पीठ की चोट के कारण 11 महीने मैदान से बाहर रहे भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने बेहतरीन वापसी की है। भारत और आयरलैंड के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज में जसप्रीत बुमराह कप्तान हैं और वह टीम को फ्रंट सीट से लीड कर रहे हैं। गेंदबाजी के साथ-साथ उनकी कप्तानी की भी तारीफ हो रही है। पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने उनकी कप्तानी को सराहा है। आयरलैंड के खिलाफ रविवार को दूसरे टी20 में युवा रिंकू सिंह और शिवम दुबे ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। आखिरी 2 ओवर में 42 रन बने। इसके बाद भी पूर्व ओपनर वसीम जाफर को लगता है कि शिवम दुबे को रिंकू सिंह से पहले बल्लेबाजी के लिए भेजना चाहिए था।

इरफान पठान ने जसप्रीत बुमराह की कप्तानी की तारीफ करते हुए ट्वीट किया, “लीडर जसप्रीत बुमराह को पसंद करने के बहुत कारण हैं। वह गेंदबाजों की ताकत का बेहतरीन तरीके से उपयोग करते हैं!” जसप्रीत बुमराह की कप्तानी से केवल इरफान पठान प्रभावित नहीं हैं। इस तेज गेंदबाज का कप्तान के तौर पर प्रभाव ऐसा है कि एशिया कप के लिए सोमवार, 21 अगस्त 2023 को टीम इंडिया के चयन से पहले उन्हें उप कप्तान का दावेदार माना जा रहा है। हार्दिक पांड्या से यह जिम्मेदारी छीन सकती है।

शिवम दुबे को स्पिन के खिलाफ भेजा जाए

रिंकू सिंह और शिवम दुबे की बेहतरीन बल्लेबाजी के दमपर टीम इंडिया ने 5 विकेट पर 185 रन का स्कोर खड़ा किया। रिंकू सिंह ने 21 गेंद पर 3 छक्के और 2 चौके की ममद से 38 रन बनाए और शिवम दुबे ने 16 गेंद पर 2 छक्कों की मदद से 22 रन बनाए। भारत की पारी खत्म होने के बाद वसीम जाफर ने ट्वीट करके कहा, “अंतिम दो ओवरों में बड़ी समाप्ति, लेकिन मुझे लगता है कि संसाधनों का बेहतर उपयोग तब होगा जब दुबे को स्पिन के खिलाफ खेलने को भेजा जाएगा और रिंकू को डेथ ओवर्स के लिए रोककर रखना चाहिए। हालांकि,यह अभी भी एक अच्छा स्कोर है।”

आखिरी 5 ओवर में 60 रन बने,लेकिन इनमें से 42 रन सिर्फ 2 ओवर में आए

वसीम जाफर ने यह बात क्यों कही? रिंकू सिंह का साथ देने शिवम दुबे 16वें ओवर में आए जब ऋतुराज गायकवाड़ 58 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद 3 ओवर में सिर्फ 14 रन बने। 18 ओवर तक टीम इंडिया का स्कोर 4 विकेट पर 143 रन था। जब ऋतुराज आउट हुए तो टीम इंडिया का स्कोर 15.1 ओवर में 129 रन था। आखिरी 5 ओवर में 60 रन बने,लेकिन इनमें से 42 रन सिर्फ 2 ओवर में आए। शिवम दुबे काफी संघर्ष करते नजर आए। उन्होंने पहली बाउंड्री 14 गेंद खेलने के बाद लगाई।

शिवम दुबे का स्पिनर्स के खिलाफ रिकॉर्ड

शिवम दुबे का टीम इंडिया में चयन इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए बेहतरीन प्रदर्शन के कारण हुआ है। उन्होंने 16 मैच में 38 के औसत और 158.33 के स्ट्राइक रेट से 418 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 12 चौके और 35 छक्के लगाए। 35 में 22 छक्के उन्होंने स्पिनर्स के खिलाफ लगाए। अगर वह बेनजामिन व्हाइट के खिलाफ खेलने आते तो टीम इंडिया का स्कोर 200 के पार पहुंच सकता था।