India vs Australia, Ind vs Aus 1st T20: आस्ट्रेलिया ने आखिरी गेंद तक खिंचे कम स्कोर वाले पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में रविवार को यहां भारत पर तीन विकेट से रोमांचक जीत दर्ज करके दो मैचों की श्रृंखला में शुरुआती बढ़त बनायी। भारत ने पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर सलामी बल्लेबाज केएल राहुल (36 गेंदों पर 50 रन) के अर्धशतक से पहले नौ ओवरों में 76 रन जुटाये लेकिन महेंद्र सिंह धोनी (37 गेंदों पर नाबाद 29) की मौजूदगी के बावजूद वह आखिरी के 11 ओवरों में केवल 50 रन ही बना सका और इस तरह से आस्ट्रेलिया ने उसे सात विकेट पर 126 रन पर रोक दिया। इसके जवाब में आस्ट्रेलिया ग्लेन मैक्सवेल (43 गेंद पर 56) और डीआर्शी शार्ट (37 गेंद पर 37) के बीच तीसरे विकेट के लिये 84 रन की साझेदारी से एक समय आसान जीत की तरफ से बढ़ रहा था लेकिन भारत ने शानदार वापसी की। जसप्रीत बुमराह (16 रन देकर तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी के कारण आस्ट्रेलिया के सामने अंतिम छह गेंदों पर 14 रन बनाने का लक्ष्य था।
उमेश यादव आखिरी ओवर करने आये। उनके सामने आस्ट्रेलिया के पुछल्ले बल्लेबाज जॉय रिचर्डसन (नाबाद सात) और पैट कमिन्स (नाबाद सात) थे। इन दोनों ने उमेश पर एक एक चौका लगाया। कमिन्स ने पांचवीं गेंद चार रन के लिये भेजी और अंतिम गेंद पर दो रन लेकर टीम का स्कोर सात विकेट पर 127 रन पर पहुंचाया। शिखर धवन को विश्राम दिये जाने के कारण अंतिम एकादश में जगह बनाने वाले राहुल ने अपनी पारी में छह चौके और एक लगाया। उन्होंने कप्तान विराट कोहली (17 गेंदों पर 24 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिये 55 रन जोड़े। जब ये दोनों खेल रहे थे तब लग रहा था कि भारत दमदार स्कोर खड़ा करने में सफल रहेगा लेकिन मध्यक्रम लड़खड़ाने और धोनी की धीमी बल्लेबाजी से टीम अच्छा स्कोर नहीं बना पायी।
धोनी ने 11वें ओवर के शुरू में क्रीज पर कदम रखा और आखिर तक टिके रहे लेकिन उनके बल्ले से केवल एक छक्का निकला। धोनी ने यह छक्का भी 20वें ओवर में लगाया। उन्होंने 29 रन बनाये लेकिन इसके लिये 37 गेंदें खेली। धीमी बल्लेबाजी के लिये पहले भी आलोचकों के निशाने पर इस विकेटकीपर बल्लेबाज का स्ट्राइक रेट 78.37 रहा। नाथन कूल्टर नाइल आस्ट्रेलिया के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 26 रन देकर तीन विकेट लिये। जैसन बेहरनडॉर्फ (16 रन देकर एक), कमिन्स (19 रन देकर एक) और एडम जंपा (22 रन देकर एक) ने उनका अच्छा सहयोग दिया। आस्ट्रेलिया का स्कोर भी एक समय दो विकेट पर पांच रन था। मार्कस स्टोइनिस (पांच गेंद पर एक रन) गफलत में रन आउट हो गये जबकि उनकी जगह लेने के लिये उतरे कप्तान आरोन फिंच को बुमराह ने पहली गेंद पर पगबाधा आउट कर दिया।
मैक्सवेल ने उमेश पर तीन चौके तथा युजवेंद्र चहल पर छक्का और चौका लगाकर अपने इरादे जतलाये। अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय खेल रहे मयंक मार्कंडेय भी उन पर प्रभाव नहीं छोड़ पाये। उन्होंने इस लेग स्पिनर पर लांग आन पर दर्शनीय छक्का जमाया। मैक्सवेल ने 40 गेंदों पर छठा अर्धशतक पूरा किया लेकिन इसके तुरंत बाद उन्होंने चहल की टर्न लेती गेंद पर लांग आफ पर कैच थमा दिया। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और दो छक्के लगाये। यहां से मैच का पासा एकदम से पलट गया। शार्ट और एस्टन टर्नर के आउट होने से मैच अचानक रोमांचक बन गया। मार्कंडेय ने दबाव में अच्छी गेंदबाजी करके 18वें ओवर में केवल पांच रन दिये। आस्ट्रेलिया को दो ओवरों में 16 रन की दरकार थी। बुमराह ने 19वें ओवर में केवल दो रन दिये तथा पीटर हैंडसकांब (15 गेंद पर 13) और नाथन कूल्टर नाइल (चार) को आउट करके भारतीय खेमे में उम्मीद जगा दी लेकिन उमेश आखिरी ओवर में 14 रन लुटा गये।
इससे पहले भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने तीसरे ओवर में ही रोहित शर्मा (आठ गेंदों पर पांच रन) का विकेट गंवा दिया जिन्होंने बेहरानडॉर्फ की गेंद पर स्कूप करने के प्रयास में शार्ट फाइन लेग पर आसान कैच दिया। भारत की तरफ से दो अर्धशतकीय पारियां खेलकर फार्म में लौटे राहुल ने तेज गेंदबाज जॉय रिचर्डसन की लेंथ और धीमी गेंदों पर लगाये गये चौके और स्पिनर जंपा के सिर के ऊपर से लगाये गये छक्के से अपनी लय दिखायी। कोहली अपने फ्लिक, ड्राइव और स्लैश का ज्यादा देर तक प्रदर्शन नहीं कर पाये। जंपा की गेंद पर फ्लिक करके वह लांग आन पर कैच दे बैठे जबकि उनकी जगह लेने के लिये उतरे ऋषभ पंत (पांच गेंद पर तीन रन) अपनी ही गलती से रन आउट हो गये।
राहुल ने नौवें ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगाया था और इसके बाद गेंद बाउंड्री के बाहर जाने के लिये तरस गयी। राहुल ने 35 गेंदों पर अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पांचवां अर्धशतक पूरा किया लेकिन वह इसके तुरंत बाद कूल्टर नाइल की गेंद हवा में खेलने के प्रयास में मिडआफ पर आसान कैच दे बैठे। कूल्टर नाइल ने इसी ओवर में नये बल्लेबाज दिनेश कार्तिक (तीन गेंदों पर एक रन) की गिल्लियां बिखेरकर भारत को बैकफुट पर भेजा। कृणाल पंड्या (छह गेंद पर एक रन) और उमेश (चार गेंद पर दो रन) आउट होने वाले अगले बल्लेबाज थे जबकि धोनी पूरे समय रन बनाने के लिये जूझते हुए दिखे। उन्होंने इस बीच कई बार एक रन भी नहीं लिया।
उमेश यादव आखिरी ओवर लेकर आए हैं और इस ओवर की पहली गेंद पर सिंगल तो दूसरी गेंद पर चौका हुआ और तीसरी गेंद पर डबल वहीं चौथी गेंद पर सिंगल मिला। 2 गेंद पर 6 रन चाहिए और 5वीं गेंद पर चौका हुआ। आखिरी गेंद पर 2 रन चाहिए जीत के लिए और कमिंस ने इस मैच जिता दिया।
मयेक अग्रवाल इस पारी का 18वां ओवर लेकर आए हैं, ऐसे में इस ओवर में ऑस्ट्रेलिया ने कुल 5 रन बटोरे और अब 12 गेंदों में ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 16 रनों की दरकार है।
17वें ओवर में क्रुणाल पंड्या ने कमाल की गेंद पर टर्नर को आउट कर दिया है। वो अपना खाता भी नहीं खोल सके। 102 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को 5वां झटका लगा है।
16वें ओवर में एक बार फिर तालमेल में दोनों बल्लेबाजों में दिखी और ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका लगा। शार्ट आउट हो गए हैं। 100 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका लगा है।
14वें ओवर में यजुवेंद्र चहल की पहली ही गेंद पर चौका लगा। लेकिन तीसरी गेंद पर चहल ने ग्लैन मैक्सवेल को केएल राहुल के हाथों कैच करवा दिया।
12वां ओवर यजुवेंद्र चहल डाल रहे थे। इस ओवर की पहली ही गेंद पर चौका लगा। यजुवेंद्र ने इस ओवर में कुल 7 रन दिए। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 78 रन पहुंच चुका है।
10वें ओवर में बाउंड्री के पास रोहित शर्मा ने मैक्सवेल का कैच पकड़ने की बेहतरीन कोशिश की, लेकिन मैक्सवेल बाल-बाल बच गए। मार्कडेय के इस ओवर में ग्लेन मैक्सवेल ने छक्का भी जड़ा। टीम ने इस ओवर के खत्म होने तक 67 रन बना लिए थे।
मयंक मार्कंडेय टीम इंडिया का 8वां ओवर लेकर आए हैं। अपने पहले ओर में इस गेंदबाज ने 7 रन खर्चे। 8 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर अभी 51 रन है।
छठा ओवर लेकर चहल लकेर आए हैं और पहली ही गेंद पर मैक्सवेल ने उनका स्वागत छक्के के साथ किया है। 6 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर अब 40-2 हो गया है।
दूसरी पारी का चौथा और अपने खाते का पहला ओवर लेकर उमेश यादव आए थे और इस ओवर में ऑस्ट्रेलिया ने कुल 13 रन बटोरे और 4 ओवर के बाद टीम का स्कोर 2 विकेट खोकर 22 रन बना लिए हैं।
तीसरे ओवर की पहली ही गेंद पर बुमराह ने एरॉन फिंच को एलबीडब्लयू कर ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका दिया है। फिंच खाता भी नहीं खोल सके। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 5-2 है।
127 रनों के जवाब में उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम का स्वागत जसप्रीत बुमराह ने किया और इस पहले ओवर में ऑस्ट्रेलिया ने कुल 4 रन बनाए।
भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 126 रन बनाए हैं, ऐसे में ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए केवल 127 रन बनाने हैं। अब देखना होगा कि ये टीम किस तरह का प्रदर्शन करती है।
18 ओवर का खेल हो चुका है और भारत ने 7 विकेट खोकर 115 रन बना लिए हैं। अब देखना होगा कि भारत आखिर 12 गेंदों में कितने और रन बटोरती है।
6 विकेट खोने के बाद अब सारा दारोमदार एमएस धोनी के कंधों पर है। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर अब 104 रन ही है।
14 ओवर का खेल हो चुका है और टीम इंडिया ने 5 विकेट खोकर 95 रन बनाए हैं। अब ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने पूरी तरह से इस मैच में अपना प्रभाव जमा लिया है, और भारतीय बल्लेबाजों पर शिकंजा कसे हुए है।
13वें ओवर में भारत को एक और बड़ा झटका लगा है और केएल राहुल 50 रन बनाकर आउट हो गए हैं। 92 के स्कोर पर ये भारत को बड़ा झटका लगा है।
ऋषभ पंत के आउट होने के बाद एमएस धोनी बल्लेबाजी करने के लिए आए हैं और उन्होंने डबल के साथ अपना खाता खोला है। 11 ओवर के बाद भारत का स्कोर अब 85-3 है।
भारत ने 9वें ओवर में अपना दूसरा विकेट कप्तान कोहली के रूप में गंवा दिया है, लेकिन केएल राहुल रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। 9 ओवर के बाद भारत का स्कोर अब 76 पहुंच गया है। पंत कोहली की जगह आए हैं।
8 ओवर का खेल हो चुका है और टीम इंडिया ने केएल राहुल और विराट कोहली की दमदार पारी के दम पर भारत का स्कोर अब 65 पर पहुंचा दिया है। दोनों के बीच 50 से अधिक रनों की साझेदारी हो चुकी है।
कप्तान कोहली ने 5वें ओवर का शानदार तरीके से स्वागत किया है और पहली गेंद पर चौका जड़ा। वहीं 5 ओवर के बाद अब भारत का स्कोर रोहित का विकेट खोने के बाद 38 रन बना लिए हैं।
रोहित शर्मा के जल्दी आउट होने के बाद अब विराट कोहली मैदान में आ गए हैं। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर अब 15-1 है। केएल राहुल-विराट से बड़ी उम्मीदें होंगी।
पहले ओवर में भारत को सिर्फ 1 ही रन से संतोष करना पड़ा था। वहीं, दूसरे ओवर की पहली गेंद पर रोहित ने फिर एक सिंगल चुराया और फिर केएल राहुल ने दूसरी गेंद पर चौका जड़ा। वहीं दो ओवर के बाद भारत का स्कोर दौ चौके के साथ 12-0 है।
इस मैच का आगाज हो चुका है और भारत की तरफ से रोहित शर्मा और केएल राहुल मैदान में पहुंच गए हैं। वहीं, पुलवामा में शहीद जवानों के लिए हाथ पर काली पट्टी बांधकर उतरी है टीम इंडिया।
धवन को आराम दिए जाने के बाद अब देखना होगा कि आखिर रोहित शर्मा और केएल राहुल किस तरह का प्रदर्शन करते हैं।
इस मैच में शिखर धवन को आराम दिया गया है जबकि उनकी जगह टीम में केएल राहुल को शामिल किया गया है। भुवी की जगह उमेश यादव नजर आएंगे।