पर्थ में खेले जा रहे बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले टेस्ट मैच में टीम इंडिया दूसरी पारी में बेहद मजबूत स्थिति में पहुंच चुकी है। तीसरे दिन का खेल शुरू होते ही भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल ने अपने टेस्ट करियर का चौथा और ऑस्ट्रेलिया में पहला टेस्ट शतक जड़ दिया। पर्थ टेस्ट की पहली पारी में बिना खाता खोले आउट होने वाले यशस्वी जायसवाल ने दूसरी पारी में धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी करते हुए 205 गेंद में अपना सैकड़ा पूरा किया।
जायसवाल का ‘यशस्वी’ कारनामा
यशस्वी ने इस शतक के साथ ही इतिहास भी रच दिया। दरअसल, यशस्वी ऑस्ट्रेलिया में अपने पहले टेस्ट में शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय बने हैं। यशस्वी से पहले एमएल जयसिम्हा (1968) और सुनील गावस्कर (1977) ने यह कारनामा किया है। इसके अलावा यशस्वी जायसवाल ऑस्ट्रेलिया में 2001 के बाद छक्के के साथ सेंचुरी पूरी करने वाले तीसरे विदेशी खिलाड़ी बने हैं। उनसे पहले क्रिस गेल ने 2009 में और राहुल द्रविड़ ने 2003 में छक्के के साथ शतक पूरा किया था।
पहली पारी से लिया यशस्वी ने सबक
बता दें कि यशस्वी जायसवाल अपने पहले ऑस्ट्रेलियाई टूर पर हैं। इससे पहले वह घरेलू क्रिकेट में भी किसी एज ग्रुप क्रिकेट खेलते हुए कभी ऑस्ट्रेलिया नहीं गए। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज खत्म होते ही जायसवाल ने ऑस्ट्रेलिया दौरे की तैयारी शुरू कर दी थी और उसी का फल उन्हें मिला। यशस्वी ने ऑस्ट्रेलिया में पहले ही टेस्ट में शतक जड़ दिया। हालांकि वह इस टेस्ट की पहली पारी में 0 पर ही आउट हो गए थे। 8 गेंद का सामना करने के बाद यशस्वी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए थे। पहली पारी से सबक लेते हुए उन्होंने अपने आक्रामक अंदाज में बदलाव किया और दूसरी पारी में क्रीज पर डटकर खेले।
पर्थ टेस्ट में भारत की बढ़त 250 के पार
यशस्वी जायसवाल के शतक के साथ ही भारत पर्थ टेस्ट में बेहद मजबूत स्थिति में पहुंच चुका है। भारत ने दूसरी पारी में 200 का आंकड़ा पार कर लिया है। हालांकि जायसवाल के शतक के थोड़ी ही देर बाद भारत को केएल राहुल के रूप में पहला झटका लग गया। केएल राहुल 77 रन की पारी खेलकर आउट हुए। दूसरी पारी में खबर लिखे जाने तक भारत की लीड 266 रन की हो गई है।
यशस्वी ने इस शतक से छूए यह कीर्तिमान
23 साल से कम उम्र में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय
सचिन तेंदुलकर- 8
रवि शास्त्री- 5
सुनील गावस्कर- 4
विनोद कांबली- 4
यशस्वी जायसवाल- 4
एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय (23 साल से कम उम्र के)
सुनील गावस्कर ने 1971 में 4 शतक लगाए।
विनोद कांबली ने 1993 में 4 शतक लगाए।
रवि शास्त्री ने 1984 में 3 शतक लगाए।
सचिन तेंदुलकर ने 1992 में 3 शतक लगाए।
यशस्वी जायसवाल 2024 में 3 शतक लगा चुके हैं।
भारत के लिए ऑस्ट्रेलिया में शतक लगाने वाले बाएं हाथ के बल्लेबाज
सौरव गांगुली – 1
ऋषभ पंत- 1
यशस्वी जायसवाल- 1