भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला गुवाहाटी में शनिवार 22 नवंबर से शुरू हो गया है। इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका की टीम ने अपनी प्लेइंग 11 में एक बदलाव किया और एक ऐसे तुरुप के इक्के को अपनी टीम में शामिल किया जिसका भारत से पुराना रिश्ता है। वो खिलाड़ी हैं सेनुरन मुथुसामी, जिन्होंने हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ एक मैच में 11 विकेट लेकर तहलका मचा दिया था। उन्हें अक्टूबर 2025 के लिए प्लेयर ऑफ द मंथ भी चुना गया था।
उनका भारत के साथ रिश्ता ऐसा है कि उनके पूर्वज तमिलनाडु के एक जिले के रहने वाले थे। वहीं इस खिलाड़ी ने 2019 में भारत के खिलाफ ही अपना टेस्ट डेब्यू किया था। इतना ही नहीं उनका पहला टेस्ट विकेट काफी यादगार था क्योंकि उन्होंने विराट कोहली को आउट किया था। उस साल उन्होंने साउथ अफ्रीका के लिए सिर्फ दो टेस्ट मैच खेले थे और फिर चार साल के लिए बाहर हो गए थे।
क्या है सेनुरन मुथुसामी का भारत से रिश्ता?
स्लो लेफ्ट आर्म ऑर्थोडॉक्स स्पिनर सेनुरन मुथुसामी का जन्म 22 फरवरी 1994 को साउथ अफ्रीका के डरबन में हुआ था। लेकिन उनके पूर्वजों का नाता भारत के राज्य तमिलनाडु से है। वह जन्म से ही साउथ अफ्रीका में रहे हैं और घरेलू क्रिकेट में भी उन्होंने साउथ अफ्रीका की कई डॉमेस्टिक टीमों के लिए खेला है। मगर उनके पूर्वजों का घर तमिलनाडु के नागापट्टिनम जिले में था। इसी कारण उनका भारत से पुराना रिश्ता है। उनके भारत के खिलाफ टीम में शामिल होने पर रविचंद्रन अश्विन ने भी खास ट्वीट किया।
उतार-चढ़ाव भरा रहा करियर
मुथुसामी का करियर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। उनकी जगह टीम में कभी स्थिर नहीं रह पाई है। वह 2023 में वापस लौटे लेकिन फिर एक मैच खेलकर बाहर हो गए। फिर 2024 में उन्होंने दो टेस्ट मैच खेले थे और उसके बाद 2025 में पाकिस्तान के खिलाफ उनकी वापसी हुई थी। उन्होंने अपनी टेस्ट क्रिकेट में वापसी में ही लाहौर में पाकिस्तान के खिलाफ 6 और 5 विकेट लेकर धूम मचा दी थी।
सेनुरन मुथुसामी के नाम अभी तक इस मैच से पहले 7 टेस्ट मैचों में 279 रन दर्ज हैं जिसमें दो अर्धशतक भी शामिल हैं। इसके अलावा वह 22 विकेट भी ले चुके हैं। वहीं साउथ अफ्रीका के लिए पांच वनडे इंटरनेशनल में उन्होंने 6 विकेट और 5 टी20 इंटरनेशनल में पांच विकेट अपने नाम दर्ज किए हैं। वह एक बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, अब भारत के खिलाफ गुवाहाटी में उनके प्रदर्शन पर सभी की नजरें होंगी। वह साउथ अफ्रीका के लिए भारतीय कंडीशन में तुरुप का इक्का साबित हो सकते हैं।
गुवाहाटी टेस्ट के लिए साउथ अफ्रीका की प्लेइंग 11
एडेन मार्कराम, रियान रिकल्टन, वियान मुल्डर, टेम्बा बावुमा (कप्तान), टोनी डी जॉर्जी, ट्रिस्टन स्टब्स, काइल वेरेन (विकेट कीपर), मार्को यानसेन, सेनुरन मुथुसामी, साइमन हार्मर, केशव महाराज।
