भारतीय टीम ने रविवार को इंग्लैंड को तीसरे टेस्ट में जीत के लिए 557 रन का लक्ष्य दिया। भारत को पहली पारी के बाद 126 रन की लीड हासिल हुई थी। कप्तान रोहित शर्मा ने मैच के चौथे दिन 430/4 के स्कोर पर दूसरी पारी घोषित की। भारत की ओर से दूसरी पारी में यशस्वी जायसवाल ने 214 और शुभमन गिल ने 91 रन की पारी खेली। सरफराज खान ने भी 68 रनों का अहम योगदान दिया।
यशस्वी जायसवाल हो गए थे रिटायर हर्ट
इंग्लैंड को पहली पारी में 319 रन पर समेटने के बाद खेलने उतरी भारतीय टीम ने कप्तान रोहित शर्मा (19) का विकेट जल्दी गंवा दिया। पहली पारी के शतकवीर रोहित जो रूट की गेंद पर स्लॉग स्वीप शॉट लगाने की कोशिश में एलबीडब्ल्यू हो गए। गिल ने पहली पारी की निराशा को पीछे छोड़ते हुए पांचवां अर्धशतक जड़ा। जायसवाल ने 104 रनों की पारी खेली लेकिन फिर कमर में दर्द के कारण रिटायर हर्ट हो गए। रजत पाटीदार क्रीज पर उतरे लेकिन वह खाता भी नहीं खोल सके और रेहान अहमद की गेंद पर आउट हो गये।
चौथे दिन सधी हुई शुरुआत
भारत ने चौथे दिन सुबह दो विकेट पर 196 रन से आगे खेलना शुरू किया। गिल और कुलदीप यादव (27) ने एक घंटे तक इंग्लैंड को सफलता नहीं मिलने दी और चौथे विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी की। कुलदीप ने अपने जोड़ीदार की तुलना में अधिक आक्रामक रवैया अपनाया और टॉम हार्टली की गेंद पर छक्का भी लगाया। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच गलतफहमी के कारण गिल को अपना विकेट गंवाना पड़ा।
कुलदीप यादव भी आउट
कुलदीप ने हार्टले की गेंद को मिड ऑन की तरफ खेला और कुछ कदम तक रन लेने के लिए आगे बढ़े। बेन स्टोक्स ने हालांकि फुर्ती दिखाई और तुरंत ही गेंद को गेंदबाज की तरफ फेंका जिन्होंने गिल को रन आउट कर दिया। भारत के तीसरे नंबर के बल्लेबाज गिल ने अपनी पारी में 191 गेंद खेली तथा 9 चौके और दो छक्के लगाए। कुलदीप की 91 गेंद तक चली पारी का अंत रेहान अहमद ने किया, जिनकी गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर पहली स्लिप में जो रूट के सुरक्षित हाथों में चली गई।