भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैच की सीरीज का पहला टेस्ट वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर खेला जा रहा है। दूसरे दिन का खेल भी कीवी टीम के नाम ही रहा और 5 विकेट खोकर न्यूजीलैंड ने खेल समाप्त होने तक 51 रनों का बढ़त भारत पर बना ली है। मैच के पहले दिन बारिश के कारण पूरे दिन का खेल नहीं हो पाया था। भारत पहली पारी में 165 रन पर ही सिमट गई।

न्यूजीलैंड की ओर से टॉम लाथम और टॉम ब्लंडेल ने पहली पारी की शुरुआत की। इ्शांत ने लाथम को जल्दी आउट किया। लेकिन, कप्तान विलियमसन ने शानदार पारी खेली और टेलर ने भी 44 रन जड़े। हालांकि खेल का तीसरा सत्र भारत के नाम रहा और टीम इंडिया ने तीन विकेट चटकाए।

तीसरे दिन भारत की कोशिश होगी कि वह जल्द से जल्द कीवी पारी को समाप्त करे। ग्रैंडहोम और वाटलिंग अभी बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत की ओर से तीन विकेट इशांत शर्मा तो एक-एक विकेट शमी और अश्विन ने लिए हैं। बुमराह को कोई सफलता नहीं मिली है।

बता दें कि पहले दिन का खेल खत्म होने के समय भारत ने 55 ओवर में 5 विकेट पर 122 रन बनाए थे। अजिंक्य रहाणे और ऋषभ पंत क्रीज पर थे। दूसरे दिन भी भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पूरी टीम 68.1 ओवर में 165 रन पर ऑलआउट हो गई। न्यूजीलैंड की ओर से टिम साउदी और काइल जैमिसन ने 4-4 विकेट चटकाए। काइल जैमिसन ने इसी मैच से टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया है।

भारत की ओर से अजिंक्य रहाणे 46 रन बनाकर हाइएस्ट स्कोरर रहे। ऋषभ पंत अपने कल के स्कोर 10 में 9 रन और जोड़कर पवेलियन लौटे। मोहम्मद शमी ने भी 20 गेंद पर 21 रन की शानदार पारी खेली। कहना गलत नहीं होगा कि यदि शमी न होते भारतीय पारी 150 के अंदर ही सिमट जाती।

Live Blog

11:42 (IST)22 Feb 2020
दूसरे दिन का खेल समाप्त

दूसरे दिन का खेल समाप्त हो गया है और यह दिन भी न्यूजीलैंड की टीम के नाम ही रहा है। पहली पारी में टीम इंडिया 165 पर सिमट गई। इसके जवाब में दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक न्यूजीलैंड ने 216 रन 5 विकेट खोकर बना लिए हैं।  कीवी टीम के पास 51 रनों की बढ़त है।

11:31 (IST)22 Feb 2020
5वां झटका

207 के स्कोर पर टीम इंडिया को 5वीं सफलता मिली है और निकल्स 17 रन बनाकर आउट हो गए हैं। कीवी टीम के पास अभी 42 रनों की बढ़त है।

11:01 (IST)22 Feb 2020
विलियमसन आउट

185 के स्कोर पर न्यूजीलैंड को चौथा झटका लगा है और केन विलियमसन 85 रन बनाकर आउट हो गए हैं। जडेजा ने एक शानदार कैच लपका है। 

10:54 (IST)22 Feb 2020
शतक के करीब केन विलियमसन

दूसरे दिन का खेल भी न्यूजीलैंड की तरफ जाता दिख रहा है और केन विलियमसन शानदार लय में बल्लेबाजी करते हुए अब शतक के करीब आ गए हैं। भारत को विकेट की दरकार है।

10:25 (IST)22 Feb 2020
टेलर आउट

इशांत शर्मा ने भारत को एक और सफलता दिलाई है और अच्छी लय में दिख रहे रॉस टेलर को पवेलियन भेजा है। कीवी टीम का स्कोर 167 पर पहुंच गया है।

10:07 (IST)22 Feb 2020
टेलर भी फिफ्टी के करीब

विलियमसन के बाद अब रॉस टेलर भी अपने 100वें टेस्ट मैच में अर्धशतक के करीब आ गए हैं। वहीं न्यूजीलैंड ने अब भारत की पहली पारी के 165 से ज्यादा रन बना लिए हैं। 

09:38 (IST)22 Feb 2020
विलियमसन की फिफ्टी पूरी

न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन शानदार लय में दिख रहे हैं और अर्धशतक जमाकर खेल रहे हैं। टेलर भी अच्छी लय में दिख रहे हैं। 

09:20 (IST)22 Feb 2020
शुरू हुआ तीसरे सत्र का खेल

पहले टेस्ट के दूसरे दिन के आखिरी सत्र का खेल अब शुरू हो गया है। भारत को विकेट की दरकार होगी और न्यूजीलैंड एक लंबी साझेदारी बनाने की कोशिश करेगी। 

09:00 (IST)22 Feb 2020
टी-ब्रेक तक का हाल

टी-ब्रेक का समय हो गया है और न्यूजीलैंड की टीम ने भारत की पहली पारी के 165 रनों के जवाब में दो विकेट खोकर 116 रन बना लिए हैं। केन विलियमसन 46 तो टेलर 16 रन बनाकर खेल रहे हैं।

08:42 (IST)22 Feb 2020
न्यूजीलैंड का शतक पूरा

35वें ओवर का खेल चल रहा है और भारत की पहली पारी के जवाब में उतरी न्यूजीलैंड ने विलियमसन के शानदार चौके के साथ टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचा दिया है। 

08:32 (IST)22 Feb 2020
इशांत शर्मा ने दिलाई सफलता

भारत को लगातार विकेट की दरकार होगी, इशांत शर्मा अच्छी लय में गेंदबाजी कर रहे हैं। केन विलियमसन अपने अर्धशतक की ओर बढ़ रहे हैं। 

08:04 (IST)22 Feb 2020
अर्धशतक की ओर बढ़ रहे विलियमसन-ब्लंडेल

लेथम का विकेट गिरने के बाद विलियमसन और ब्लंडेल दोनों खतरनाक अंदाज में खेलते दिख रहे हैं। 25  ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 72 पर पहुंच गया है। 

07:39 (IST)22 Feb 2020
50 के पार न्यूजीलैंड

पहली पारी में भारत के 165 रनों के जवाब में न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 53 रन बना लिए हैं। विलियमसन और ब्लंडेल दोनों खतरनाक लय में दिख रहे हैं। 

07:33 (IST)22 Feb 2020
ब्लंडेल का चौका

लेथम का विकेट गिरने के बाद केन विलियमसन और ब्लंडेल शानदार लय में बल्लेबाजी करते दिख रहे हैं। दोनों धैर्य के साथ बल्लेबाजी करते हुए चौके जड़ रहे हैं। न्यूजीलैंड का स्कोर 43 पर पहुंच गया है। 

07:24 (IST)22 Feb 2020
विलियमसन ने जड़ा चौका

न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन शानदार लय में दिख रहे हैं। भारत को इस स्टार खिलाड़ी के विकेट की दरकार होगी। ब्लंडेल भी अच्छी लय में दिख रहे हैं। 

06:54 (IST)22 Feb 2020
गिरा विकेट

आखिरकार जिसका इंतजार था, वह लम्हा आ गया। इशांत शर्मा ने भारत को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने टॉम लाथम को विकेट के पीछे ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया। लाथम ने 30 गेंद पर 11 रन बनाए। लाथम के आउट होने पर न्यूजीलैंड टीम के कप्तान केन विलियम्सन क्रीज पर आए हैं।

06:49 (IST)22 Feb 2020
ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे ब्लंडेल

लंच के बाद पहला ओवर लेकर मोहम्मद शमी आए। उनकी दूसरी ही गेंद पर टॉम ब्लंडेल ने चौका जड़ दिया। ब्लंडेल ने 10वें ओवर की पांचवीं गेंद पर भी चौका जड़ा।10 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 26 रन है। ब्लंडेल 32 गेंद पर 15 और लाथम 28 गेंद पर 11 रन बनाकर खेल रहे हैं। 

06:41 (IST)22 Feb 2020
दोनों ओपनर क्रीज पर

न्यूजीलैंड ने पहली पारी में दूसरे दिन लंच के समय तक 8 ओवर में बिना विकेट खोए 17 रन बना लिए हैं। टॉम ब्लंडेल 6 और टॉम लाथम 11 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

06:27 (IST)22 Feb 2020
साउदी-जैमिसन ने झटके 4-4 विकेट

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में भारतीय टीम पहली पारी में 165 रन पर सिमट गई। न्यूजीलैंड की ओर से टिम साउदी और काइल जैमिसन ने 4-4 विकेट चटकाए। न्यूजीलैंड की ओर से टिम साउदी और काइल जैमिसन ने 4-4 विकेट चटकाए। अब न्यूजीलैंड का जल्द से जल्द बोरिया बिस्तर बांधने के लिए जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी को कातिलाना अंदाज में गेंदबाजी करनी होगी।