हांगझू में एशियान गेम्स के पुरुष फुटबॉल स्पर्धा के अपने पहले मुकाबले में मंगलवार को भारत को चीन से करारी हार का सामना करना पड़ा। चीन ने भारत को 5-1 से हरा दिया। हालांकि, इस दौरान 9 साल का सूखा खत्म हुआ। भारत के लिए राहुल केपी ने गोल किया। एशियन गेम्स में 9 साल बाद किसी भारतीय फुटबॉलर ने गोल किया।
पहले हाफ में भारत और चीन का स्कोर 1-1 से बराबरी पर था। दूसरे हाफ चीन ने सुनील छेत्री की टीम को वापसी करने का मौका नहीं दिया। भारत को अब दूसरे दौर में पहुंचने के लिए अपने बाकी दो मैचों में बांग्लादेश और म्यांमार को हराना होगा। ग्रुप ए के एक अन्य मैच में म्यांमार ने बांग्लादेश को 4-2 से हराया।
शुरुआती 45 मिनट में कड़ी टक्कर देखने को मिली
चीन के लिए ताओ कियांगलोंग (72वें और 75वें मिनट) ने दो गोल किए। इसके अलावा गियाओ तियानयी (17वें मिनट), डेई वेइजुन (51वें मिनट) और हाओ फेंग (90 प्लस दो मिनट) ने एक-एक गोल किया। थकी हुई और तैयारी के बिना उतरी भारत की तीसरी दर्जे की टीम ने शुरुआती 45 मिनट में खिताब के दावेदार चीन को कड़ी टक्कर दी।
टीम के पास चार विशेषज्ञ डिफेंडर भी नहीं
भारतीय गोलकीपर गुरमीत सिंह चहल ने इस दौरान काबिलेतारीफ प्रदर्शन करते हुए विरोधी कप्तान झू चेनजी की पेनल्टी किक को भी रोका। भारतीय टीम सोमवार देर शाम खेल गांव पहुंची थी। टीम के पास चार विशेषज्ञ डिफेंडर भी नहीं हैं और रक्षा पंक्ति के बीच समन्वय की कमी भी नजर आई। टीम थकी हुई भी दिखी और उनसे करिश्मे की उम्मीद करना बेमानी था। दोनों टीम के बीच बड़ा अंतर देखने को मिला।
संदेश झिंगन की गलती से दूसरा गोल हुआ
उमस और ट्रेनिंग की कमी के कारण अंतिम आधे घंटे में भारतीय टीम काफी थकी हुई लगी और उसके पास चीन के खिलाड़ियों का कोई जवाब नहीं था। संदेश झिंगन की गलती से दूसरा गोल होने के बाद चीन को तीन और गोल करने में अधिक परेशानी नहीं हुई। झिंगन ने अपने पेनल्टी बॉक्स में इसके बाद एक और गलती की जिसका फायदा उठाकर चीन ने गोल किया।
दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ी थके हुए नजर आए
कप्तान सुनील छेत्री 85 मिनट तक मैदान पर रहे, लेकिन साथी खिलाड़ियों की उम्दा मूव बनाने में नाकामी के कारण उन्हें अधिक मौके नहीं मिले। भारत के लिए राहुल केपी का प्रदर्शन सकारात्मक पक्ष रहा। अंडर-17 विश्व कप में खेल चुके राहुल दाएं छोर से अब्दुल रबीह के पास पर मिली गेंद को लेकर आगे बड़े और चीन के डिफेंडर और गोलकीपर को छकाकर गोल करने में सफल रहे। इससे पहले गियाओ ने 17वें मिनट में ही चीन को बढ़त दिला दी थी। मध्यांतर पर स्कोर 1-1 से बराबर था। दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ी थके हुए नजर आए।
