टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान शनिवार (20 दिसंबर) को हो गया। फॉर्म में नहीं दिख रहे शुभमन गिल को बाहर कर दिया गया। हालांकि, भारतीय टीम के लिए चिंता का सबब कप्तान सूर्यकुमार यादव का भी फॉर्म है। सूर्या ने 2025 में 13.62 के औसत और 123.16 के स्ट्राइक रेट से 218 रन बनाए हैं। वह एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाए। नाबाद 47 उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर है।

भारतीय टीम के ऐलान से पहले स्टार स्पोर्ट्स पर सूर्यकुमार यादव के फॉर्म पर चर्चा हो रही थी। इस दौरान लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर ने अंदेशा जताया कि शायद सूर्यकुमार यादव का बॉटम हैंड (दाएं हाथ) में चोट लगी है। इसके कारण वह फ्लिक शॉट खेलने के प्रयास में मिडऑन या मिडऑफ पर आउट हो रहे हैं।

सूर्यकुमार का भाग्य साथ नहीं दे रहा

गावस्कर ने सूर्यकुमार यादव को लेकर कहा, “कुछ गड़बड़ नहीं है। क्या हो रहा है कि वह जो पहली गलती कर रहे हैं वह आखिरी गलती साबित हो रही है। उन्हें मौके नहीं मिल रहे हैं। कई बार भाग्य आपके साथ होता है। इनसाइड एज लगने पर गेंद विकेट के पास से गुजर जाती है। कभी कैच आगे गिल जाता है तो कभी गेंद फील्ड के ऊपर निकल जाती है। कई बार वह उन शॉट को खेलते आउट हुए, जिनसे उन्होंने काफी रन बनाए हैं।”

क्या चोटिल हैं सूर्यकुमार यादव

गावस्कर जब यह बातें कर रहे थे तब स्क्रीन पर सूर्यकुमार यादव का साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 में विकेट चल रहा था। लुंगी एनगिडी की गेंद पर सूर्या मिडऑन पर कैच हुए थे। इसे लेकर गावस्कर ने कहा, “यह एक ऐसा शॉट है, जिसे देखकर लगता है कि शायद नेट्स में या कहीं बॉटम हैंड (दाएं हाथ) में चोट लगी है। जब आपका बॉटम हैंड चोटिल होता है तो आप उस हाथ से बल्ले को हल्का पकड़ते हैं। जब आप फ्लिक शॉट खेलते हैं तब बल्ला हाथ से घूम जाता है। कुछ मौकों पर हमने उन्हें फ्लिक शॉट खेलते हुए मिडऑन और मिडऑफ पर आउट होते देखा। यह बल्ला घूमने पर होता है।”

भारतीय टीम में शुभमन गिल क्यों नहीं चुने गए? अजीत अगरकर ने बताया कारण

हाथ को बचाने की कोशिश में आउट हो रहे सूर्या

गावस्कर ने कहा, “अगर वह डीप स्क्वायर लेग पर कैच होते तो हम कह सकते थे कि उन्होंने गेंद टाइम नहीं की या गेंद सही तरीके से बल्ले पर नहीं आई। एक बार बल्ले का फेस खोलते हुए वह विकेट के पीछे भी लपके गए। कई बार आपको नेट्स पर चोट लग जाती है और आप उस हाथ को बचाने की कोशिश करते हैं ताकि चोट गंभीर न हो। काफी दर्द होता है जब क्रिकेट वाली गेंद लगती है। कई बार आपकी उंगली बल्ले के हैंडल और गेंद के बीच फंस जाती है तो काफी दर्द होता है। शायद यह कारण हो सकता है। इसके अलावा दुर्भाग्य से वह जो गलती पहली बार कर रहे हैं वह आखिरी बार साबित हो रही है।