भारतीय अंडर-19 टीम ने मंगलवार यानी 4 फरवरी 2020 को पाकिस्तान की अंडर-19 क्रिकेट टीम को 10 विकेट से हरा दियाॉ। इसके साथ ही उसने आईसीसी अंडर19 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई। दक्षिण अफ्रीका के पोटचेफस्ट्रूम स्थित  सेनवेस क्रिकेट स्टेडियम पर खेले गए इस मैच में भारत को जीत के लिए 173 रन बनाने थे, जो उसने यशस्वी जायसवाल के शानदार शतक और दिव्यांश सक्सेना के अर्धशतक के दम पर 35.2 ओवर में बिना विकेट गंवाए ही हासिल कर लिया। यशस्वी मैन ऑफ द मैच चुने गए।

इससे पहले पाकिस्तान के कप्तान रोहेल नजीर ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। हालांकि, उनका यह फैसला सही साबित नहीं हुआ और पूरी टीम 43.1 ओवर में 172 रन पर पवेलियन लौट गई। उसकी ओर से ओपनर हैदर अली (56), रोहेल नजीर (62) और मोहम्मद हैरिस (21) ही दहाई का आंकड़ा छू पाए। दो बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल पाए। भारत की ओर से सुशांत मिश्रा सबसे सफल रहे। उन्होंने 28 रन देकर 3 विकेट लिए। उनके अलावा कार्तिक त्यागी और रवि बिश्नोई भी 2-2 विकेट लेने में सफल रहे। अथर्व अंकोलेकर और यशस्वी जायसवाल ने भी 1-1 विकेट लिए।

India U19 vs Pakistan U19 World Cup 2020 Semi-Final – यहां जानिए ऑनलाइन स्ट्रीमिंग

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत ने 35.2 ओवर में बिना विकेट गंवाए 176 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। भारत की ओर से यशस्वी जायसवाल ने 113 गेंद पर 8 चौके और 4 छक्के की मदद से नाबाद 105 रन बनाए। उन्होंने छक्का मारकर अपना शतक पूरा किया। ऐसा कर उन्होंने वीरेंद्र सहवाग की याद दिला दी। वहीं, दूसरे ओपनर दिव्यांश सक्सेना ने 99 गेंदों पर 6 चौके की मदद से नाबाद 59 रन बनाए। इस मैच में भारत की कमान प्रियम गर्ग के हाथों में थी। वहीं पाकिस्तान की कप्तानी का दारोमदार रोहेल नाजिर ने उठाया।

Live Blog

20:05 (IST)04 Feb 2020
यशस्वी छक्का

35 ओवर में भारत ने बिना विकेट खोए 168 रन बना लिए थे। इस तरह उसे जीत के लिए 90 गेंदों में सिर्फ 5 रन बनाने थे। यशस्वी 99 रन पर खेल रहे थे। दिव्यांश सक्सेना स्ट्राइक पर थे। आमिर अली 36वां ओवर फेंकने आए। उनकी दूसरी गेंद वाइड हो गई, लेकिन जब तक गेंद फील्ड होती तब तक दिव्यांश ने दौड़कर एक रन ले लिया। इस तरह भारत को जीत के लिए 3 रन की जरूरत बची। अब स्ट्राइक पर यशस्वी जायसवाल थे। उन्होंने आमिर की अगली गेंद पर छक्का जड़कर न सिर्फ अपना शतक पूरा किया, बल्कि टीम को फाइनल में भी पहुंचा दिया।

19:37 (IST)04 Feb 2020
16 ओवर में 12 रन

भारत ने 34 ओवर में बिना विकेट खोए 161 रन बना लिए हैं। यशस्वी जायसवाल 93 और दिव्यांश सक्सेना 58 रन बनाकर खेल रहे हैं। उसे जीत के लिए सिर्फ 12 रन की जरूरत है, जबकि अभी 16 ओवर फेंके जाने बाकी हैं।

19:23 (IST)04 Feb 2020
यशस्वी शतक के करीब

यशस्वी 101 गेंद पर 91 रन बनाकर खेल रहे हैं। वे टूनार्मेंट के किसी एक मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। वे जिस लय में बल्लेबाजी कर रहे हैं उसे देखकर लग रहा है कि वे शतक बनाकर ही पवेलियन लौटेगें।

19:13 (IST)04 Feb 2020
2.14 का रनरेट चाहिए

29 ओवर का खेल हो चुका है। यशस्वी जायसवाल 74 और दिव्यांश सक्सेना 47 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों बल्लेबाज पहले विकेट के लिए नाबाद 128 रन जोड़ चुके हैं। भारत को जीत के लिए अभी 45 रन की और जरूरत है, जबकि उसके पास 21 ओवर हैं।

18:56 (IST)04 Feb 2020
यशस्वी की फिफ्टी

भारत  ने बिना विकेट खोए 100 से ज्यादा रन का स्कोर कर लिया है। इसमें यशस्वी जायसवाल के 56 और दिव्यांश सक्सेना के 42 रन हैं। दिव्यांश भी अर्धशतक बनाने को उत्सुक दिख रहे हैं।

18:17 (IST)04 Feb 2020
50 रन पूरे

यशस्वी जायसवाल और दिव्यांश सक्सेना की समझदार पूर्ण पारी के दम पर भारत ने 14 ओवर में बिना विकेट खोए 52 रन बना लिए हैं। यशस्वी और दिव्यांश दोनों ने अब तक 3-3 चौके लगाए हैं। भारत को अभी 3.38 के रनरेट से स्कोर करना है।

18:05 (IST)04 Feb 2020
लय में आ रहे भारतीय

दिव्यांश सक्सेना और यशस्वी जायसवाल की रणनीति सही साबित होती दिख रही है। दोनों बल्लेबाज काफी देर से क्रीज पर हैं। उनकी आई सेट हो चुकी हैं। यही वजह है कि वे बीच-बीच में बाउंड्री में लगा रहे हैं। दिव्यांश ने 10वें और 11वें ओवर में एक-एक चौका मारा।

17:52 (IST)04 Feb 2020
संभलकर कर रहे बल्लेबाजी

यशस्वी जायसवाल और दिव्यांश सक्सेना धीरे-धीरे पारी को आगे बढ़ा रहे हैं। चूंकि भारत के सामने लक्ष्य बड़ा है, ऐसे में उनकी यह रणनीति बिल्कुल सही दिख रही है। 6 ओवरों के बाद भारत का स्कोर बिना विकेट गंवाए 26 रन है। यशस्वी 14 और दिव्यांश 8 रन बनाकर खेल रहे हैं।

17:26 (IST)04 Feb 2020
भारत की सधी शुरुआत

भारत की ओर से यशस्वी जायसवाल और दिव्यांश सक्सेना ने पारी की शुरुआत की। पाकिस्तान की ओर से ताहिर हुसैन पहला ओवर लेकर आए। ताहिर के इस ओवर में यशस्वी ने 3 रन बनाए। दो रन अतिरिक्त से आए।

16:59 (IST)04 Feb 2020
पाकिस्तान ऑलआउट

पाकिस्तान की पूरी टीम 43.1 ओवर में 172 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से सुशांत मिश्रा ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। उनके अलावा कार्तिक त्यागी और रवि बिश्नोई ने भी 2-2 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।

16:45 (IST)04 Feb 2020
पाकिस्तान को 8वां झटका

42वें ओवर में पाकिस्तान का आठवां विकेट गिरा। कप्तान रोहेल नजीर 62 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 6 चौके लगाए। उन्हें सुशांत मिश्रा की गेंद पर स्क्वायर लेग पर तिलक वर्मा ने लपका।

16:24 (IST)04 Feb 2020
6 गेंद में 2 विकेट

पाकिस्तान के 6 गेंद के अंदर दो विकेट गिर गए। 38वें ओवर की दूसरी गेंद पर कार्तिक त्यागी ने इरफान खान बोल्ड कर दिया। इरफान 9 गेंद पर 3 रन ही बना पाए। 38वें ओवर की पहली गेंद पर रवि बिश्नोई ने अब्बास अफरीदी को एलबीडब्ल्यू कर पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने 3 गेंद पर 2 रन बनाए।

16:07 (IST)04 Feb 2020
हैरिस भी आउट

34वें ओवर की चौथी गेंद पर पाकिस्तान को पांचवां झटका लगा। मोहम्मद हैरिस 15 गेंद पर 21 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान एक चौका और एक छक्का लगाया। अथर्व अंकोलेकर की गेंद पर दिव्यांश सक्सेना ने उनका बहुत ही शानदार कैच पकड़ा।

16:07 (IST)04 Feb 2020
हैरिस भी आउट

34वें ओवर की चौथी गेंद पर पाकिस्तान को पांचवां झटका लगा। मोहम्मद हैरिस 15 गेंद पर 21 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान एक चौका और एक छक्का लगाया। अथर्व अंकोलेकर की गेंद पर दिव्यांश सक्सेना ने उनका बहुत ही शानदार कैच पकड़ा।

16:01 (IST)04 Feb 2020
रन आउट

31वें ओवर की तीसरी गेंद पर ध्रुव जुरेल और अथर्व ने कासिम अकरम को रन आउट कर दिया। कासिम ने 16 गेंद पर 9 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान एक चौका लगाया। 

15:38 (IST)04 Feb 2020
30 ओवर के बाद पाकिस्तान

30 ओवर का खेल हो चुका है और पाकिस्तान की टीम ने तीन विकेट खोकर 117 रन बना लिए हैं। रोहेल अपने अर्धशतक की ओर बढ़ रहे हैं.जबकि कासिम उनका साथ निभा रहे हैं। 

15:20 (IST)04 Feb 2020
हैदर आउट

96 के स्कोर पर पाकिस्तान को तीसरा झटका लगा है और खतरनाक लय में दिख रहे हैदर 56 रन बनाकर आउट हो गए हैं। यशस्वी ने भारत को यह सफलता दिलाई है। 

15:06 (IST)04 Feb 2020
अर्धशतक के करीब हैदर

पाकिस्तान के बल्लेबाज हैदर अपने अर्धशतक के करीब आ गए हैं। 43 रन बनाकर वह बल्लेबाजी कर रहे हैं। जबकि रोहेल भी अच्छी लय में दिख रहे हैं। 21 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 80-2 है। 

14:54 (IST)04 Feb 2020
पनप रही साझेदारी

दो विकेट गिरने के बाद अब हैदर और रोहेल के बीच एक साझेदारी पनप रही है। 17 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 60-2 है। 

14:34 (IST)04 Feb 2020
50 के पार पाकिस्तान

13वें ओवर में पाकिस्तान ने दो विकेट खोकर 50 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। भारतीय गेंदबाज बल्लेबाजों पर पूी तरह से हावी दिख रहे हैं। 

14:34 (IST)04 Feb 2020
50 के पार पाकिस्तान

13वें ओवर में पाकिस्तान ने दो विकेट खोकर 50 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। भारतीय गेंदबाज बल्लेबाजों पर पूी तरह से हावी दिख रहे हैं। 

14:26 (IST)04 Feb 2020
आकाश का कमाल ओवर

मैच का 12वां ओवर लेकर आकाश सिंह आए थे और इस ओवर में उन्होंने धारदार गेंदबाजी का मुजायरा पेश किया है। इस ओवर से केवल 3 रन आए हैं। 12 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 45-2 है। 

14:19 (IST)04 Feb 2020
रवि ने दिलाई सफलता

रवि बिश्नोई ने भारत को दूसरी सफलता दिलाई। उन्होंने फवाद मुनीर को अथर्व के हाथों कैच आउट कराया। फवाद 16 गेंदें खेलने के बावजूद खाता नहीं खोल पाए थे। 

14:09 (IST)04 Feb 2020
सुशांत का बॉलिंग स्पैल 4-0-13-1

सुशांत मिश्रा बहुत ही शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं। उन्होंने 8वां ओवर फेंका। इसमें उन्होंने सिर्फ एक रन दिया। उन्होंने अब तक 4 ओवर में 13 रन दिए हैं और एक विकेट भी झटक लिया है।

14:02 (IST)04 Feb 2020
पाकिस्तान = 27/1 (6.0)

पाकिस्तान ने 6 ओवर में एक विकेट गंवाया और 27 रन बनाए। इसमें उसके ओपनर हैदर अली के 18 रन हैं। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए फवाद मुनीर का अभी खाता नहीं खुला है। मोहम्मद हुरैरा 4 रन बनाकर पवेलियन लौटे हैं।

13:48 (IST)04 Feb 2020
सुशांत ने दिलाई पहली सफलता

सुशांत मिश्रा ने दूसरा ओवर फेंका। मोहम्मद हुरैरा ने उनकी पहली गेंद पर ही चौका जड़ दिया, लेकिन अगली चार गेंदों पर वे एक भी रन नहीं बना पाए। ओवर की आखिरी गेंद को उन्होंने सीधा बाउंड्री के बाहर भेजने की सोची, लेकिन स्क्वायर लेग से थोड़ा दूर दिव्यांश सक्सेना ने उन्हें लपकने में कोई चूक नहीं की।

13:37 (IST)04 Feb 2020
जड़ा चौका

पहले ओवर में पाकिस्तान सिर्फ 4  रन बना पाए। ये रन हैदर अली के बल्ले से निकले। उन्होंने कार्तिक त्यागी की तीसरी गेंद को सीमा रेखा के पार भेजा। एक गेंद के अलावा पाकिस्तान के दोनों ओपनर कार्तिक की किसी भी गेंद पर रन नहीं बना पाए।

13:31 (IST)04 Feb 2020
कार्तिक के हाथ में गेंद

इस मुकाबले का पहला ओवर कार्तिक त्यागी फेंक रहे हैं और पाक की ओर से बतौर सलामी बल्लेबाज हुरैरा और हैदर मैदान में पहुंचे हैं। 

13:24 (IST)04 Feb 2020
गेंदबाजों को दिखाना होगा दम

भारतीय टीम अब पहले गेंदबाजी करने जा रही है तो ऐसे में कार्तिक और आकाश पर सभी की नजर होगी। देखना होगा कि आखिर पाक के सलामी बल्लेबाज किस तरह से बैटिंग करते हैं। 

13:18 (IST)04 Feb 2020
पाकिस्तान के आंकड़े मजबूत

भारत-पाक के बीच अंडर-19 वर्ल्ड कप में भिड़त के आंकड़ों पर गौर करें तो अबतक 9 बार दोनों के बीच टक्कर हुई है। इसमें पाकिस्तान ने 5 तो भारत ने 4 बार मैच जीता है। 

13:12 (IST)04 Feb 2020
भारत प्लेइंग इलेवन

यशस्वी जायसवाल, दिव्यांश सक्सेना, तिलक वर्मा, प्रियम गर्ग (c), ध्रुव जुरेल (w), सिद्धेश वीर, अथर्व अंकोलेकर, रवि बिश्नोई, सुशांत मिश्रा, कार्तिक त्यागी, आकाश सिंह

13:10 (IST)04 Feb 2020
भारत टॉस हारा

इस सेमीफाइनल मुकाबले का टॉस पाक कप्तान ने जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी है। टॉस हारने के बाद प्रियम ने कहा कि हम पहले गेंदबाजी ही करना चाह रहे थे। अब देखना होगा कि पाक किस तरह से पारी की शुरुआत करती है।