भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की जूनियर क्रिकेट कमेटी ने श्रीलंका के कोलंबो में 13 से 23 जुलाई तक खेले जाने वाले आगामी एसीसी मेन्स इमर्जिंग टीम्स एशिया कप 2023 के लिए भारत ए टीम का चयन किया है। आठ एशियाई देशों के बीच खेला जाने वाला टूर्नामेंट 50 ओवर फॉर्मेट में आयोजित किया जाएगा। यश धुल को टीम का कप्तान बनाया गया है। उनकी कप्तानी में साल 2022 में भारत अंडर-19 वर्ल्ड कप में चैंपियन बना था।
इसके अलावा अभिषेक शर्मा को उपकप्तान बनाया गया है। वहीं इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले रियान पराग को भी चुना गया है। इसके अलावा गुजरात टाइटंस (GT) के लिए आईपीएल 2023 के फाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले साई सुदर्शन को भी मौका मिला। बतौर विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह और ध्रुव जुरेल को मौका मिला।
भारत ए ग्रुप बी में
भारत ए को ग्रुप बी में नेपाल, यूएई ए और पाकिस्तान ए के साथ रखा गया है, जबकि श्रीलंका ए, बांग्लादेश ए, अफगानिस्तान ए और ओमान ए को ग्रुप ए में रखा गया है। हर ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। पहला सेमीफाइनल ग्रुप ए के टॉपर और ग्रुप बी के दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम के बीच होगा। दूसरा सेमीफाइनल 21 जुलाई को ग्रुप बी के टॉपर और ग्रुप ए के दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम के बीच होगा। फाइनल 23 जुलाई को होगा।
एसीसी मेन्स इमर्जिंग टीम्स एशिया कप 2023 का शेड्यूल
| दिन | तारीख | मैच | स्थान |
| गुरुवार | 13 जुलाई 2023 | भारत ए बनाम यूएई ए | सिंघली स्पोर्ट्स क्लब (कोलंबो) |
| शनिवार | 15 जुलाई 2023 | भारत ए बनाम पाकिस्तान ए | सिंघली स्पोर्ट्स क्लब (कोलंबो) |
| मंगलवार | 18 जुलाई 2023 | भारत ए बनाम नेपाल | पकियासोथी सरवनमुत्तु स्टेडियम (कोलंबो) |
| शुक्रवार | 21 जुलाई 2023 | पहला सेमीफाइनल | आरपीआईसीएस क्रिकेट ग्राउंड (कोलंबो) |
| शुक्रवार | 21 जुलाई 2023 | दूसरा सेमीफाइनल | पकियासोथी सरवनमुत्तु स्टेडियम (कोलंबो) |
| रविवार | 23 जुलाई 2023 | फाइनल | आरपीआईसीएस क्रिकेट ग्राउंड (कोलंबो) |
इस प्रकार है भारत ए टीम
साई सुदर्शन, अभिषेक शर्मा (उप कप्तान), निकिन जोस, प्रदोष रंजन पॉल, यश ढुल (कप्तान), रियान पराग, निशांत सिंधु, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), मानव सुथार, युवराजसिंह डोडिया, हर्षित राणा, आकाश सिंह, नितीश कुमार रेड्डी, राजवर्धन हंगरगेकर।
स्टैंडबाय खिलाड़ी: हर्ष दुबे, नेहल वढेरा, स्नेल पटेल, मोहित रेडकर।
कोचिंग स्टाफ: सितांशु कोटक (मुख्य कोच), साईराज बहुतुले (बॉलिंग कोच), मुनीश बाली (फील्डिंग कोच)।
