इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैच की सीरीज के चौथे मैच में भारत ने 8 रन से जीत हासिल की। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीत गेंदबाजी चुनी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 185 रन बनाए। इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 177 रन ही बना पाई।

ऐसा रहा आखिरी ओवर का रोमांच

इंग्लैंड को आखिरी ओवर में जीत के लिए 23 रन बनाने थे। क्रीज पर जोफ्रा आर्चर और क्रिस जॉर्डन थे। रोहित शर्मा ने आखिरी ओवर फेंकने के लिए शार्दुल ठाकुर को गेंद थमाई। उनकी पहली गेंद पर क्रिस जॉर्डन ने एक रन लिया। दूसरी गेंद पर जोफ्रा आर्चर ने चौका लगाया। तीसरी गेंद पर आर्चर ने छक्का जड़ दिया। शार्दुल दबाव में आ गए। उन्होंने अगली दो गेंदें वाइड कीं।

इंग्लैंड को जीत के लिए 3 गेंद में चाहिए थे 10 रन

अब इंग्लैंड को जीत के लिए 3 गेंद में 10 रन चाहिए थे। मैच रोमांचक मोड़ पर था। ऐसे समय रोहित शर्मा शार्दुल को कुछ समझाते दिखे। अगली गेंद शार्दुल ने विकेट से थोड़ा बाहर की। आर्चर ने बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की, लेकिन उनका बल्ले का निचला हिस्सा टूट गया और वह एक रन ही ले पाए। स्ट्राइक जॉर्डन के पास आ गई।

छक्का लगाने के चक्कर में लपके गए क्रिस जॉर्डन

पांचवीं गेंद पर जॉर्डन ने छक्का लगाने की कोशिश की, लेकिन वह बाउंड्री लाइन के पास हार्दिक पंड्या के हाथों लपके गए। आखिरी गेंद खेलने आदिल रशीद आए। वह एक भी रन नहीं ले पाए और भारत ने मैच जीतने के साथ ही सीरीज में 2-2 की बराबरी भी हासिल की। सीरीज का आखिरी मैच 20 मार्च को इसी स्टेडियम में खेला जाएगा।

इससे पहले भारत की ओर से सूर्यकुमार यादव हाइएस्ट स्कोरर रहे। उन्होंने 28 गेंद में अपनी डेब्यू फिफ्टी जड़ी। वह 31 गेंद में 57 रन बनाकर आउट हुए। श्रेयस अय्यर 18 गेंद में 37 रन बनाकर आउट हुए। ऋषभ पंत ने 23 गेंद में 30 रन बनाए। शार्दुल ठाकुर 4 गेंद में 10 रन बनाकर नाबाद रहे।

India vs England 4th T20 LIVE: चौथे टी20 मैच की लाइव स्ट्रीमिंग के लिए यहां क्लिक करें

भारत इस मैच में और बड़ा स्कोर बना सकता था, लेकिन उसने आखिरी 7 गेंद में 3 विकेट गंवा दिए, जिससे उसे 185 रन से ही संतोष करना पड़ा। इंग्लैंड की तरफ से आर्चर सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 33 रन देकर चार विकेट लिए।

नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रात में चमका सूर्य

[ie_ipl_scorecard match_id=49845]

Live Blog

23:04 (IST)18 Mar 2021
इंग्लैंड को 6 गेंद में चाहिए 23 रन

18वें ओवर की आखिरी गेंद पर इंग्लैंड का सातवां विकेट गिरा। हार्दिक पंड्या ने सैम करन को बोल्ड कर दिया। सैम 3 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह जोफ्रा आर्चर आए। 19 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 7 विकेट पर 163 रन था। जोफ्रा आर्चर ने 7 और क्रिस जॉर्डन ने 11 रन बनाए थे।

22:54 (IST)18 Mar 2021
इंग्लैंड को 18 गेंद में बनाने हैं 39 रन

17वें ओवर में इंग्लैंड को 2 गेंद में 2 झटके लगे। शार्दुल ठाकुर ने ओवर की पहली गेंद पर स्टोक्स को सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया। स्टोक्स 4 चौके और 3 छक्के की मदद से 23 गेंद में 46 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह सैम करन बल्लेबाजी के लिए आए। हालांकि, स्ट्राइक चेंज होकर इयोन मॉर्गन के पास आ गई थी। शार्दुल ने दूसरी गेंद पर मॉर्गन को वाशिंगटन सुंदर के हाथों कैच करा दिया। मॉर्गन 6 गेंद में 4 रन बनाकर आउट हुए। मॉर्गन की जगह क्रिस जॉर्डन क्रीज पर आए। 17 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 6 विकेट पर 147 रन था।

22:44 (IST)18 Mar 2021
राहुल चाहर ने खत्म किया विकेट का सूखा

राहुल चाहर ने भारत के विकेट का सूखा खत्म किया। 15वें ओवर की पांचवीं गेंद पर उन्होंने जॉनी बेयरस्टो को वाशिंगटन सुंदर के हाथों पॉइंट पर कैच कराया। बेयरस्टो 2 चौके और एक छक्के की मदद से 19 गेंद में 25 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने आउट होने से पहले स्टोक्स के साथ चौथे विकेट के लिए 36 गेंद में 65 रन जोड़े। बेयरस्टो की जगह कप्तान इयोन मॉर्गन क्रीज पर आए। 16 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 4 विकेट पर 140 रन था। स्टोक्स 22 गेंद में 46 और मॉर्गन 5 गेंद में 4 रन बनाकर खेल रहे थे।

22:12 (IST)18 Mar 2021
हार्दिक ने खत्म की जेसन रॉय की तूफानी पारी

हार्दिक पंड्या ने अपने तीसरे ओवर में जेसन रॉय को सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच करा दिया। पंड्या ने 9वें ओवर की पांचवीं गेंद पर जेसन का विकेट झटका। जेसन ने 6 चौके और एक छक्के की मदद से 27 गेंद में 40 रन बनाए। जेसन की जगह बेन स्टोक्स बल्लेबाजी के लिए। दस ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 3 विकेट पर 71 रन था।

22:09 (IST)18 Mar 2021
राहुल चाहर ने पहले ओवर में ही झटका विकेट

राहुल चाहर ने इस मैच में अपने पहले ओवर में ही विकेट झटक लिया। उन्होंने 8वें ओवर की पांचवीं गेंद पर डेविड मलान को बोल्ड कर दिया। मलान एक छक्के के साथ 17 गेंद में 14 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह जॉनी बेयरस्टो क्रीज पर आए।

21:52 (IST)18 Mar 2021
अभी भारत से आगे है इंग्लैंड

इंग्लैंड ने पावर प्ले में 48 रन बनाए और जोस बटलर के रूप में एक विकेट गंवाया। भारत ने पावर प्ले में 45 रन बनाए थे और उसने भी एक विकेट रोहित शर्मा के रूप में गंवाया था।

21:41 (IST)18 Mar 2021
आज क्या टॉस बनेगा बॉस?

अब तक इस सीरीज में टॉस की भूमिका अहम रही है। तीनों मैच में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम हारी है। भारत ने पहले और तीसरे टी20 में टॉस हारकर बल्लेबाजी की। उसने क्रमशः 7 विकेट पर 124 और 6 विकेट पर 156 रन का स्कोर बनाया। इंग्लैंड ने दूसरे मैच में 6 विकेट पर 164 रन का स्कोर किया। इसका मतलब है कि पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को 180 या उससे ज्यादा का लक्ष्य देना होगा। हालांकि, इतना लक्ष्य भी जीत की गारंटी नहीं होगा, क्योंकि रात में हल्की ओस में बल्लेबाजी आसान हो जाती है। अब देखना है क्या आज भी टॉस बॉस बन पाता है या नहीं।

21:35 (IST)18 Mar 2021
राहुल ने लपका बटलर का कैच

भुवनेश्वर कुमार ने तीसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर जोस बटलर को राहुल के हाथों कैच करा दिया। बटलर एक छक्के की मदद से 6 गेंद में 9 रन बनाकर आउट हुए। वह जब पवेलियन लौटे तब इंग्लैंड के खाते में 15 रन ही जुड़े थे।

21:12 (IST)18 Mar 2021
इंग्लैंड बनाएगी रिकॉर्ड

इंग्लैंड सीरीज में 2-1 से आगे है। यदि वह यह मैच जीतती है तो वह पिछले 2 साल में टीम इंडिया को द्विपक्षीय टी20 सीरीज में हराने वाली पहली टीम बन जाएगी। फरवरी 2019 में ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को हराया था। उसके बाद से भारतीय टीम लगातार 6 टी20 सीरीज से अजेय है। फरवरी 2019 में ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को लगातार दो मैच में हराया था। उसके बाद से भारतीय टीम किसी भी टीम के खिलाफ लगातार 2 टी20 मैच में नहीं हारी है।

20:12 (IST)18 Mar 2021
डेब्यू मैच में ही किया कारनामा

सूर्यकुमार यादव ने 28 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर चौका जड़ अपनी फिफ्टी पूरी की। सूर्यकुमार यादव का यह एक तरह से डेब्यू मैच है। वह दूसरे पहले टी20 में भी टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में शमिल थे, लेकिन तब उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला था। इस बार इशान किशन के चोटिल होने के कारण उन्हें बल्लेबाजी का मौका मिला।

19:53 (IST)18 Mar 2021
राहुल और कोहली दोनों लौटे पवेलियन

भारत के लिए आठवां और नौवां ओवर अच्छा नहीं रहा। आठवें ओवर की चौथी गेंद पर केएल राहुल को बेन स्टोक्स ने जोफ्रा आर्चर के हाथों कैच करा दिया। राहुल 2 चौके की मदद से 17 गेंद में 14 रन ही बना पाए। अगले ओवर की चौथी गेंद पर विराट कोहली ने पवेलियन की राह पकड़ ली। आदिल रशीद की गेंद पर कोहली को जोस बटलर ने स्टम्प किया। कोहली 5 गेंद में एक रन ही बना पाए। 9 ओवर के बाद टीम इंडिया का स्कोर 3 विकेट पर 70 रन था। सूर्यकुमार यादव 18 गेंद में 35 रन बनाकर खेल रहे थे। ऋषभ पंत का खाता नहीं खुला था।

19:32 (IST)18 Mar 2021
सूर्यकुमार यादव ने की दिग्गजों की बराबरी

चौथे ओवर में भारत को पहला झटका लगा। जोफ्रा आर्चर ने ओवर की चौथी गेंद पर रोहित शर्मा का खुद ही कैच पकड़ लिया। रोहित एक चौके और एक छक्के की मदद से 12 गेंद में 12 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह सूर्यकुमार यादव क्रीज पर आए। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर खाता खोला। ऐसा कर उन्होंने कॉलिन मनरो, मार्टिन गप्टिल जैसे दिग्गजों की बराबरी की। 4 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 27 रन था।

19:15 (IST)18 Mar 2021
राहुल ने 4 पारियों बाद जड़ा चौका

दूसरा ओवर जोफ्रा आर्चर लेकर आए। उनके इस ओवर की आखिरी गेंद पर राहुल ने चौका लगाया। आर्चर के इस ओवर से भारत के लिए 6 रन आए। 2 ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना विकेट खोए 18 रन था। रोहित 6 गेंद में 11 और राहुल 6 गेंद में 6 रन बनाकर खेल रहे थे। राहुल ने चार पारियों बाद चौका जड़ा है।

19:12 (IST)18 Mar 2021
रोहित ने पहले ओवर में लगाया एक छक्का और एक चौका

भारत की ओर से रोहित शर्मा और केएल राहुल ने पारी की शुरुआत की। इंग्लैंड की ओर से आदिल रशीद पहला ओवर लेकर आए। रोहित ने उनकी पहली ही गेंद पर छक्का लगाया। रोहित ने उनकी तीसरी गेंद पर चौका जड़ा। रोहित ने पांचवीं गेंद पर एक रन लेकर स्ट्राइक केएल राहुल को दी। राहुल ने आखिरी गेंद पर एक रन लेकर अपना खाता खोला।

18:48 (IST)18 Mar 2021
ये है इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन

इंग्लैंड: जेसन रॉय, जोस बटलर (विकेटकीपर), डेविड मलान, जॉनी बेयरस्टो, इयोन मॉर्गन (कप्तान), बेन स्टोक्स, सैम करन, क्रिस जॉर्डन, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद, मार्क वुड।

18:47 (IST)18 Mar 2021
ये है टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन

भारत: रोहित शर्मा, केएल राहुल, विराट कोहली (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, भुवनेश्वर कुमार, राहुल चाहर।