भारतीय टीम मंगलवार को 11 साल बाद दिल्ली में मुकाबला खेलने उतरी। टीम के सामने थी वर्ल्ड चैपियन जर्मनी। वही जर्मनी जिसने ओलंपिक के सेमीफाइनल मुकाबले में भारत को हराया था। भारत को दिल्ली में जीत तो नहीं मिली लेकिन भारत के सरपंच साहब ने दिल्ली वालों का दिल जरूर जीत लिया।

गर्मी में भी मैच देखने पहुंचे फैंस

मैच दोपहर तीन बजे शुरू हुआ। गर्मी और धूप के बीच भी फैंस का हुजूम मैच देखने उमड़ा। स्टेडियम के बाहर फैंसकी लाइन लगी थी। यह प्यार टीम इंडिया के लिए था। मैच के दौरान भारतीय टीम पिछड़ रही थी लेकिन फैंस को जोश उनकी हिम्मत बढ़ा रहा था। वह भारत माता की जय से लेकर जय हिंद के नारे लगा रहे थे।

हार के बाद भी सरपंच साहब की गूंज

मैच के बाद भी फैंस निराश नहीं हुए। वह अपने हॉकी खिलाड़ियों की एक झलक के लिए स्टेडियम और स्टैंड्स के बीच जाली पर आकर खड़े हो गए। टीम के खिलाड़ी मिक्स्ड जोन में मीडिया से बात करके फैंस का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे। हरमनप्रीत सिंह ने मीडिया मिक्स्ड जोन में काफी समय बिताया। फैंस बड़ी बेसब्री से सरपंच साहब का इंतजार कर रहे थे।

हरमनप्रीत से मिलने जाली के ऊपर से कूद पड़े फैंस

हरमनप्रीत जैसे ही मीडिया से बात करके फैंस की ओर मुड़े स्टेडियम सरपंच साहब के नारे लगने लगे। हरमनप्रीत कौर पहले तो स्टैंड्स के पास ही खड़े होकर हाथ हिला रहे थे। थोड़ी देर बाद वह जाली के पास पहुंचे तो फैंस उनसे हाथ मिलाने के लिए जाली के ऊपर चढ़ गए। हरमन ने हाथ स्ट्रेच किया और मिलाया। वहीं कुछ फैंस कूदकर मैदान पर आए।

एक फैन ने हरमनप्रीत सिंह के पैर छुए और उन्हें लगाया। कुछ ही देर में एक और फैन जाली के ऊपर से कूदा और हरमन के पैरों में पड़ गया। क्रिकेट के मैदान पर यह नजारा कई बार दिखा लेकिन हॉकी के मैदान ऐसा हर रोज नहीं होता। दिल्ली में दिल्ली वालों ने हॉकी टीम के लिए दिल खोल कर रख दिया।

हरमनप्रीत ने सबसे छोटी फैन से की मुलाकात

इसके बाद सरपंच साहब आगे बढ़े जहां कुछ और फैंस उनका इंतजार कर रहे थे। वह खड़े एक परिवार ने छोटी बच्ची को हरमनप्रीत सिंह की गोद में दे दिया। हरमन अपनी इस छोटी सी फैन को गोद में लेने के लिए कुर्सी पर चढ़ गए। काफी भावुक दिखाई दे रहे थे। उन्होंने बच्ची के साथ तस्वीरें ली और फिर परिवार वालों को उनके प्यार के लिए धन्यवाद दिया। हरमन के मैदान से वापस जाते समय तक फैंस सरपंच साहब को बुलाते रहे।