भारत और वेस्टइंडीज के बीच 2 टेस्ट मैचों की टेस्ट सीरीज 12 जुलाई से खेली जानी है। पहला मैच डोमिनिका में खेला जाएगा। इस मैच के साथ भारत का वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 साइकल में अभियान शुरू होगा। भारतीय टीम में यशस्वी जायसवाल और ऋतुराज गायकवाड़ जैसे नए खिलाड़ियों को मौका मिला है। दिग्गज चेतेश्वर पुजारा की अनुपस्थिति में दोनों में से किसी एक का डेब्यू संभव है। यशस्वी जायसवाल इसके प्रबल दावेदार हैं। इस बीच खबर है कि पूर्व कप्तान विराट कोहली के दोस्त और 20 महीने से टीम इंडिया से बाहर चल रहे इशांत शर्मा भी डेब्यू के लिए तैयार हैं।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच सीरीज के दौरान इशांत शर्मा कमेंट्री करने को तैयार हैं। जियो सिनेमा ने इसकी जानकारी दी है। उसने ट्वीट करके कहा कि इशांत शर्मा ने अपने टेस्ट करियर में एकमात्र 10 विकेट वेस्टइंडीज के खिलाफ लिया। वह भारत की अगामी सीरीज में कमेंट्री बॉक्स में होंगे। बता दें कि इशांत बगैर संन्यास लिए कमेंट्री करने वाले पहले खिलाड़ी नहीं होंगे। काफी क्रिकेटर ऐसा करते हैं और दिनेश कार्तिक इसके प्रमुख उदाहरण है।
इशांत शर्मा का क्रिकेट करियर
इशांत शर्मा नवंबर 2021 से टीम इंडिया से बाहर हैं। 34 साल के इस तेज गेंदबाज ने साल 2007 में डेब्यू किया था और 105 टेस्ट मैच में 32.41 के औसत से 311 विकेट लिए हैं। उन्होंने 11 बार 5 विकेट और 1 बार 10 विकेट लिए हैं। इशांत ने नवंबर 2021 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच के बाद से टीम इंडिया से बाहर हैं। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ मई 2007 में बांग्लादेश के खिलाफ डेब्यू किया था। इशांत शर्मा के वनडे करियर की बात करें तो उन्होंने 80 मैच में 115 विकेट लिए। वहीं 14 टी20 में 8 विकेट लिए। आईपीएल करियर की बात करें तो 101 मैच में 82 विकेट लिए हैं।
इशांत शर्मा ने आईपीएल 2023 में 10 विकेट लिए
इशांत शर्मा इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा थे। इस दौरान उन्होंने काफी अच्छी गेंदबाजी की। उन्होंने 8 मैच में 20.60 के औसत से 10 विकेट लिए। इस दौरान उनकी इकॉनमी 8.24 की रही। साल 2022 में इशांत अनसोल्ड रह गए थे। साल 2021 में उन्होंने 3 मैच खेले थे। साल 2020 में वह सिर्फ 1 मैच खेले थे। 2019 में 13 मैच खेले थे।