भारत ने मंगलवार यानी 4 फरवरी 2020 को आईसीसी अंडर19 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई। उसने पहले गेंदबाजों फिर यशस्वी जायसवाल के शतक और दिव्यांश सक्सेना के अर्धशतक के दम पर सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 10 विकेट से करारी मात दी। दक्षिण अफ्रीका के पोटचेफस्ट्रूम स्थित  सेनवेस क्रिकेट स्टेडियम पर खेले गए इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी थी भारत को जीत के लिए 173 रन का लक्ष्य मिला था। उसने 35.2 ओवर मे बिना विकेट गंवाए 176 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। यशस्वी मैन ऑफ द मैच चुने गए।

इससे पहले टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि, सुशांत मिश्रा, कार्तिक त्यागी और रवि बिश्नोई की शानदार गेंदबाजी के आगे उसकी पूरी टीम 43.1 ओवर में 172 रन पर ऑलआउट हो गई। सुशांत ने 28 रन देकर 3 विकेट लिए। कार्तिक ने 32 और रवि ने 46 रन देकर 2-2 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। अथर्व अंकोलेकर और यशस्वी जायसवाल ने क्रमशः 29 और 11 रन देकर 1-1 विकेट लिए।

India U19 vs Pakistan U19 Live Score – यहां जानिए लाइव स्कोर

भारत की ओर से यशस्वी जायसवाल और दिव्यांश सक्सेना ने पारी की शुरुआत की। यशस्वी ने 8 चौके और 4 छक्के की मदद से 113 गेंद पर नाबाद 105 रन बनाए। उन्होंने छक्का मारकर शतक पूरा किया। इस तरह उन्होंने वीरेंद्र सहवाग की याद ताजा कर दी। दिव्यांश ने 6 चौके की मदद से 99 गेंदों पर नाबाद 59 रन बनाए। इस मैच में भारत की कमान प्रियम गर्ग ने संभाली। पाकिस्तान की कप्तानी का दारोमदार रोहेल नाजिर के पास था।

भारत-पाक के बीच होने वाले इस सेमीफाइनल के रोमांच का लाइव प्रसारण आप Star Sports के विभिन्न नेटवर्क पर देख सकते हैं। जबकि इस मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग Jio tv पर होगी। वहीं, इस मुकाबले की ताजा अपडेट के लिए आप हमारी वेबसाइट Jansatta.com पर भी विजिट कर सकते हैं।

Live Blog

Highlights

    20:03 (IST)04 Feb 2020
    ऐसी रही जीत

    भारत को 15 ओवर में 5 रन बनाने थे। यशस्वी को शतक पूरा करने के लिए एक रन की जरूरत थी। दिव्यांश सक्सेना स्ट्राइक पर थे। आमिर अली ने उन्हें गेंद फेंकी, जो वाइड हो गई, लेकिन दिव्यांश ने दौड़कर एक रन ले लिया। इस तरह भारत को जीत के लिए सिर्फ 3 रन की जरूरत बची। अब स्ट्राइक पर यशस्वी जायसवाल थे। उन्होंने आमिर की अगली गेंद पर छक्का जड़कर न सिर्फ अपना शतक पूरा किया, बल्कि टीम को फाइनल में भी पहुंचा दिया।

    19:39 (IST)04 Feb 2020
    15 ओवर 5 रन

    यशस्वी जायसवाल ने 110 गेंद पर 97 रन बना लिए हैं। भारत का स्कोर 34.4 ओवर में बिना विकेट खोए 166 रन है। दिव्यांश सक्सेना 59 रन पर खेल रहे हैं। भारत को जीत के लिए सिर्फ 5 रन की जरूरत है।

    19:21 (IST)04 Feb 2020
    यशस्वी छक्का

    यशस्वी 100 गेंद पर 89 रन बनाकर खेल रहे हैं। उन्होंने 31वें ओवर में लगातार 2 छक्के लगाए। इस ओवर में दिव्यांश ने भी एक चौका लगाया। अब्बास अफरीदी के इस ओवर में भारत ने 18 रन बनाए।

    19:10 (IST)04 Feb 2020
    एक ओवर 12 रन

    यशस्वी जायसवाल ने अब तेजी से हाथ दिखाने शुरू कर दिए हैं। उन्होंने पारी के 29वें ओवर में 2 बार गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाया। अब्बास अफरीदी के इस ओवर में भारत ने 12 रन बटोरे।

    18:49 (IST)04 Feb 2020
    26 रन बाउंड्री से बनाए

    यशस्वी जायसवाल ने 5 चौके और एक छक्के की मदद से 66 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने आमिर खान के ओवर की पहली और तीसरी गेंद को सीमा रेखा के पार भेजा। दिव्यांश सक्सेना भी अपने खाते में 40 रन जोड़ चुके हैं।

    18:19 (IST)04 Feb 2020
    3.31 का चाहिए रनरेट

    धीमी शुरुआत के बाद अब यशस्वी जायसवाल और दिव्यांश सक्सेना ने तेज हाथ दिखाने शुरू कर दिए हैं। दोनों ने पहले विकेट के लिए अब तक 14.4 ओवर में 56 रन जोड़ लिए हैं। जीत के लिए भारत को अभी 3.31 रनरेट के स्कोर करना है।

    18:03 (IST)04 Feb 2020
    2 ओवर 2 चौके

    भारत के लिए करीब 7 ओवर बाद बाउंड्री आई। पाकिस्तान की ओर से 10वां ओवर आमिर खान लेकर आए। दिव्यांश सक्सेना ने उनकी तीसरी गेंद को बाउंड्री के पार भेज दिया। दिव्यांश ने 11वें ओवर की पहली गेंद पर भी अब्बास अफरीदी को भी चौका जड़ा।

    17:50 (IST)04 Feb 2020
    3.46 का चाहिए रनरेट

    7 ओवर का खेल हो चुका है। भारत ने बिना विकेट खोए 25 रन बना लिए हैं। यशस्वी जायसवाल 14 और दिव्यांश सक्सेना 8 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत को अभी जीत के लिए 3.46 रनरेट से स्कोर करना है।

    17:30 (IST)04 Feb 2020
    भारत की अच्छी शुरुआत

    पाकिस्तान की ओर से पहला ओवर ताहिर हुसैन लेकर आए। भारत की ओर से यशस्वी जायसवाल और दिव्यांश सक्सेना ने पारी की शुरुआत की। यशश्वी ने दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर चौका जड़ा। दूसरे ओवर में भारत ने 7 रन बनाए।

    17:03 (IST)04 Feb 2020
    भारतीय तिकड़ी के आगे पाकिस्तान पस्त

    सुशांत मिश्रा, कार्तिक त्यागी और रवि बिश्नोई की घातक गेंदबाजी के आगे पाकिस्तान की पूरी टीम 43.1 ओवर में 172 रन पर सिमट गई। पाकिस्तान की ओर से रोहेल नजीर, हैदर अली और मोहम्मद हैरिस ही दहाई का आंकड़ा छू पाए। दो बल्लेबाज तो खाता भी नहीं खोल पाए।

    16:47 (IST)04 Feb 2020
    कप्तान रोहेल नजीर भी आउट

    रोहेल नजीर पाकिस्तान के 8वें विकेट के रूप में पवेलियन लौटे। उन्होंने 102 गेंद पर 6 चौके की मदद से 62 रन बनाए। वे सुशांत मिश्रा की शॉर्ट पिच गेंद को पुल करने के चक्कर में स्क्वायर लेग पर तिलक वर्मा को अपना कैच थमा बैठे।

    16:29 (IST)04 Feb 2020
    पाकिस्तान 39 ओवर में 164/7

    अभी 39 ओवरों का खेल हुआ है और पाकिस्तान के 7 बल्लेबाज आउट हो चुके हैं। 38वें ओवर में कार्तिक त्यागी ने इरफान खान को बोल्ड किया। 39वें ओवर की पहली गेंद पर रवि बिश्नोई ने अब्बास अफरीदी को एलबीडब्ल्यू कर दिया। 39 ओवरों बाद पाकिस्तान का स्कोर 164/7 था। 

    16:05 (IST)04 Feb 2020
    आधी टीम पवेलियन पहुंची

    पाकिस्तान की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। पांचवें विकेट के रूप में मोहम्मद हैरिस पवेलियन पहुंचे। अथर्व अंकोलेकर की गेंद पर दिव्यांश सक्सेना काफी दूर से दौड़ते हुए हैरिस का शानदार कैच पकड़ा।

    15:46 (IST)04 Feb 2020
    चौथा झटका

    125 के स्कोर पर पाकिस्तान को चौथा झटका लगा है और कासिम 9 रन बानकर आउट हो गए हैं। रोहेल अपने अर्धशतक के काफी करीब पहुंच गए हैं। 

    15:30 (IST)04 Feb 2020
    100 के पार पाकिस्तान

    28वें ओवर का खेल चल रहा है और पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने तीन विकेट खोकर अपनी टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचा दिया है। कासिम और रोहेल अभी मैदान पर हैं। 

    15:13 (IST)04 Feb 2020
    हैदर ने जड़ा अर्धशतक

    पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज हैदर ने मुश्किल परिस्थितियों में बल्लेबाजी करते हुए शानदार अर्धशतक जड़ दिया है। पाकिस्तान का स्कोर अब 100 के करीब पहुंच गया है। 

    14:57 (IST)04 Feb 2020
    अच्छी लय में हैदर अली

    हैदर अली पाकिस्तान की ओर से अच्छी बल्लेबाजी करते दिख रहे हैं। वहीं, रोहेल भी उनका साथ निभाते नजर आ रहे हैं। भारतीय गेंदबाजों ने शिकंजा कसा है लेकिन भारत को विकेट की दरकार है। 

    14:42 (IST)04 Feb 2020
    पाकिस्तान को साझेदारी की दरकार

    पाकिस्तान ने दो विकेट जल्दी गंवाए हैं। ऐसे में रोबेल और हैदर को एक साझेदारी बनानी होगी। 15 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर अभी 55 रन है। 

    14:32 (IST)04 Feb 2020
    13 ओवर के बाद पाकिस्तान

    13 ओवर का खेल हो चुका है और पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने 46 रन बनाकर 2 विकेट खो दिए हैं। हैदर और रोहेल बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

    14:16 (IST)04 Feb 2020
    फवाद नहीं खोल पाए खाता

    फवाद मुनीर के पवेलियन लौटने के साथ ही पाकिस्तान को दूसरा झटका लगा। रवि बिश्नोई ने फवाद को अपना शिकार बनाया। फवाद बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में रवि बिश्नोई की गुगली में फंस गए और ऑफ साइड में अथर्व को कैच थमा बैठे। फवाद ने 16 गेंदें खेलीं, लेकिन अपना खाता नहीं खोल पाए।

    13:57 (IST)04 Feb 2020
    पाकिस्तान ने एक विकेट गंवाया, 27 रन बनाए

    पांच ओवर का खेल हो चुका है। पाकिस्तान के ओपनर हैदर अली 18 रन बनाकर खेल रहे हैं। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए फहाद मुनीर अभी खाता नहीं खोल पाए हैं। सुशांत ने 10 रन देकर एक विकेट लिया है। कार्तिक ने तीन ओवर में 14 रन दिए हैं।

    13:45 (IST)04 Feb 2020
    हुरैरा पवेलियन लौटे

    भारत की ओर से दूसरा ओवर सुशांत मिश्रा लेकर आए। उनकी पहली गेंद पर मोहम्मद हुरैरा ने चौका जड़ दिया। इसके बाद अगली चार गेंद पर वे कोई रन नहीं बना पाए। पांचवीं गेंद वाइड हो गई। हालांकि, छठी गेंद को उठाकर मारने के चक्कर में वे दिव्यांश सक्सेना के हाथों कैच आउट हो गए।

    13:15 (IST)04 Feb 2020
    भारत को दिखाना होगा दम

    इस मुकाबले में टॉस भारत के पक्ष में नहीं गिरा है, लेकिन कप्तान गर्ग ने कहा कि वह पहले गेंदबाजी ही करना चाहते थे। ऐसे में भारतीय गेंदबाजों को इस मुकाबले में दम दिखाना होगा। 

    13:12 (IST)04 Feb 2020
    पाक प्लेइंग इलेवन

    हैदर अली, मोहम्मद हुरैरा, रोहेल नजीर (w / c), फहद मुनीर, कासिम अकरम, मोहम्मद हारिस, इरफान खान, अब्बास अफरीदी, ताहिर हुसैन, आमिर अली, मोहम्मद अमीर खान

    13:03 (IST)04 Feb 2020
    पाक ने जीता टॉस

    इस मुकाबले में पाक के कप्तान ने टॉस जीता है और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया है। अब देखना होगा कि आखिर भारतीय गेंदबाज किस तरह का प्रदर्शन करते हैं। 

    12:34 (IST)04 Feb 2020
    रोमांचक होगा मुकाबला

    भारत-पाक के बीच होने वाला यह मुकाबला कांटे की टक्कर का हो सकता है। भारत-पाक के बीच मुकाबले को लेकर पूरी दुनिया की नजर होती है। ऐसे में यह रोमांचक मुकाबला हो सकता है। 

    12:08 (IST)04 Feb 2020
    यशस्वी जायसवाल का रोल होगा अहम

    सेमीफाइनल के इस मुकाबले में बाए हाथ के बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का रोल अहम होने वाला है। यशस्वी कमाल की लय में दिख रहे हैं। इस बल्लेबाज का रन बनाना आज बहु जरूरी है। 

    11:46 (IST)04 Feb 2020
    टॉस का रोल अहम

    इस मुकाबले के लिए टॉस का रोल अहम होने वाला है। जो भी टीम टॉस जीतेगी उसकी कोशिश होगी कि वह पहले बल्लेबाजी करे। ऐसे में देखना होगा कि आखिर सिक्का किसके पक्ष में गिरता है।