भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में मंगलवार (17 जुलाई) को एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया। बतौर कप्तान वह सबसे तेजी से 3000 रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने यह कारनामा महज 49 पारियों में करके दिखाया है, जिसमें उनका अब तक का बैटिंग एवरेज 83 है। कोहली इसी के साथ मोहम्मद अजहरुद्दीन, सौरव गांगुली और महेंद्र सिंह धोनी के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले चौथे भारतीय कप्तान बन गए हैं।
विराट ने वनडे फॉर्मेट में कप्तान रहते हुए 17 पारियों में सबसे तेजी से एक हजार रन पूरे किए थे। 36 पारियों तक पहुंचे, तो उन्होंने 2000 रन का आंकड़ा छुआ, जबकि 49वीं पारी में उन्होंने 3000 रन बना लिए।
कप्तान रहते हुए सबसे तेजी से 3000 रन पूरे करने के मामले में कोहली के बाद दूसरे पायदान पर दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर एबी डिविलियर्स का नाम है, जबकि तीसरे स्थान पर भारतीय टीम के बल्लेबाज और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी काबिज हैं। उन्होंने यह रिकॉर्ड केवल 70 पारियों में अपने नाम किया था।
माही के बाद कप्तान के नाते सबसे तेजी से 3000 रन पूरे करने वाले खिलाड़ियों की सूची में दादा के नाम से मशहूर टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली का नाम है। उन्होंने 74 पारियों में सबसे तेजी से 3000 रन बनाए थे।
चौथा पायदान दो खिलाड़ियों ने साझा किया है, जिसमें दक्षिण अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ और पाकिस्तान के मिस्बाह-उल-हक के नाम हैं। इन दोनों ही बल्लेबाजों ने 83 पारियां खेलकर वनडे करियर में कप्तान रहते हुए सबसे तेजी से तीन हजार रन पूर किए थे।
वहीं, पांचवें नंबर पर श्रीलंका के सनथ जयसूर्या और ऑस्ट्रेलिया के रिकी पॉन्टिंग का नाम है। दोनों ही खिलाड़ियों ने कप्तान रहते हुए 84 पारियों में तेज रफ्तार के साथ वनडे में अपने 3000 रन पूरे किए थे।
भारत और इंग्लैंड के बीच मंगलवार को तीसरा और आखिरी वनडे खेला गया। इंग्लैंड के लीड्स स्थित हेडिंगले क्रिकेट मैदान में यह मुकाबला चल रहा था। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी की। खबर लिखे जाने तक, भारत की ओर से कप्तान कोहली ने अर्धशतक पूरा कर लिया था।