Ind vs SA 3rd Test Day 2: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 3 मैच की सीरीज का आखिरी टेस्ट केप टाउन के न्यूलैंड्स मैदान पर खेला जा रहा है। दो दिन का खेल हो चुका है। पहले दिन की तरह दूसरे दिन भी 11 विकेट गिरे।
भारत ने दूसरी पारी में भी 2 विकेट गंवा दिए हैं। भारत ने 6 गेंदों के भीतर अपने दोनों विकेट खोए। उसके दोनों ओपनर्स केएल राहुल और मयंक अग्रवाल पवेलियन लौट चुके हैं। केएल राहुल 10 और मयंक अग्रवाल 7 रन बनाकर आउट हुए। दूसरे दिन का खेल खत्म होने के समय विराट कोहली 14 और चेतेश्वर पुजारा 9 रन बनाकर नाबाद थे। दोनों के बीच 69 गेंद में 33 रन की साझेदारी हो चुकी है।
भारत को पहली पारी में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 13 रन की बढ़त हासिल हुई थी। साउथ अफ्रीका की पहली पारी 76.3 ओवर में 210 रन पर ऑलआउट हुई। जसप्रीत बुमराह ने 23.3 ओवर में 42 रन देकर 5 विकेट लिए। उनके अलावा उमेश यादव और मोहम्मद शमी ने क्रमशः 64 और 39 रन देकर 2-2 विकेट अपने नाम किए।
शार्दुल ठाकुर भी 37 रन देकर एक विकेट लेने में सफल रहे। साउथ अफ्रीका की ओर से कीगन पीटरसन को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज 30 रन से ज्यादा का स्कोर नहीं कर पाया। उसके 5 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए।

पहले दिन भारतीय टीम 77.3 ओवर में 223 रनों पर ऑलआउट हो गई थी। पहले दिन का खेल खत्म होने के समय साउथ अफ्रीका ने एक विकेट पर 17 रन बनाए थे। दूसरे दिन के पहले सेशन में मेजबानों ने 83 रन बनाए और दो विकेट गंवाए थे।
टीम इंडिया को केपटाउन में भी 29 साल से पहली टेस्ट जीत का इंतजार है। इस मैदान पर भारत ने पहली बार 1993 में टेस्ट मैच खेला था। उसके बाद से अब तक भारत ने यहां कुल 5 टेस्ट मैच खेले हैं। इसमें से 2 ड्रॉ हुए हैं और 3 में उसे हार झेलनी पड़ी है। वहीं भारतीय टीम 30 साल से दक्षिण अफ्रीका में कभी भी टेस्ट सीरीज नहीं जीती है।
India vs South Africa 3rd Test Day 1: पहले दिन के खेल में क्या-क्या हुआ देखें यहां
भारत के पास इस बार सुनहरा मौका है दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज जीतने और केपटाउन में पहली टेस्ट जीत दर्ज करने का। हालांकि मेजबानों के भी हौसले बुलंद हैं जो जोहानिसबर्ग में हमेशा अजेय रही टीम इंडिया को मात देकर आ रही है। भारत ने सेंचुरियन में पहला टेस्ट जीता था इसके बाद जोहानिसबर्ग में टीम इंडिया को हार झेलनी पड़ी थी। सीरीज 1-1 की बराबरी पर है।
Freedom Trophy, 2021/22
South Africa
210(76.3)& 212/3(63.3)
India
223(77.3)& 198(67.3)
Match Ended ( Day 4 – 3rd Test )
South Africa beat India by 7 wickets
कुल मिला कर दूसरे दिन भी दोनों टीमों ने बढ़िया खेल दिखाया। पहले और दूसरे सेशन की शुरुआत में मेजबान टीम मजबूत दिख रही थी, लेकिन बाद में शमी और बुमराह ने अपनी भारत की शानदार वापसी कराई। उसके बाद जब भारतीय टीम बल्लेबाजी करने उतरी तो उसके दोनों सलामी बल्लेबाज जल्दी-जल्दी आउट हो गए। अब मैच बहुत ही रोमांचक स्थिति में पहुंच गया है। यह किसी के भी पाले में जा सकता है। अगर भारतीय टीम 13 जनवरी 2022 को बढ़िया शुरुआत करती है तो वह फिर से ड्राइविंग सीट पर पहुंच सकती है।
भारत की दूसरी पारी शुरू हो चुकी है। सलामी बल्लेबाज केएल राहुल और मयंक अग्रवाल क्रीज पर हैं। साउथ अफ्रीका की ओर से कगिसो रबाडा पहला ओवर लेकर आए। राहुल ने स्ट्राइक ली। रबाडा ने राहुल के लिए तीन स्लिप, एक गली, एक शॉर्ट लेग और वाइड मिड ऑन लगाया हुआ है।
भारतीय गेंदबाजों खासकर बुमराह और शमी ने मैच के दूसरे दिन दूसरे सत्र से कमाल की गेंदबाजी की। दोनों ने यह सुनिश्चित किया कि भारतीय टीम एक अहम बढ़त के साथ जाए, भले ही वह 10 या 20 रन की ही हो। इस 13 रन की बढ़त का महत्वपूर्ण और मनोवैज्ञानिक असर पड़ेगा। हालांकि अब भारतीय बल्लेबाजों को जिम्मेदारीपूर्ण बल्लेबाजी करनी होगी। इनमें से अधिकतर खराब फ़ॉर्म से जूझ रहे हैं। टीम इंडिया के पास बढ़त है और समय भी काफ़ी है, तो बस बल्लेबाज़ों को अपना क्लास दिखाना है।
साउथ अफ्रीका के आखिरी विकेट के रूप में लुंगी एनगिडी पवेलियन लौटे। उन्हें बुमराह ने 77वें ओवर की तीसरी गेंद पर पवेलियन भेजा। इसके साथ ही उन्होंने इस पारी में अपने 5 विकेट भी पूरे किए। बुमराह की यह गेंद ऑफ स्टंप से एंगल बनाकर स्टंप पर आती लेंथ बॉल थी। एनगिडी हल्के हाथों से लेग साइड में खेलना चाहते थे, लेकिन जल्दी खेल गए, बाहरी किनारा लिया बल्ले का और शॉर्ट कवर पर खड़ी हो गई गेंद। वहां अश्विन ने आसान सा कैच लपक लिया। एनगिडी 3 रन बनाकर आउट हुए।
मार्को का विकेट गिरने के साथ ही अंपायर ने चायकाल का ऐलान कर दिया। कुल मिला कर दूसरे सेशन में भारतीय गेंदबाजों ने जोरदार वापसी की। लंच के बाद उमेश ने रॉसी को पहले बोल्ड मारा, लेकिन उसके बाद एक बढ़िया साझेदारी हुई। हालांकि, शमी ने एक ही ओवर में दो विकेट झटक कर फिर से गेम को भारत की तरफ झुका दिया। हालांकि, 70 के स्कोर पर पीटरसन अभी क्रीज पर मौजूद हैं। भारत को चाय के बाद उनका विकेट जल्द से जल्द लेना होगा।
आखिरकार बुमराह ने एक शानदार अंदर आने वाली गेंद से मार्को यानसन को बोल्ड किया। विराट कोहली ने पूरी जोर से दहाड़ लगाते हुए इस विकेट का आनंद उठाया। बुमराह की यह 144 की गति से लेंथ गेंद थी। अपेक्षा से कम उछली गेंद, मार्को ने फ्रंटफुट पर आकर गेंद को रोकने का प्रयास किया, लेकिन गेंद ने बल्ले को छकाया और उसके बाद विकेट से मुलाकात करने चली गई। मार्को 7 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उस समय टीम का स्कोर 62.2 ओवर में 7 विकेट पर 176 रन था।
56वें ओवर की चौथी गेंद शमी की चौथे स्टंप पर फुलर लेंथ थी। गिरने के बाद सीधी रही। वेरेन ने फ्रंट फुट पर आकर गेंद को रोकने का प्रयास किया, लेकिन गेंद ने बल्ले को चूमा और विकेटकीपर पंत के पास गई। मेजबान टीम को छठा झटका लगा।
56वें ओवर की दूसरी गेंद शमी की पांचवी स्टंप पर लेंथ बॉल थी। गिरने के बाद बाहर निकली। टेम्बा बावुमा ने पीछे जाकर रक्षात्मक शॉट खेलने का प्रयास लेकिन गेंद ने लिया बाहरी किनारा और दूसरे स्लिप पर कप्तान कोहली के पास गई। कोहली ने शानदार कैच लपक लिया। बावुमा 52 गेंद में 28 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कोहली का टेस्ट क्रिकेट में यह 100वां कैच था।
मोहम्मद शमी ने 3 गेंद में 2 विकेट झटके। उन्होंने 56वें ओवर की दूसरी गेंद पर पहले बावुमा को पवेलियन की राह दिखाई। बावुमा की जगह काइल वेरेन क्रीज पर आए। वह तीसरी गेंद पर कोई रन नहीं ले पाए। चौथी गेंद पर शमी ने वेरेन को विकेट के पीछे ऋषभ पंत के हाथों कैच करा दिया। वेरेन जब पवेलियन लौटे तब साउथ अफ्रीका का स्कोर 55.4 ओवर में 6 विकेट पर 159 रन था। कीगन पीटरसन ने तब 61 रन बनाए थे।
कीगन पीटरसन और टेम्बा बावुमा ने साउथ अफ्रीका की पारी संभाल ली है। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 82 गेंद में 41 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारतीय तेज गेंदबाजों को जल्द ही इस साझेदारी को तोड़ना होगा। नहीं तो उनके लिए मुश्किल खड़ी हो सकती है।
उमेश यादव ने भारत को चौथी सफलता दिलाई। उमेश ने 40वें ओवर की दूसरी गेंद पर रॉसी वैन डेर डूसेन को पवेलियन भेजा। उमेश की यह फुलर गेंद थी। गेंद ने डूसेन के बल्ले का बाहरी किनारा लिया और स्लिप पर विराट ने आसान सा कैच लिए। उमेश की यह गेंद ऑफ स्टंप की लाइन की फुल लेंथ थी। उमेश ने डूसेन को ड्राइव के लिए ललचाया, लेकिन गेंद ने अंत समय में हरकत की, बाहर की ओर निकली, बाहरी किनारा लिया और कप्तान ने आसान कैच ले लिया।
लंच के पहले एक बार शार्दुल ठाकुर की बॉलिंग पर कीगन पीटरसन बचे थे और भारत ने अपना पहला रिव्यू गंवाया था। इसके बाद दूसरे सेशन के पहले ओवर में ही उमेश यादव की बॉलिंग पर डूसेन को रिव्यू ने बचा लिया। मेजबानों का स्कोर 100 तक पहुंच गया है और भारतीय टीम को चौथे विकेट की तलाश है।
दक्षिण अफ्रीका ने 100 रनों का आंकड़ा छू लिया है। भारतीय टीम को चौथे विकेट की तलाश है। लंच तक कीगन पीटरसन 40 और वान डर डूसेन 17 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। इससे पहले जसप्रीत बुमराह ने 2 और उमेश यादव ने भारत को एक सफलता दिलाई थी।
उमेश यादव ने केपटाउन टेस्ट के दूसरे दिन भारत को दिन का दूसरा और पारी का तीसरा विकेट दिला दिया है। उन्होंने केशव महाराज को क्लीन बोल्ड कर भारत को विकेट दिलाया। इससे पहले जसप्रीत बुमराह ने डीन एल्गर और ऐडेन मारक्रम को वापस पवेलियन भेजा था।
केपटाउन टेस्ट के दूसरे दिन की दूसरी गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने भारत को दूसरी सफलता दिलाई। इस पारी में बुमराह का ये दूसरा विकेट है। उन्होंने कल एल्गर को 3 और आज ऐडेन मारक्रम को 8 रन पर वापस पवेलियन का रास्ता दिखाया।
केपटाउन टेस्ट के पहले दिन भारत की पहली पारी 223 रनों पर सिमट गई थी और जवाब में मेजबान टीम ने स्टंप्स तक 1 विकेट पर 17 रन बना लिए थे। दक्षिण अफ्रीका अभी भारत के स्कोर से 206 रन पीछे है। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने डीन एल्गर के रूप में बड़ा विकेट पहले दिन झटका था।