दिन की उम्र में यह कारनामा किया है। वह शुभमन गिल और सुरेश रैना से आगे निकल गए। भारत की ओर से शतक लगाने सबसे युवा भारतीय यशस्वी जायसवाल हैं जिन्होंने 21 साल 279 दिन की उम्र में यह कमाल किया था। जायसवाल ने 2023 में एशियन गेम्स के दौरान यह कमाल किया था।
सुरेश रैना को छोड़ा पीछे
तिलक वर्मा अब साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज हैं। उन्होंने सुरेश रैना का रिकॉर्ड तोड़ा। साल 2010 में रैना ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ शतक लगाया था तब वह 24 साल के थे। तिलक वर्मा ने 14 साल बाद उनका यह रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
I