भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टी20 मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला रविवार (14 मार्च) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। भारत ने इंग्लैंड को 7 विकेट से हराकर सीरीज 1-1 से बराबर कर दिया है। टीम इंडिया के लिए कप्तान विराट कोहली और डेब्यू करने वाले इशान किशन ने अर्धशतकीय पारी खेली।

भारत ने इंग्लैंड से मिले 165 रन के लक्ष्य को 17.5 ओवर में 3 विकेट पर हासिल कर लिया। टीम इंडिया ने 166 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। कप्तान कोहली ने विजयी छक्का लगाया। उन्होंने 49 गेंदों पर नाबाद 73 रन की पारी खेली। इस दौरान 5 चौके और 3 छक्के लगाए। किशन ने 32 गेंद पर 56 रनों की विस्फोटक पारी खेली।

किशन ने बल्लेबाजी के दौरान 5 चौके और 4 छक्के लगाए। इस दौरान किशन का स्ट्राइक रेट 175 का रहा। उन्हें आदिल रशीद ने एलबीडब्ल्यू किया। ऋषभ पंत ने 13 गेंदों पर 26 रनों का योगदान दिया। उन्होंने 2 चौके और 2 छक्के लगाए। श्रेयस अय्यर 8 गेंद पर 8 रन बनाकर नाबाद रहे।

इशान किशन ने डेब्यू मैच में किया धमाका; अजिंक्य रहाणे, रॉबिन उथप्पा और रोहित शर्मा की बराबरी की

इससे पहले कोहली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इंग्लैंड ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 164 रन बनाए। टीम इंडिया को 165 रनों का लक्ष्य मिला। इंग्लैंड के लिए मैच में जेसन रॉय ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए। इयॉन मॉर्गन ने 28, डेविड मलान ने 24 और बेन स्टोक्स ने 24 रन का योगदान दिया। भारत के लिए शार्दुल ठाकुर और वॉशिंगटन सुंदर ने 2-2 विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार और युजवेंद्र चहल को एक-एक सफलता मिली।

[ie_ipl_scorecard match_id=49843]

Live Blog

21:56 (IST)14 Mar 2021
भारत ने 11 ओवर में बनाए 99 रन

भारत ने 11 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 99 रन बना लिए हैं। विराट कोहली 26 गेंद पर 38 रन बनाकर खेल रहे हैं। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया। दूसरे छोर पर ऋषभ पंत हैं। इशान किशन 32 गेंद पर 56 रन बनाकर आउट हो गए।

21:30 (IST)14 Mar 2021
भारत ने पावरप्ले में बनाए 50 रन

भारत ने पावरप्ले में 50 रन बना लिए हैं। शुरुआती 6 ओवर में सिर्फ एक झटका लगा। केएल राहुल के आउट होने के बाद इशान किशन और विराट कोहली ने पारी को संभाल लिया है। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी कर ली है। कोहली 15 गेंद पर 22 और किशन 15 गेंद पर 27 रन बनाकर खेल रहे हैं।

21:06 (IST)14 Mar 2021
भारत को लगा पहला झटका

भारत को पहले ही ओवर में पहला झटका लगा। ओपनर केएल राहुल लगातार दूसरे मैच में फेल हो गए। राहुल को सैम करन ने पवेलियन का रास्ता दिखाया। वे खाता भी नहीं खोल सके। करन की गेंद पर विकेटकीपर जोस बटलर ने उनका कैच लिया।

20:51 (IST)14 Mar 2021
इंग्लैंड ने बनाए 164 रन

इंग्लैंड ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 164 रन बनाए। टीम इंडिया को 165 रनों का लक्ष्य मिला। इंग्लैंड के लिए मैच में जेसन रॉय ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए। इयॉन मॉर्गन ने 28, डेविड मलान ने 24 और बेन स्टोक्स ने 24 रन का योगदान दिया। भारत के लिए शार्दुल ठाकुर और वॉशिंगटन सुंदर ने 2-2 विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार और युजवेंद्र चहल को एक-एक सफलता मिली।

20:38 (IST)14 Mar 2021
भारत को मिली बड़ी सफलता

भारत को मैच में बड़ी सफलता 18वें ओवर में मिली। ओवर की पहली गेंद पर शार्दुल ठाकुर ने इंग्लैंड के कप्तान इयॉन मॉर्गन को आउट कर दिया। मॉर्गन ने 20 गेंद पर 28 रन बनाए। ऋषभ पंत ने उनका कैच लिया।

20:22 (IST)14 Mar 2021
सुंदर ने किया बेयरस्टो को आउट

वॉशिंगटन सुंदर ने भारत को चौथी सफलता दिलाई। उन्होंने जॉनी बेयरस्टो को आउट किया। बेयरस्टो ने सुंदर की गेंद पर छक्का मारने के प्रयास में गेंद को ऊंचा मारा। सूर्यकुमार यादव ने दो प्रयासों में कैच लिया। पहली बार गेंद उनके हाथ से निकल गया था। इसके बाद उन्होंने दूसरे प्रयास में कैच ले लिया। इंग्लैंड ने 14 ओवर में 4 विकेट पर 120 रन बना लिए हैं। इयॉन मॉर्गन और बेन स्टोक्स क्रीज पर हैं।

20:07 (IST)14 Mar 2021
वॉशिंगटन सुंदर ने जेसन रॉय को किया आउट

वॉशिंगटन सुंदर ने 12वें ओवर की पहली गेंद पर जेसन रॉय को आउट किया। रॉय ने लंबा और ऊंचा शॉट लगाया। गेंद हवा में ज्यादा ऊपर चली गई और बाउंड्री के बाहर नहीं जा सकी। भुवनेश्वर कुमार ने शानदार कैच लिया। रॉय लगातार दूसरे मैच में अर्धशतक नहीं लगा सके। दोनों बार उन्हें सुंदर ने ही आउट किया। पिछले मैच में 49 रन पर आउट हुए थे और इस मुकाबले में 35 गेंद पर 46 रन बनाए।

19:50 (IST)14 Mar 2021
चहल ने दिलाई दूसरी सफलता

युजवेंद्र चहल ने भारत को दूसरी सफलता दिलाई। उन्होंने नौवें ओवर की दूसरी गेंद पर डेविड मलान को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। मलान ने 23 गेंद पर 24 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद जॉनी बेयरस्टो क्रीज पर उतरे हैं।

19:45 (IST)14 Mar 2021
रॉय और मलान ने की अर्धशतकीय साझेदारी

इंग्लैंड की टीम ने 8 ओवर में एक विकेट पर 64 रन बना लिए हैं। डेविड मलान 22 गेंद पर 24 और जेसन रॉय 26 गेंद पर 31 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 63 रनों की साझेदारी कर ली है। भारतीय टीम को जल्द से जल्द विकेट चाहिए।

19:34 (IST)14 Mar 2021
इंग्लैंड ने पावरप्ले में सिर्फ एक विकेट गंवाया

इंग्लैंड की टीम ने पावरप्ले यानि शुरुआती 6 ओवर में एक विकेट पर 44 रन बना लिए हैं। जेसन रॉय 17 गेंद पर 20 और डेविड मलान 18 गेंद पर 18 रन बनाकर खेल रहे हैं। भारतीय टीम को दूसरी सफलता का इंतजार है। हार्दिक पंड्या, वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर और भुवनेश्वर कुमार अब तक गेंदबाजी कर चुके हैं।

19:04 (IST)14 Mar 2021
भुवनेश्वर ने पहले ही ओवर में दिलाई सफलता

भुवनेश्वर कुमार ने भारत को पहले ही ओवर में सफलता दिलाई। उन्होंने इंग्लैंड के ओपनर जोस बटलर को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। बटलर पहली ही गेंद पर आउट हो गए। वे खाता भी नहीं खोल सके।

18:49 (IST)14 Mar 2021
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

भारत: केएल राहुल, इशान किशन, विराट कोहली (कप्तान), श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, भुवनेश्वर कुमार, युजवेंद्र चहल।

इंग्लैंड: जेसन रॉय, जोस बटलर, डेविड मलान, जॉनी बेयरस्टो, बेन स्टोक्स, इयोन मॉर्गन (कप्तान), सैम करन, क्रिस जॉर्डन, जोफ्रा आर्चर, टॉम करन, आदिल राशिद।

18:49 (IST)14 Mar 2021
भारतीय टीम में दो बदलाव

भारत ने टीम में दो बदलाव किए। शिखर धवन और अक्षर पटेल को टीम से बाहर कर दिया गया है। दोनों के स्थान पर नए खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया गया है। इशान किशन और सूर्यकुमार यादव को डेब्यू करने का मौका मिला है। दूसरी ओर, इंग्लैंड को एक बदलाव करना पड़ा है। मार्क वुड की जगह टॉम करन को टीम में शामिल किया है।