भारतीय पुरुष टीम के बाद महिला टीम भी जल्द ही ऑस्ट्रेलिया रवाना होने वाली है। बीसीसीआई ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए महिला टीम का ऐलान कर दिया है। यह सीरीज वनडे चैंपियनशिप का हिस्सा है और भारत के लिए काफी अहम है। बीसीसीआई ने टीम में बड़ा बदलाव किया है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ खराब प्रदर्शन के बाद युवा सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा को टीम से बाहर कर दिया गया है। शेफाली वर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन पारियों में केवल 56 रन बनाए थे। बीस वर्ष की शेफाली ने इस साल छह मैचों में सिर्फ 108 रन बनाये और उनका सर्वोच्च स्कोर 33 रन रहा है। ऐसे में टीम ने उन्हें ड्रॉप करने का फैसला किया है। शेफाली की जगह प्रिया पुनिया या फिर यस्तिका भटिया को स्मृति मंधाना के साथ ओपनिंग करने का मौका मिल सकता है।
उन्हें पिछले साल दिसंबर में आस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज के दौरान बीच में ही बाहर कर दिया गया था लेकिन उन्होंने इस साल जून में बेंगलुरु में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वापसी की। शेफाली ने जुलाई 2022 में श्रीलंका के खिलाफ नाबाद 71 रन बनाने के बाद से वनडे अर्धशतक नहीं लगाया है।
पिछले महीने न्यूजीलैंड को अहमदाबाद में 2-1 से हराने वाली टीम में शामिल रही उमा छेत्री, डी हेमलता, श्रेयांका पाटिल और सायली सतघारे को भी टीम में जगह नहीं मिली है। वहीं हरलीन देयोल, रिचा घोष, मिन्नू मनी , टिटास साधू और प्रिया पूनिया की वापसी हुई है।
भारत की टीम
हरमनप्रीत कौर , स्मृति मंधाना , प्रिया पुनिया, जेमिमा रोड्रिग्स, हरलीन देयोल, यास्तिका भाटिया , ऋचा घोष , तेजल हसब्निस, दीप्ति शर्मा, मिन्नू मणि, प्रिया मिश्रा, राधा यादव, तितास साधु , अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह ठाकुर, साइमा ठाकुर
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया | |||||
No. | Date | दिन | समय | मैच | वेन्यू |
1 | 5th Dec ’24 | गुरुवार | 9.50 AM IST | ODI | ब्रिस्बेन |
2 | 8th Dec ’24 | रविवार | 5.15 AM IST | ODI | ब्रिस्बेन |
3 | 11th Dec ’24 | बुधवार | 9.50 AM IST | ODI | पर्थ |