महिला वर्ल्ड कप 2025 के अहम मुकाबले में गुरुवार (23 अक्टूबर) को न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने बेहतरीन शतक जड़कर देर से ही सही देश को दीवाली का तोहफा दिया। स्मृति मंधाना का यह वनडे क्रिकेट में 14वां शतक था। इस शतक के साथ ही वह न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स को पीछे छोड़कर महिला क्रिकेट में दूसरी सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाली खिलाड़ी बन गईं।
स्मृति मंधाना अब महिला वनडे क्रिकेट में शतक जड़ने के मामले में ऑस्ट्रेलिया की पूर्व क्रिकेटर मेग लैनिंग से पीछे हैं, जो 2023 में संन्यास ले चुकी हैं। उन्होंने 15 शतक जड़े हैं। अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या स्मृति महिला वर्ल्ड कप मं ही लैनिंग से आगे निकल जाएंगी। हालांकि, यह बात भी ध्यान रखना जरूरी है कि सूजी बेट्स अब भी न्यूजीलैंड के लिए खेल रही हैं, लेकिन उनको शतक लगाए हुए लगभग दो साल हो गए हैं।
महिला वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक
मैग लेनिंग, स्मृति मंधाना और सूजी बेट्स के अलावा इंग्लैंड की टैमी ब्यूमोंट और नट साइवर-ब्रंट ने 10 या 10 से ज्यादा शतक लगाए हैं। ब्यूमोंट के 12 और साइवर-ब्रंट के 10 शतक हैं। ब्यूमोंट जून 2025 में आखिरी बार शतक जड़ा था। साइवर-ब्रंट ने इस वर्ल्ड कप में शतक जड़ा है। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 117 रन की पारी खेली थी।
2025 में पांचवां शतक
स्मृति मंधाना के लिए 2025 शानदार रहा है। मंधाना का यह इस साल पांचवां शतक है। इसके अलावा उन्होंने लगभग 1200 से ज्यादा रन बनाए हैं। वह पांच अर्धशतक भी जड़ चुकी हैं। वर्ल्ड कप की शुरुआत अच्छी न करने के बाद 29 साल की इस क्रिकेटर ने लय हासिल कर ली है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले मैच में मंधाना ने 80 रन की पारी खेली थी।