भारत ने 28 सितंबर 2025 की आधी रात दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान को पांच विकेट से हराकर नौवीं बार एशिया कप का खिताब जीता। खास रहा कि जीत का शॉट पूरे टूर्नामेंट में बेंच पर बैठे रहे रिंकू सिंह के बल्ले से निकला। हार्दिक पंड्या की गैरमौजूदगी में रिंकू सिंह को एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत की प्लेइंग इलेवन में जगह मिली थी।

दुबई में लगा भारत को ‘तिलक’,पाकिस्तान को 5 विकेट से हरा 9वीं बार जीता खिताब

भारत की जीत में तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह ने अहम भूमिका निभाई। पहले कुलदीप यादव ने 4 विकेट लेकर पाकिस्तान को 19.1 ओवर में 146 रन पर समेट दिया। उसके बाद तिलक वर्मा ने अपनी पारी से टीम को जीत तक पहुंचाया।

दुबई में पाकिस्तान की डबल बेइज्जती, भारत ने मोहसिन नकवी से नहीं ली एशिया कप की ट्रॉफी, मेडल लेने से भी इनकार

इस जीत के साथ भारत ने 2017 में लंदन में चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान से मिली हार का बदला भी ले लिया। भारत की जीत इस लिहाज से भी खास है, क्योंकि उसने 20 रन पर ही तीन विकेट गंवा दिए थे। भारत ने 30 से कम रन पर तीन विकेट गिरने के बाद चौथी बार पाकिस्तान को हराया है।

पिछले 5 में से 4 बार जीता एशिया कप

भारत ने अब तक पिछले पांच एशिया कप प्रतियोगिताओं में से चार और कुल मिलाकर नौ (सात एकदिवसीय और दो टी20 अंतरराष्ट्रीय) जीते हैं। किसी भी टीम ने भारत से ज्यादा एशिया कप नहीं जीता है। भारत ने 2023 के बाद से बहु-राष्ट्रीय टूर्नामेंटों में 17 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इसमें उसने सभी में जीत हासिल की है। भारत ने एशियाई खेल 2023 में दो, टी20 विश्व कप 2024 में आठ और एशिया कप 2025 में सात मैच जीते।

T20I में 30 से कम रन पर 3 विकेट गिरने के बाद कब-कब जीता भारत

  • एशिया कप 2016: मीरपुर में पाकिस्तान के खिलाफ जीत (8/3, लक्ष्य: 84 रन)
  • टी20 विश्व कप 2016: कोलकाता में पाकिस्तान के खिलाफ (23/3, लक्ष्य: 119 रन)
  • टी20 विश्व कप 2022: मेलबर्न में पाकिस्तान के खिलाफ (26/3, लक्ष्य: 160 रन)
  • एशिया कप 2025: दुबई में पाकिस्तान के खिलाफ (20/3, लक्ष्य: 147 रन)

टूर्नामेंट फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीतें

  • बेंसन एंड हेजेस कप (1984/85) फाइनल: मेलबर्न में पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया।
  • इंडिपेंडेंस कप 1997/98 (बेस्ट ऑफ थ्री फाइनल्स): ढाका में पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया।
  • इंडिपेंडेंस कप 1997/98 (बेस्ट ऑफ थ्री फाइनल्स): ढाका में पाकिस्तान को 3 विकेट से हराया।
  • टी20 विश्व कप 2007 फाइनल: जोहान्सबर्ग में पाकिस्तान को 5 रन से हराया।
  • एशिया कप 2025 फाइनल: दुबई में पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया।

पुरुषों के टी20 अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में लगातार जीत के साथ खिताबी जीत

  • एशिया कप 2016 में भारत
  • एशियाई खेल 2023 में भारत
  • टी20 विश्व कप 2024 में भारत
  • एशिया कप 2025 में भारत

भारत बनाम पाकिस्तान मैच की हाइलाइट्स

जीत के लिए 147 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत खराब रही। भारत के पहले 5 ओवर में 20 रन के भीतर 3 विकेट गिर गए थे। अभिषेक शर्मा (पांच) जल्दी आउट हो गए। पाकिस्तान के लिए नई गेंद संभालने वाले शाहीन शाह अफरीदी और फहीम अशरफ ने धीमी गेंदें डाली जिसका फायदा मिला। सूर्यकुमार (एक) और शुभमन गिल (12) के आउट होने के बाद भारतीय खेमे में सन्नाटा पसर गया। इसके बाद संजू और तिलक ने पारी को संभाला। संजू ने सैम अयूब को छक्का जड़ा, लेकिन अबरार की गेंद पर विकेट गंवा बैठे।

IND vs PAK: भारत की जीत के ‘हीरो’ रहे तिलक वर्मा; खेली ऐसी पारी, फाइनल में पाकिस्तान ने टेक दिए घुटने

इसके बाद तिलक ने मोर्चा संभाला और 53 गेंद में नाबाद 69 रन बनाए, जबकि संजू सैमसन (24) और शिवम दुबे (21 गेंद में 33 रन) ने उनका पूरा साथ दिया। तिलक वर्मा ने संजू सैमसन के साथ 57 और शिवम दुबे के साथ 64 रन की साझेदारी की। मैच का निर्णायक पल हारिस रऊफ का 15वां ओवर था, जिसमें भारतीय बल्लेबाजों ने 17 रन निकाले। सुपर 4 चरण में भारतीय प्रशंसकों को भड़काऊ इशारे करने वाले हारिस रऊफ ने 3.4 ओवर में 50 रन दे डाले और उन्हें कोई विकेट भी नहीं मिला।