IND vs ENG 5th test 2nd Day: भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैच की सीरीज के आखिरी टेस्ट बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेला जा रहा है। दो दिन का खेल हो चुका है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने के समय पहली पारी में इंग्लैंड का स्कोर 27 ओवर में 5 विकेट पर 84 रन था। जॉनी बेयरस्टो 12 रन बनाकर नाबाद थे। कप्तान बेन स्टोक्स बिना खाता खोले क्रीज पर थे।
दूसरे दिन भारतीय पारी 84.5 ओवर में 416 रन पर ऑलआउट हुई। इस तरह पहली पारी के आधार पर इंग्लैंड की टीम अब भी 332 रन पीछे है। ऐसे में मैच के तीसरे दिन भारतीय टीम की कोशिश जल्द से जल्द इंग्लैंड की पारी समेटने पर होगी।
दूसरे दिन बारिश के कारण तीन बार मैच रोकना पड़ा। तीसरी बार जब खेल रोका गया था तब इंग्लैंड का स्कोर 15.1 ओवर में 3 विकेट पर 60 रन था। वे तीनों विकेट लिए जसप्रीत बुमराह ने लिए थे। जब दोबारा मैच शुरू हुआ तब सिराज और शमी ने भी एक-एक विकेट चटकाए।
इससे पहले जसप्रीत बुमराह ने बल्ले से कमाल दिखाया। वह 16 गेंद में 31 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 4 चौके और 2 छक्के लगाए। उन्होंने स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में 35 रन बटोरकर इतिहास रचा। इंग्लैंड की ओर से जेम्स एंडरसन ने 60 रन देकर 5 विकेट लिए।
दूसरे दिन इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने पहला ओवर डाला। रविंद्र जडेजा ने पहली गेंद खेली। उन्होंने 79वें ओवर की आखिरी गेंद पर चौका जड़कर अपना शतक पूरा किया। वह एजबेस्टन में टेस्ट शतक लगाने वाले चौथे भारतीय बने। वह 104 रन के स्कोर पर जेम्स एंडरसन का शिकार बने।
पहले दिन का खेल खत्म होने के समय भारत ने अपनी पहली पारी में 7 विकेट पर 338 रन बनाए थे। रविंद्र जडेजा 83 रन बनाकर नाबाद थे। मोहम्मद शमी का खाता नहीं खुला था। बारिश के कारण पहले दिन सिर्फ 73 ओवर ही फेंके जा सके।
Pataudi Trophy, 2021/22
England
284(61.3)& 378/3(76.4)
India
416(84.5)& 245(81.5)
Match Ended ( Day 5 – 5th Test )
England beat India by 7 wickets
IND vs ENG 5th test 2nd Day 2022 Live: टीम इंडिया की इंग्लैंड में चौथी टेस्ट सीरीज जीतने पर नजर है।
भारतीय टीम के लिए दूसरा दिन कमाल का रहा। पहले जडेजा ने शतक लगाया। स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर से 35 रन आए। इससे भारत का स्कोर 400 के पार हुआ। इसके बाद जब भारतीय टीम की गेंदबाजी आई तो कप्तान बुमराह ने सामने से नेतृत्व करते हुए पहले तीन विकेट झटके। बाद में सिराज और शमी को एक-एक विकेट मिला। बारिश से प्रभावित रहे दूसरे दिन का खेल भारतीय टीम के नाम रहा। आज के मैच में बस इतना ही। रविवार को फिर मिलते हैं। शुभ रात्रि।
शमी को भी विकेट मिल गया है। वह 26वां ओवर लेकर आए। उन्होंने ओवर की तीसरी गेंद पर इंग्लैंड को 5वां झटका दिया। शमी की गेंद पर जैक लीच विकेट के पीछे ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट हुए। लीच खाता भी नहीं खोल पाए। उनकी जगह कप्तान बेन स्टोक्स क्रीज पर आए हैं। शमी की यह गेंद चौथे स्टंप पर गुडलेंथ थी। लीच ने बैकफुट पर जाकर गेंद को रोकने का प्रयास, लेकिन गेंद ने बल्ले को चूमा और पंत के पास पहुंच गई।
बुमराह 23वें ओवर के लिए सिराज को लेकर आए। सिराज ने वह कर दिखाया, जिसकी टीम को उनसे उम्मीद थी। उन्होंने ओवर की आखिरी गेंद पर जो रूट को ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। सिराज की यह कमाल की गेंद थी। विकेट भी बहुत कमाल का था रूट का। सिराज ने रूट को फंसाया और बहुत बड़ी सफलता हासिल की। उनकी यह गेंद शॉर्ट ऑफ लेंथ थी। पांचवें-छठे स्टंप पर, गिरने के बाद अंदर आई, रूट ने कट करने का प्रयास किया, लेकिन गेंद ने बल्ले को चूमा और विकेटकीपर पंत के पास चली गई। रूट 67 गेंद में 31 रन बनाकर आउट हुए। जब वह आउट हुए तब इंग्लैंड के खाते में 78 रन थे।
बीस ओवर का खेल हो चुका है। इंग्लैंड का स्कोर 3 विकेट पर 77 रन है। बुमराह ने 10 ओवर में 34 रन देकर 3 विकेट लिए हैं। शमी ने 10 ओवर में 32 रन दिए हैं, लेकिन उनको अब तक एक भी सफलता मिली नहीं है।
दूसरे दिन तीसरी बार मैच रुकने के बाद फिर शुरू हो गया है। मैदान पर धूप खिल गई है। ऐसे में कम से कम एक घंटे का खेल होना तय माना जा रहा है। इस समय क्रीज पर जॉनी बेयरस्टो और जो रूट हैं। शमी गेंद के साथ तैयार हैं। वह अपने ओवर की बाकी बची 5 गेंदें फेंकेंगे।
भारतीय समयानुसार 10:30 बजे मैच फिर से शुरू होगा। उम्मीद की जा रही है कि कम से कम एक घंटे का खेल होगा।
बर्मिंघम से अच्छी खबर आ रही है। कवर्स हटाए जा रहे हैं। मैदान पर सभी ग्राउंड्समैन काफी मेहनत कर रहे हैं। उम्मीद है कि खेल जल्दी शुरू होगा। मैदान के मुआयने को लेकर नया अपडेट है। अंपायर अब मैदान का मुआयना कर रहे हैं।
एजबेस्टन से जो खबर आई है, वह क्रिकेट फैंस के लिए थोड़ी राहत भरी हो सकती है। हालांकि, बारिश कम हुई है, लेकिन रुकी नहीं है। कवर्स अभी पिच पर पड़े हुए हैं। अंपायर्स ने टी-ब्रेक ले लिया गया है।
15 ओवर का खेल हो चुका था। शमी 16वां ओवर लेकर आए। उन्होंने पहली गेंद फेंकी। इसके बाद फिर से बारिश आ गई। खिलाड़ी मैदान से पवेलियन की ओर दौड़ पड़े। फिर से खेल रोकना पड़ा। हालांकि, फुहार उतनी तेज नहीं है। उम्मीद है कि मैच जल्दी शुरू होगा। वैसे अब तक के खेल से भारतीय क्रिकेट टीम और उसके फैंस खुश होंगे।
बुमराह को फिर नो-बॉल की वजह से अतिरिक्त गेंद फेंकनी पड़ी और विकेट मिला। बुमराह 11वां ओवर लेकर आए। उनकी छठी गेंद नो-बॉल रही। इसके बाद उन्होंने अगली गेंद पर ओली पोप को श्रेयस अय्यर के हाथों कैच करा दिया। पोप की यह गेंद ऑफ स्टंप के बाहर फुल लेंथ थी। पड़कर थोड़ा बाहर की ओर निकली, पोप दूर से ही ड्राइव के लिए गए, गेंद ने बल्ले का बाहरी किनारा लिया और तीसरी स्लिप पर खड़े श्रेयस अय्यर ने कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की। ओली पोप 10 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह जॉनी बेयरस्टो क्रीज पर आए।
बारिश के बाद मैच शुरू हो चुका है। बुमराह अपना ओवर पूरा करने चार स्लिप के साथ आए। उनकी पहली ही गेंद पर रूट ने चौका जड़ दिया। हालांकि, अगली दो गेंदों में वह कोई रन नहीं बना पाए। सात ओर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 2 विकेट पर 35 रन है।
क्रिकेट फैंस के लिए अच्छी खबर है। कवर्स हटाए जा रहे हैं। ग्राउंड स्टाफ खेल को शुरू कराने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। जल्द ही मैच दोबारा शुरू हो सकता है।
इस बार बर्मिंघम से क्रिकेट फैंस के लिए अच्छी खबर आई है। बारिश रुक गई है। कुछ ही देर में अंपायर मैदान का निरक्षण करेंगे।
बर्मिंघम से जो ताजा खबर आई है, वह क्रिकेट फैंस को निराश करने वाली है। दरअसल, बारिश और तेज हो गई है। अंपायर मैदान का निरीक्षण करने मैदान में आए थे लेकिन बारिश तेज होता देख उन्हें अपना छाता खोलना पड़ा। अब लगता है कि एक सत्र धुल जाएगा।
बुमराह सातवां ओवर लेकर आए। उन्होंने शुरुआती 3 गेंदों में पोप को एक भी रन नहीं बनाने दिया। वह चौथी गेंद फेंकते इसके पहले ही फिर से बारिश आ गई। सभी खिलाड़ी वापस पवेलियन की ओर दौड़े। आप हमारे साथ जुड़े रहिए। हम जल्द ही आपको मौसम का अपडेट बताएंगे।
बुमराह पांचवां ओवर लेकर आए। उन्होंने पहली ही गेंद पर जैक क्रॉली को स्लिप शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। क्रॉली 9 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कहना गलत नहीं होगा कि कप्तान बुमराह का जादू जारी है। उन्होंने इस बार क्रॉली को चौथे-5वें स्टंप पर की गई गुड लेंथ गेंद पर ड्राइव के लिए ललचवाया। क्रॉली ड्राइव के लिए गए, गेंद ने हरकत की, बाहरी किनारा लगा और स्लिप में शुभमन ने आसान कैच लपक लिया। जैक क्रॉली की जगह जो रूट क्रीज पर आए हैं।
बारिश रुकने के बाद मैच शुरू हो चुका है। शमी पारी का चौथा ओवर लेकर आए। उनकी पहली ही गेंद पर इंग्लैंड के खाते में बाई से चार रन आए। पांचवीं गेंद पर भी क्रॉली ने लेग बाई का एक रन लिया। हालांकि, पोप ने आखिरी गेंद पर चौका जड़कर अपना खाता खोला। चार ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर एक विकेट पर 27 रन है। शमी ने 2 ओवर में 10 रन दिए हैं। बुमराह ने 2 ओवर में 11 रन देकर एक विकेट लिया है। क्रॉली के खाते में 9 रन हैं।
जिस समय लंच हुआ था, उस समय इंग्लैंड का स्कोर 3 ओवर में एक विकेट पर 16 रन था। इस तरह इंग्लैंड की टीम भारत से अभी 400 रन पीछे है। बारिश रुक गई है। क्रीज पर से कवर्स हटाए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि भारतीय समयानुसार शाम 5:45 बजे शुरू हो सकता है।
बुमराह का ओवर खत्म होने के बाद शमी गेंद डालने के लिए दौड़ गए थे, लेकिन अंतिम समय पर अंपायर ने कहा कि रुकिए गेंद नहीं डालनी है। बारिश आ गई है। कवर्स से मैदान ढक दिए गए हैं। बारिश के कारण अंपायर्स ने समय से पहले लंच का ऐलान कर दिया है। दरअसल, मौसम का पूर्वानुमान ऐसा ही है। मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ घंटों के लिए मौसम थोड़ा खराब दिख रहा है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो सकता है।
जसप्रीत बुमराह तीसरा ओवर लेकर आए। क्रॉली ने उनकी तीसरी गेंद पर चौका जड़ा। उनकी छठी गेंद नोबॉल रही। हालांकि, नोबॉल का बुमराह ने फायदा उठाया और आखिरी गेंद पर एलेक्स लीज को बोल्ड कर दिया। एलेक्स लीज 9 गेंद में 6 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह ओली पोप क्रीज पर आए। हालांकि, अगला ओवर शुरू हो पाता इससे पहले ही बारिश आ गई और खेल रोकना पड़ा।
इंग्लैंड की ओर से एलेक्स लीस और जैक क्रॉली ने पारी की शुरुआत की। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह पहला ओवर लेकर आए। उन्होंने दूसरी ही गेंद पर लीस को बीट किया। हालांकि, तीसरी गेंद पर 2 रन लेकर लीस ने अपना और इंग्लैंड का खाता खोला। दूसरा ओवर शमी लेकर आए। उनके इस ओवर की पांचवीं गेंद पर लीस ने चौका लगाया।
जेम्स एंडरसन 85वां ओवर लेकर आए। उन्होंने अपनी 5वीं गेंद पर मोहम्मद सिराज को स्टुअर्ट ब्रॉड के हाथों कैच कराया। इसके साथ ही पारी में 5 विकेट पूरे किए। इस तरह भारत की पहली पारी 84.5 ओवर 416 रन पर ऑलआउट हुई। भारतीय क्रिकेट में यह तीसरी बार है, जब टीम इंडिया ने 100 रन के भीतर 5 विकेट गंवा दिए रहे हों, इसके बावजूद 400 से ज्यादा रन का स्कोर खड़ा करने में सफल रही।
स्टुअर्ट ब्रॉड 84वां ओवर लेकर आए। उनके इस ओवर से भारत के खाते में 35 रन आए। अकेले कप्तान जसप्रीत बुमराह ने 29 रन बटोरे। उन्होंने 4 चौके और एक छक्का लगाया। इसके साथ ही यह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास का सबसे महंगा ओवर बना।
जेम्स एंडरसन 83वां ओवर लेकर आए। उन्होंने दूसरी गेंद पर इंग्लैंड को 9वीं सफलता दिलाई। उन्होंने रविंद्र जडेजा को बोल्ड किया। जडेजा 194 गेंद में 104 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 13 चौके लगाए। जब वह पवेलियन लौटे तब टीम इंडिया के खाते में 375 रन जुड़े थे।
स्टुअर्ट ब्रॉड 80वां ओवर लेकर आए। उनकी चौथी गेंद पर शमी अपर कट के लिए गए, लेकिन इसी शॉट के लिए जैक लीच को थर्डमैन को रखा गया था। वहां जैक लीच की गोद में गेंद गिरी। शमी 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी जगह कप्तान जसप्रीत बुमराह क्रीज पर आए।
मैटी पॉट्स 79वां ओवर लेकर आए। उनकी पांचवीं गेंद पर पहली और दूसरी स्लिप के बीच जडेजा का कैच छूटा और गेंद बाउंड्री के पार चली गई। अगली गेंद पर जडेजा ने चौका जड़कर अपना शतक पूरा किया। वह एजबेस्टन में टेस्ट शतक लगाने वाले चौथे भारतीय हैं। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और ऋषभ पंत ने इस मैदान पर टेस्ट शतक लगाए।
आज पांच ओवर का खेल हो चुका है। जडेजा और शमी ने 30 गेंद में 24 रन जोड़ लिए हैं। इसमें शमी के 15 रन हैं। जडेजा के खाते में 92 रन हैं। अब उन्हें अपना शतक पूरा करने के लिए 8 रन और चाहिए।
दूसरे दिन बेन स्टोक्स पहला ओवर लेकर आए। रविंद्र जडेजा ने दिन की पहली गेंद खेली। जडेजा ने उनकी तीसरी गेंद पर एक रन लेकर अपना स्कोर 84 किया। अब वह अपने शतक से सिर्फ 16 रन दूर हैं।
IND vs ENG 5th test 2nd Day Series 2022 Match Live Cricket Score: भारतीय टीम की इंग्लैंड में यह 19वीं टेस्ट सीरीज है। इससे पहले हुई 18 टेस्ट सीरीज में 14 में इंग्लैंड ने बाजी मारी है। भारतीय टीम सिर्फ 3 टेस्ट सीरीज ही जीत पाई है। भारत और इंग्लैंड के बीच साल 2002 में खेली गई टेस्ट सीरीज ड्रॉ रही थी। भारतीय टीम ने इंग्लैंड में आखिरी बार जुलाई 2007 में टेस्ट सीरीज जीती थी। तब टीम इंडिया ने 3 मैच की सीरीज 1-0 से अपने नाम की थी। उस सीरीज के दो टेस्ट मैच ड्रॉ रहे थे। पांच टेस्ट मैच की मौजूदा सीरीज में भारतीय टीम अभी 2-1 से आगे है।