Ind Vs SA 2nd test: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला 3 जनवरी 2022 से जोहानिसबर्ग के वांडरर्स में शुरू हुआ। भारत के 34वें टेस्ट कप्तान बने केएल राहुल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। इस मैच में विराट कोहली बैकबोन के ऊपरी हिस्से में खिंचाव के चलते बाहर हैं।

मार्को यानसन की अगुआई में साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाजों ने उछाल लेती गेंदों के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजों की कमजोरी फिर उजागर की। साउथ अफ्रीका ने भारत की पहली पारी 202 रन पर समेट दी। इसके बाद उसने एक विकेट पर 35 रन बना लिए थे। यानसन ने 31 रन देकर 4 विकेट चटकाए, जबकि तेज गेंदबाजों कगिसो रबाडा (64 रन पर तीन विकेट) और डुआने ओलीवियर (64 रन पर तीन विकेट) ने उनका अच्छा साथ निभाया।

दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। दिन का खेल खत्म होने से पहले दक्षिण अफ्रीका ने एडेन मार्कराम (07) का विकेट गंवाया। उन्हें मोहम्मद शमी (15 रन पर एक विकेट) ने पगबाधा आउट किया। स्टंप के समय कीगन पीटरसन और कप्तान डीन एल्गर दोनों जीवनदान का फायदा उठाकर क्रमश: 14 और 11 रन बनाकर खेल रहे थे। दक्षिण अफ्रीका की टीम अब भी भारत से 167 रन से पीछे है।

भारत की ओर से टेस्ट कप्तान के रूप में पदार्पण कर रहे कार्यवाहक कप्तान केएल राहुल (133 गेंद में 50 रन, नौ चौके) और रविचंद्रन अश्विन (50 गेंद में 46 रन, छह चौके) ही टिककर बल्लेबाजी कर पाए। सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल (26) लय में दिखे, लेकिन अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे।

भारत को मध्यक्रम की नाकामी का एक बार फिर खामियाजा भुगतना पड़ा। चेतेश्वर पुजारा (33 गेंद में तीन रन) और अजिंक्य रहाणे (00) की विफलता का क्रम जारी रहा। लगभग एक साल बाद टेस्ट क्रिकेट खेल रहे हनुमा विहारी (20) भी क्रीज पर पैर जमाने के बाद पवेलियन लौटे।

एल्गर इससे पहले जसप्रीत बुमराह के ओवर में भाग्यशाली रहे, जब यह तेज गेंदबाज अपनी ही गेंद पर उनका कैच लपकने में नाकाम रहा। पीटरसन भी 12 रन के निजी स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब विकेटकीपर ऋषभ पंत ने उनका कैच टपका दिया। इस बार भी दुर्भाग्यशाली गेंदबाज बुमराह ही थे।

India vs South Africa 2nd Test Live Score Updates, Day 1: यहां देखें मैच का लाइव स्कोर

कब, कहां और कैसे देखें लाइव स्ट्रीमिंग?

दिन के खेल के अंतिम लम्हों में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की पैर की मांसपेशियों में खिंचाव आया। उन्हें मैदान छोड़कर जाना पड़ा। भारत को दुआ करनी होगी कि उनकी चोट अधिक गंभीर नहीं हो और वह 4 जनवरी 2022 को गेंदबाजी कर पाएं।

Match Ended

Freedom Trophy, 2021/22

South Africa 
229(79.4)& 243/3(67.4)

vs

India  
202(63.1)& 266(60.1)

Match Ended ( Day 4 – 2nd Test )
South Africa beat India by 7 wickets

Live Updates
20:50 (IST) 3 Jan 2022
पीटरसन और एलगर ने संभाली पारी

साउथ अफ्रीका की पारी के 15 ओवर हो गए हैं। साउथ अफ्रीका ने एक विकेट खोकर 35 रन बनाए हैं। डीन एलगर 1 और कीगन पीटरसन 14 रन पर हैं। दोनों के बीच 21 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारतीय गेंदबाज विकेट की तलाश में हैं।

20:05 (IST) 3 Jan 2022
शमी ने भारत को दिलाई पहली सफलता

डीन एलगर और एडेन मार्कराम बहुत तेजी से रन बनाने के मूड में दिख रहे थे। हालांकि, शमी ने मार्कराम के मंसूबों पर पानी फेर दिया। शमी ने उन्हें अपने दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर एलबीडब्ल्यू कर दिया। मार्कराम की जगह नए बल्लेबाज कीगन पीटरसन क्रीज पर आए हैं। मार्कराम 12 गेंद में 7 रन बनाकर आउट हुए।

19:59 (IST) 3 Jan 2022
साउथ अफ्रीका की ताबड़तोड़ शुरुआत

साउथ अफ्रीका की ओर से डीन एलगर और एडेन मार्कराम ने पारी की शुरुआत की। भारत की ओर से पहला ओवर जसप्रीत बुमराह लेकर आए। उनके ओवर में सिर्फ एक रन बना। हालांकि, शमी के अगले ओवर में 5 रन बने। बुमराह के अगले ओवर में 7 रन बने।

19:44 (IST) 3 Jan 2022
भारतीय टीम 202 रन सिमटी

भारतीय टीम 202 रन पर ही सिमट गई। मयंक अग्रवाल और केएल राहुल ने पहले घंटे में भारत को सधी हुई शुरुआत दी थी, लेकिन उसको वे बरकरार नहीं रख पाए। इसके बाद भारत के मध्यक्रम ने एक बार फिर से निराश किया। वापसी कर रहे ऑलिवियेर ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट झटक कर भारतीय पारी को झकझोर दिया। लेकिन इस पारी के हीरो मार्को यानसन रहे। अपने डेब्यू टेस्ट में पांच विकेट लेने वाले यानसन ने इस पारी में फिर से प्रभावित किया। उन्होंने 4 विकेट झटके।

19:31 (IST) 3 Jan 2022
रविचंद्रन अश्विन अर्धशतक से चूके

रविचंद्रन अश्विन अर्धशतक लगाने से चूक गए। वह 50 गेंद में 46 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 6 चौके लगाए। 61वें ओवर की पांचवीं गेंद पर मार्को यॉनसन ने उन्हें पीटरसन के हाथों कैच कराया। इससे पहले रबाडा ने 60वें ओवर की तीसरी गेंद पर शमी को विकेट झटका था। शमी 12 गेंद में 9 रन बनाकर आउट हुए।

18:59 (IST) 3 Jan 2022
भारत ने एक रन के भीतर 2 विकेट गंवाए

भारत ने एक रन के भीतर 2 विकेट गंवाए। एक समय टीम इंडिया का स्कोर 53.3 ओवर में 5 विकेट पर 156 रन था। मार्को ने अगली गेंद पर ऋषभ पंत को विकेट के पीछे वेरेन के हाथों लपकवाया। पंत 17 रन बनाकर आउट हुए। 55वां ओवर ऑलिवियेर लेकर आए। उनके ओवर की आखिरी गेंद पर शार्दुल ठाकुर को पीटरसन ने लपक लिया। ठाकुर खाता भी नहीं खोल पाए। इस समय टीम के खाते में 157 रन ही जुड़े थे। शार्दुल के आउट होने पर मोहम्मद शमी क्रीज पर आए।

18:39 (IST) 3 Jan 2022
भारत के 150 रन पूरे

चायकाल के बाद का खेल जारी है। चायकाल के बाद बाएं हाथ के मार्को यानसन ने ओवर द विकेट से गेंदबाजी की शुरुआत की। बाएं हाथ के ऋषभ पंत स्ट्राइक पर थे। मार्को ने उनके लिए दो स्लिप, गली, पॉइंट, एक्स्ट्रा कवर और मिड ऑफ लगा रखा था। पंत ने ओवर की आखिरी गेंद पर 2 रन लेकर भारत का स्कोर 150 पर पहुंचा दिया।

18:19 (IST) 3 Jan 2022
दूसरे सेशन में भारत ने बनाए 93 रन, गंवाए 2 विकेट

पहले दिन चायकाल तक का खेल हो चुका है। चायकाल के समय भारत का स्कोर 51 ओवर में 5 विकेट पर 146 रन था। लंच के समय टीम इंडिया ने 3 विकेट पर 53 रन ही बनाए थे। पहले सेशन में 3 विकेट गंवाने के बाद केएल राहुल और हनुमा विहारी ने संभलकर बल्लेबाजी और एक साझेदारी निभाई। हालांकि, ड्रिंक्स ब्रेक से ठीक पहले रासी वान डेर डूसेन के बेहतरीन कैच के चलते हनुमा विहारी को वापस जाना पड़ा। राहुल ने अपनी फॉर्म जारी रखी। उन्होंने अपना 13वां टेस्ट अर्धशतक पूरा किया। हालांकि, वह उसे बड़े स्कोर में बदल नहीं पाए और पुल शॉट पर उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा। रविचंद्रन अश्विन आक्रामक अंदाज से बल्लेबाजी कर रहे हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम इंडिया और कितने रन बना पाती है।

17:46 (IST) 3 Jan 2022
केएल राहुल ने अपना 13वां टेस्ट अर्धशतक पूरा किया

केएल राहुल ने 45वें ओवर की तीसरी गेंद पर अपना 13वां टेस्ट अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने लुंगी एनगिडी की गेंद पर सिंगल के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया। एनगिडी की इस लेंथ गेंद को राहुल बैकफुट से ऑफ साइड पर खेलना चाहते थे, लेकिन गेंद नीचे रही और बल्ले के अंदरूनी भाग से लगकर गई डीप स्क्वेयर लेग की ओर गई।

17:22 (IST) 3 Jan 2022
रबाडा ने साउथ अफ्रीका को दिलाई चौथी सफलता

कगिसो रबाडा ने 39वें ओवर की चौथी गेंद पर साउथ अफ्रीका को चौथी सफलता दिलाई। रबाडा ने हनुमा विहारी को वान डेर डूसेन के हाथों कैच कराया। हनुमा 20 रन बनाकर आउट हुए। रबाडा की यह गेंद बैक ऑफ लेंथ थी। शरीर की लाइन में अतिरिक्त उछाल लेती हुई, जिससे चकमा खाए विहारी। वह डिफेंस करने गए थे, लेकिन गेंद अंदरुनी किनारे पर लगकर शॉर्ट लेग के बाईं ओर उछली। वहां खड़े डुसेन ने डाइव लगाकर एक खूबसूरत कैच लपका और विहारी को चलता किया।

17:01 (IST) 3 Jan 2022
लंच के बाद 10 ओवर में बने 26 रन

लंच के बाद 10 ओवर का खेल हो चुका है। इन 10 ओवर में भारत ने 26 रन बनाए हैं। केएल राहुल और हनुमा विहारी के बीच चौथे विकेट के लिए 74 गेंद में 30 रन की साझेदारी हो चुकी है। हालांकि, यह साझेदारी अभी इतनी बड़ी भी नहीं हुई है कि टीम इंडिया चिंता मुक्त हो जाए। दोनों को अभी लंबे समय तक क्रीज पर टिक रहना होगा। साथ ही स्कोरबोर्ड को भी चलायमान रखना होगा।

16:16 (IST) 3 Jan 2022
मार्को के सामने केएल राहुल

लंच के बाद पहला ओवर लेकर मार्को यॉनसन लेकर आए। स्ट्राइक पर केएल राहुल हैं। राहुल ने अब तक 19 रन बनाए हैं। हनुमा विहारी 4 रन बनाकर नाबाद हैं।

16:14 (IST) 3 Jan 2022
लंच के बाद का खेल शुूरू

भारत दिन के पहले घंटे में अच्छा दिख रहा था। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाजों ने अगले घंटे में वापसी की और तीन विकेट लिए। केएल राहुल दृढ़ निश्चयी दिख रहे हैं, लेकिन क्या उन्हें अन्य भारतीय बल्लेबाजों का समर्थन मिलेगा? आइए इसका पता लगाते हैं। सत्र की पहली गेंद का समय हो गया है।

15:39 (IST) 3 Jan 2022
लंच के पहले भारत ने गंवाए मयंक, पुजारा और रहाणे के विकेट

दूसरे टेस्ट में पहले दिन लंच तक का खेल हो चुका है। लंच के समय भारत का स्कोर 26 ओवर में 3 विकेट पर 53 रन है। लगातार दूसरे टेस्ट मैच में टॉस हारकर पहले गेंदबाजी करने के लिए भेजे जाने के बाद साउथ अफ्रीका की शुरुआत निराशाजनक रही। उन्होंने सलामी बल्लेबाज़ों को परेशान किया, लेकिन उन्होंने रन भी लुटाए। पहले घंटे में एक भी विकेट नहीं गंवाने के बाद ड्रिंक्स ब्रेक के बाद की पहली गेंद पर जेनसन ने भारत को पहला झटका दिया। इसके बाद ऑलिवियेर ने दिखाया कि क्यों उन्हें इतना खतरनाक माना जाता है। दो गेंदों के अंदर अनुभवी पुजारा और रहाणे को चलता कर उन्होंने मेहमान टीम इंडिया को बैकफुट पर धकेला है।

15:36 (IST) 3 Jan 2022
रहाणे खोल नहीं पाए खाता

ओलिविर ने साउथ अफ्रीका को लगातार 2 सफलताएं दिलाईं। ओलिविर 24वां ओवर लेकर आए थे। उन्होंने ओवर की तीसरी गेंद पर चेतेश्वर पुजारा को आउट किया। पुजारा 3 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अगली ही गेंद पर उन्होंने अजिंक्य रहाणे को पीटरसन के हाथों कैच करा दिया। रहाणे खाता भी नहीं खोल पाए।

14:46 (IST) 3 Jan 2022
15वें ओवर में भारत को लगा पहला झटका

15वें ओवर में भारत को पहला झटका लगा। मार्को जैनसन ने ओवर की पहली गेंद पर उन्हें वेरेन के हाथों कैच कराया। मयंक 37 गेंद में 26 रन बनाकर आउट हुए। मयंक के आउट होने के बाद चेतेश्वर पुजारा बल्लेबाजी के लिए आए। मार्को की यह गेंद ऑफ स्टंप के बाहर गुड लेंथ थी। कोण के साथ बाहर निकली। मयंक शरीर से दूर खेल गए, उसे ऑफ साइड पर धकेलना चाहते थे, लेकिन चूके, गेंद ने बाहरी किनारे को चूमा और विकेट के पीछे वेरेन के दस्तानों में समा गई।

13:48 (IST) 3 Jan 2022
मयंक अग्रवाल ने जड़े 3 चौके

भारत की ओर से केएल राहुल और मयंक अग्रवाल ने पारी की शुरुआत की। दक्षिण अफ्रीका की ओर से कगिसो रबाडा पहला ओवर लेकर आए। पहले ओवर में केएल राहुल खाता नहीं खोल पाए। दूसरा ओवर ड्वेन ओलिविर लेकर आए। उनके इस ओवर की चौथी गेंद पर चौका जड़ मयंक ने अपना और टीम का खाता खोला। मयंक ने ओलिविर की आखिरी गेंद पर चौका जड़ा। मयंक ने अगले ओवर में रबाडा की पांचवीं गेंद पर भी चौका जड़ा।

13:14 (IST) 3 Jan 2022
भारत की पहले बल्लेबाजी, कोहली हुए टीम से बाहर

जोहानिसबर्ग टेस्ट मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। विराट कोहली कुछ इंजरी के चलते बाहर हैं और उनकी जगह केएल राहुल इस मैच में भारत की कप्तानी करेंगे। विराट की जगह आज हनुमा विहारी को मौका मिला है।

10:10 (IST) 3 Jan 2022
यहां देखिए प्लेइंग 11 से जुड़ी सभी अपडेट्स

South Africa vs India, 2nd Test Playing 11: विराट कोहली बाहर, हनुमा विहारी को मिला मौका; ये है दोनों टीमों की प्लेइंग 11
10:07 (IST) 3 Jan 2022
29 साल में इस मैदान पर कभी नहीं हारी टीम इंडिया

इस मैदान पर टीम इंडिया कभी नहीं हारी है और सीरीज में 1-0 से आगे है। टीम ने यहां 29 साल में 5 मुकाबले खेले जिसमें से 2 में जीत मिली और 3 ड्रॉ हुए। अगर यहां भारत जीत जाता है तो 29 साल का पूरा इतिहास बदल जाएगा। इस मैदान पर ये भारत की छठे मैच में तीसरी जीत होगी और टीम पहली बार 1992 के बाद दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज जीतने में कामयाब होगी।

10:06 (IST) 3 Jan 2022
कहां देख सकते हैं लाइव स्ट्रीमिंग?

इस मैच का प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स 1 हिंदी सहित स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनल्स पर किया जाएगा। लाइव स्ट्रीमिंग आप हॉटस्टार पर देख सकते हैं। वहीं मैच के सभी लाइव अपडेट्स के लिए आप जनसत्ता.कॉम के साथ भी जुड़े रहे सकते हैं।

10:05 (IST) 3 Jan 2022
1 बजे होगा टॉस और 1.30 बजे शुरू होगा लाइव एक्शन

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच आज से जोहानिसबर्ग के वांडरर्स में खेला जाएगा। इस मैच का टॉस भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजे होगा और लाइव एक्शन की शुरुआती होगी दोपहर 1.30 बजे से।